Leftover Snacks Recipe
Leftover Snacks Recipe

Leftover Snacks Recipe: जब रात को खाना बच जाता है तो समझ नही आता उसका क्या करें । न तो फेकने का मन करता है और न ही खाने का | क्या हम आपको बताएं कि यही बचा हुआ खाना कुछ क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल करके आप स्वादिष्ट और स्टाइलिश स्नैक्स बना सकते हैं? जी हां, रात के बचे खाने को दोबारा गर्म करने के बजाय, आप उससे कुछ नया और टेस्टी बना सकते हैं जो हर किसी को पसंद आए।

चाहे बचे हुए चावल हों, रोटी हो या सब्ज़ी – हर चीज़ का नया रूप दिया जा सकता है। ऐसे स्नैक्स बच्चों के टिफिन से लेकर शाम की चाय तक के लिए एकदम परफेक्ट होते हैं। इससे न सिर्फ खाना बर्बाद होने से बचेगा, बल्कि आपकी कुकिंग स्किल्स की भी तारीफ होगी।

इस लेख में हम आपके लिए लाए हैं कुछ शानदार और स्टाइलिश स्नैक्स की रेसिपी जो आप आसानी से घर पर बना सकते हैं। ये रेसिपीज़ न सिर्फ आसान हैं, बल्कि हर उम्र के लोगों के स्वाद को ध्यान में रखते हुए बनाई गई हैं। आइए जानते हैं इन मज़ेदार स्नैक्स के बारे में!

बचे हुए चावल से कुरकुरे राइस बॉल्स

अगर रात में उबले हुए चावल बच गए हैं, तो उन्हें फ्राई करके खाने की बजाय कुछ स्टाइलिश ट्राय करें। चावल में थोड़ा मैश किया हुआ आलू, नमक, मिर्च, चिली फ्लेक्स और थोड़ा चीज़ मिलाकर छोटे बॉल्स बना लें। इन्हें ब्रेडक्रम्ब्स में लपेटकर डीप फ्राई करें। ये कुरकुरे राइस बॉल्स बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट होते हैं, जो बच्चों को भी बहुत पसंद आते हैं। इन्हें टोमैटो सॉस या मिंट चटनी के साथ सर्व करें। चावल का सही इस्तेमाल करने का ये तरीका स्वाद में परफेक्ट है।

बची हुई रोटियों से चीज़ी रोल्स

रात की बची रोटियों से आप अगले दिन थोड़ा ट्विस्ट ला सकते हैं। रोटियों में बची हुई सब्ज़ी या उबले आलू और चीज़ भरें, रोल करें और तवे पर हल्का घी लगाकर सेंकें। ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला छिड़कें और तैयार हैं गर्मागर्म चीज़ी रोटि रोल्स। ये रोल्स स्नैक के लिए एकदम परफेक्ट हैं और न सिर्फ स्वादिष्ट, बल्कि हेल्दी भी होते हैं। आप चाहें तो इन रोल्स को बच्चों के टिफिन में भी रख सकते हैं। यह तरीका न केवल खाना बचाने में मदद करेगा बल्कि एक नया जायका भी देगा।

बची हुई सब्ज़ियों से मिक्स वेज कटलेट

कभी-कभी रात की सब्ज़ियां जैसे आलू-भिंडी, मिक्स वेज या पनीर की भुजिया बच जाती हैं। इन्हें थोड़ा मैश करें, उसमें ब्रेडक्रम्ब्स और मसाले मिलाएं और छोटे-छोटे कटलेट बना लें। इन कटलेट्स को तवे पर सेंक लें या थोड़ा तेल डालकर shallow fry करें। ये हेल्दी भी हैं और स्वाद में भी जबरदस्त। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को ये मिक्स वेज कटलेट्स खूब भाएंगे। साथ में हरी चटनी या टोमैटो सॉस दे सकते हैं। यह स्नैक न सिर्फ बचे हुए खाने का स्मार्ट उपयोग है, बल्कि यह आपके खाने को बिल्कुल नया रूप भी देता है।

बचे हुए दाल-चावल से हेल्दी चीला

अगर आपके पास बची हुई दाल और चावल हैं, तो आप उससे प्रोटीन से भरपूर चीला बना सकते हैं। चावल और दाल को मिक्सी में पीसकर उसमें प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और मसाले डालें। इस बैटर को तवे पर डालें और दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें। यह हेल्दी, टेस्टी और जल्दी बनने वाला स्नैक है। बच्चों को यह डोसे जैसा लगता है, और बड़े इसे हेल्दी ब्रेकफास्ट या शाम के स्नैक के रूप में खा सकते हैं। यह तरीका खाने को खराब होने से बचाने के साथ-साथ स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखता है।

रात की रोटी से मसाला खाखरा

अगर आपके पास रात की बची हुई रोटियां हैं तो उन्हें कुरकुरा मसाला खाखरा बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है। रोटी पर हल्का सा घी लगाकर तवे पर दोनों तरफ से धीमी आंच पर कुरकुरा होने तक सेंकें। उस पर चाट मसाला, नमक, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा धनिया पाउडर छिड़कें I तैयार है झटपट बनने वाला मसाला खाखरा जो चाय के साथ एकदम परफेक्ट लगता है। ये हेल्दी भी है और बिना तले हुए एक अच्छा ऑप्शन है। साथ ही, यह स्नैक लाइट होता है और देर शाम को भूख मिटाने के लिए बेस्ट है।

बचे हुए दाल-चावल से हेल्दी टिक्की

अगर आपके पास दाल और चावल दोनों बचे हैं, तो उन्हें मिलाकर स्वादिष्ट और हेल्दी टिक्की बनाई जा सकती है। दाल और चावल को अच्छे से मिक्स करें, उसमें थोड़ा बेसन, कटी हरी मिर्च, धनिया पत्ता, नमक और मसाले डालें। इस मिश्रण से छोटे-छोटे टिक्की बनाएं और तवे पर हल्का तेल डालकर दोनों तरफ से सेंकें। ये टिक्की प्रोटीन और कार्ब्स से भरपूर होती हैं और खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती हैं। इन्हें आप मिंट सॉस या दही के साथ सर्व कर सकते हैं।

रोटी और बची सब्ज़ी से क्विक वेज रोल

अगर आपके पास रोटी और सब्जी दोनों बची हुई हैं, तो बस थोड़ा सा चीज़ और सॉस जोड़ें और बनाएं टेस्टी वेज रोल। रोटी को गर्म करें, उस पर हल्का सा टमाटर सॉस या मयो लगाएं, फिर बची हुई सब्जी फैलाएं और ऊपर से थोड़ा कद्दूकस किया हुआ चीज़ डालें। अब इसे रोल करें और ग्रिल पैन या तवे पर सेक लें। यह क्विक वेज रोल बच्चों के लंच बॉक्स के लिए भी परफेक्ट है। इसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि कोई पहचान भी नहीं पाएगा कि ये बचे हुए खाने से बना है।

मेरा नाम दिव्या गोयल है। मैंने अर्थशास्त्र (Economics) में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है और उत्तर प्रदेश के आगरा शहर से हूं। लेखन मेरे लिए सिर्फ एक अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज से संवाद का एक ज़रिया है।मुझे महिला सशक्तिकरण, पारिवारिक...