काम के बोझ तले दब गए हैं पति तो ऐसे करें मदद
आपके पति ऑफिस के काम के बोझ तले दबे हुए हैं और काम के कारण परेशान हैं। ऐसे में उनके इस बदलाव को लेकर उनसे झगड़ा करने के बजाए उनका साथ दें और उनकी मदद करें।
Support your Spouse : क्या आपके पति जब ऑफिस से घर आते हैं तो थके-थके से रहते हैं? कुछ भी कहो तो एकदम गुस्सा हो जाते हैं? यहाँ तक कि छुट्टी वाले दिन भी बच्चों के लिए समय नहीं निकाल पाते हैं? हर समय बस ऑफिस का काम ही करते रहते हैं तो आप बिना देर किए हुए समझ जाइए कि आपके पति ऑफिस के काम के बोझ तले दबे हुए हैं और काम के कारण परेशान हैं। ऐसे में उनके इस बदलाव को लेकर उनसे झगड़ा करने के बजाए उनका साथ दें और उनकी मदद करें, ताकि आपके साथ और प्यार से उनका प्रेशर कम हो।
पति को तनावमुक्त रखने की कोशिश करें

ऑफिस के ज्यादा काम के कारण पति का तनाव में रहना लाजिमी है, क्योंकि उनके ऊपर अच्छा परफॉर्म करने का प्रेशर बना रहता है। ऐसे में आप चाहेंगी कि वे आपकी केयर करें और आपकी हर बात को बिना कहे समझ जाएँ तो रिश्ते में ऐसा संभव नहीं है। इस स्थिति में आपको अपने पति का ध्यान रखना चाहिए और कोशिश करनी चाहिए कि आप छोटी-छोटी चीजों से उन्हें खुश रखें, ताकि पति जब घर आएं तो उन्हें अच्छा लगे।
पति को प्रोत्साहित करें

कई बार ऐसा भी होता है कि ऑफिस में बॉस की डांट सुनने के बाद पति का आत्मविश्वास एकदम से कम हो जाता है। उन्हें ऐसा लगने लगता है कि वे अब कोई भी काम अच्छे से नहीं कर पाएंगे, उन्हें कुछ भी नहीं आता है। ऐसे में आपको अपने पति को प्रोत्साहित करना चाहिए और अपनी बातों से उनका खोया हुआ आत्मविश्वास वापस लाने में उनकी मदद करनी चाहिए, ताकि वे फिर से काम में अच्छा कर पाएं।
खाने में बनाएं मनपसंदीदा खाना

कई बार ऑफिस में दिन अच्छा नहीं गुजरने पर उदासी महसूस होती है। ऐसे में आप पति की उदासी को अपनी कुकिंग कला से दूर करें। आप उनके लिए खाने में अच्छी-अच्छी चीजें व उनका मनपसंदीदा खाना बनाएं, ताकि पति को खा कर अच्छा लगे और उनका मूड बदल जाए।
घर में शोर करने से बचें

जब ऑफिस में काम का बहुत ज्यादा प्रेशर होता है तो व्यक्ति को एकदम अच्छा नहीं लगता है। ऐसे में घर में हल्का सा भी शोर होने पर एकदम से गुस्सा आना लाजिमी होता है। ऐसे में आप अपनी तरफ से कोशिश करें कि घर में किसी भी तरह का शोर शराबा ना हो, बल्कि घर का माहौल खुशनुमा बना रहे, ताकि पति को भी इस खुशनुमा माहौल में अच्छा लगे और वे काम के प्रेशर को भूल कर अपनों के साथ समय बिताएं।
पति को समझने की कोशिश करें
एक पत्नी के रूप में यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप अपने पति को समझने की कोशिश करें कि आखिर पति के ऑफिस में ऐसा क्या हो रहा है जिसकी वजह से वे इतने ज्यादा परेशान रहते हैं। साथ ही उनके साथ मिलकर कोई रास्ता निकालने में उनकी मदद करें और सहयोग दें।
