Dishes for Rainy Season: बारिश की हल्की बूँदों के साथ जब ठंडी-ठंडी हवा चलती है, तो मन अपने आप कुछ गरमा-गरम और स्वादिष्ट खाने को मचल उठता है। इस मौसम की खास बात ही यही है कि एक कप चाय के साथ अगर कुछ क्रिस्पी या मसालेदार साथ हो, तो परिवार के साथ बिताए पल और भी यादगार बन जाते हैं। तो आइए, इस बारिश के मौसम को और भी स्वादिष्ट बनाने के लिए जानते हैं ऐसी बेहतरीन डिशेज़ के बारे में, जिन्हें आप अपने घर में आसानी से बना सकते हैं और अपने परिवार के साथ एंजॉय कर सकते हैं।
पकोड़े
बारिश की बात हो और पकोड़ों का ज़िक्र न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। आलू, प्याज़, गोभी या पनीर – किसी भी सब्ज़ी से बने पकोड़े गरमा-गरम चाय के साथ कमाल का कॉम्बिनेशन बनाते हैं। हल्की-फुल्की सी बारिश में बालकनी में बैठकर कुरकुरे पकोड़ों का आनंद लेना एक अलग ही एहसास देता है। हरी चटनी या इमली की मीठी चटनी के साथ परोसें और परिवार के साथ इन पलों को और खास बनाएं।
भुट्टा (मकई)
बारिश में भीगते हुए सड़क किनारे भुट्टा खाना किसे नहीं पसंद? लेकिन अब आप इसे घर पर भी बना सकते हैं। थोड़ा नींबू, नमक और मसाला डालकर सेंका हुआ भुट्टा एकदम देसी और हेल्दी स्नैक है। यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है और मॉनसून की फील को दोगुना कर देता है।
वेज मोमोज विद स्पाइसी चटनी
ठंडी हवाओं और बूंदों के बीच गरमागरम मोमोज़ एकदम परफेक्ट स्ट्रीट फूड है जिसे आप घर पर भी बना सकते हैं। इसकी स्टफिंग में आप मिक्स वेजिटेबल्स का इस्तेमाल करें और साथ में तीखी लाल चटनी ज़रूर परोसें। बच्चों के लिए ये खासतौर पर एक ट्रीट की तरह होता है।
पाव भाजी
जब बारिश में बाहर निकलना मुमकिन न हो और कुछ मसालेदार खाने का मन हो, तो पाव भाजी बनाना एक शानदार विकल्प है। ढेर सारी सब्जियों को मिलाकर बनी स्पाइसी भाजी और मक्खन में तला हुआ पाव – ये कॉम्बिनेशन परिवार के हर सदस्य को खुश कर देता है।
हॉट एंड सॉर सूप
बारिश में जब हल्की ठंड लगने लगे, तब एक बाउल गरमागरम हॉट एंड सॉर सूप शरीर और मन दोनों को गर्म कर देता है। सब्जियों से भरपूर और हल्के मसालों वाला ये सूप इम्यूनिटी के लिए भी अच्छा है और टेस्ट में भी लाजवाब।
समोसा
मानसून के मौसम में समोसा एक बेहतरीन और चटपटा नाश्ता साबित हो सकता है। अब वो ज़माना गया जब समोसा सिर्फ आलू वाला ही होता था। आजकल समोसे की इतनी सारी वैरायटी मौजूद हैं कि आप अपनी पसंद के हिसाब से चुन सकते हैं—पास्ता समोसा, मिर्च-पनीर समोसा, न्यूट्रिया समोसा, कीमा समोसा और न जाने कितने अनोखे फ्लेवर!
मसाला चाय
बारिश की रिमझिम के बीच छत पर बैठकर, हाथ में मसाला चाय का प्याला और कानों में आपका पसंदीदा म्यूज़िक—इससे बेहतर अनुभव क्या हो सकता है? अदरक और इलायची से भरी एक कड़क चाय न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि आपके मूड को भी ताज़ा कर देती है।
कचौरी
सोचिए ज़रा, गर्म-गर्म मसालेदार आलू की सब्जी के साथ कुरकुरी कचौरी… मानसून में इससे ज़्यादा टेस्टी कुछ और हो सकता है क्या? अगर आप इसे कुछ फ्राई और चिप्स के साथ परोसें, तो बात ही कुछ और हो जाती है—जैसे केक पर चेरी!
