Overview:घर में छिपा ये नैचुरल उपाय, फफूंदी को करेगा जड़ से खत्म
घर की दीवारों और बाथरूम में जमी फफूंदी न सिर्फ गंदगी बढ़ाती है, बल्कि सेहत के लिए भी नुकसानदायक हो सकती है। इस स्टोरी में एक आसान और नैचुरल उपाय बताया गया है, जिससे दीवारों, टाइल्स और कोनों में जमी फफूंदी को साफ किया जा सकता है। सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह तरीका बदबू कम करता है और फफूंदी दोबारा बनने से रोकने में भी मदद करता है।
Natural Remedy for Fungus: घर की दीवारों, बाथरूम या कोनों में काली या हरी फफूंदी (mold) दिखे तो उसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। फफूंदी न सिर्फ घर की खूबसूरती बिगाड़ती है, बल्कि सेहत के लिए भी नुकसानदेह होती है। इससे एलर्जी, सांस की तकलीफ और स्किन प्रॉब्लम्स हो सकती हैं। इसलिए इसे हटाना बेहद जरूरी है।
बाजार में मिलने वाले केमिकल क्लीनर से भले ही फफूंदी हट जाए, लेकिन ये सॉल्यूशन न तो पूरी तरह सुरक्षित होते हैं और न ही बच्चों और पालतू जानवरों के लिए सही। ऐसे में टी ट्री ऑयल एक नेचुरल, सेफ और असरदार तरीका है, जिससे आप बिना कैमिकल्स के फफूंदी को आसानी से हटा सकते हैं।
टी ट्री ऑयल एक नेचुरल एंटीफंगल और एंटीबैक्टीरियल तेल है, जो फफूंदी के स्पोर्स को खत्म करने और दोबारा उगने से रोकने में मदद करता है। इस लेख में जानिए इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका, जरूरी सावधानियां और कैसे ये बना सकता है आपके घर को एक हेल्दी और क्लीन जगह।
फफूंदी का दुश्मन – टी ट्री ऑयल

टी ट्री ऑयल में पाए जाने वाले तत्व जैसे टर्पिनेन-4-ऑल फफूंदी को जड़ से खत्म करने की ताकत रखते हैं। ये न सिर्फ फफूंदी के स्पोर्स को तोड़ते हैं, बल्कि दोबारा उगने से भी रोकते हैं। इसके अलावा, यह तेल सतह के अंदर तक पहुंचकर भी काम करता है, जहां फफूंदी अक्सर छिपी होती है। बाजार में मिलने वाले कई क्लीनर सिर्फ ऊपर-ऊपर से साफ करते हैं, लेकिन टी ट्री ऑयल घर के कोनों, लकड़ी, दीवार या फर्नीचर की दरारों में छिपी फफूंदी तक पहुंचकर उसे पूरी तरह से खत्म कर देता है। इसकी खुशबू भी ताज़गी देती है और हवा को साफ करने में मदद करती है।
घर पर बनाएं सस्ता क्लीनर
टी ट्री ऑयल से फफूंदी हटाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है। एक स्प्रे बोतल में 1 कप पानी लें और उसमें 1 टीस्पून टी ट्री ऑयल डालें। अब इस मिक्सचर को अच्छे से हिलाएं ताकि ऑयल पानी में अच्छी तरह मिल जाए। तैयार हो गया आपका नेचुरल फफूंदी क्लीनर! इसे आप सीधा उस जगह पर स्प्रे कर सकते हैं जहां फफूंदी नजर आए। न तो आपको किसी महंगे केमिकल की जरूरत है और न ही किसी सफाई वाले प्रोडक्ट की। ये घरेलू तरीका सस्ता, सेफ और असरदार है। रोजमर्रा की सफाई में भी आप इसे इस्तेमाल कर सकते हैं।
ऐसे करें सही इस्तेमाल
जब टी ट्री ऑयल वाला सोल्यूशन तैयार हो जाए, तो उसे सीधा फफूंदी वाली जगह पर स्प्रे करें। ध्यान रखें कि इसे लगाने के बाद कम से कम 1 घंटे तक ऐसे ही छोड़ दें। इस दौरान ऑयल अपना काम करेगा और फफूंदी के स्पोर्स को खत्म करेगा। फिर एक साफ कपड़े या स्पंज की मदद से उस जगह को साफ कर लें। अगर फफूंदी ज्यादा गहरी है तो 2-3 बार ये प्रक्रिया दोहरानी पड़ सकती है। इस तरीके से बिना स्क्रबिंग किए फफूंदी को हटाना आसान हो जाता है और सतह को भी कोई नुकसान नहीं होता।
रखें ये छोटी सावधानियां
भले ही टी ट्री ऑयल नेचुरल हो, लेकिन फिर भी इसका इस्तेमाल करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सबसे पहले तो यह ध्यान दें कि जिस कमरे में आप इसका इस्तेमाल कर रहे हैं, वहां हवा आनी-जानी चाहिए। इसकी खुशबू थोड़ी तेज होती है जो कुछ लोगों को चुभ सकती है। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या आपको किसी भी एसेंशियल ऑयल से एलर्जी है, तो दस्ताने पहनकर इसका इस्तेमाल करें। आंखों में न जाए इसका भी खास ध्यान रखें। इन छोटी सावधानियों से आप बिना किसी परेशानी के टी ट्री ऑयल का फायदा उठा सकते हैं।
सफाई के बाद रखें नज़र
जब आप एक बार टी ट्री ऑयल वाला सोल्यूशन लगाकर फफूंदी हटाते हैं, तब भी उस जगह पर अगले कुछ दिनों तक नजर बनाए रखें। अगर थोड़ी बहुत फफूंदी दोबारा उभरती है तो फिर से स्प्रे करें। कई बार नमी और हवा की कमी से फफूंदी दोबारा उग जाती है, इसलिए उस जगह को सूखा और हवादार रखें। चाहें तो हफ्ते में एक बार टी ट्री ऑयल वाला हल्का स्प्रे कर सकते हैं ताकि फफूंदी फिर न आए। इस तरह थोड़े से ध्यान और नेचुरल उपाय से आपका घर हमेशा साफ, सुरक्षित और हेल्दी बना रहेगा।
