Overview:
पीरियड ब्लड फेशियल में युवतियां या महिलाएं अपने पीरियड ब्लड को चेहरे पर लगाती हैं। सोशल मीडिया पर इसके लंबे चौड़े फायदे भी गिनाए जाते हैं। लेकिन असलियत इससे बिलकुल अलग है।
Period Blood Facial is Good or Bad: खूबसूरत दिखने की चाहत में लोग आजकल कुछ भी करने को तैयार हैं। सोशल मीडिया के इस दौर में आए दिन ग्लोइंग स्किन के लिए नया ट्रेंड आता है और देखते ही देखते लोग बिना कुछ सोचे समझे उसे फॉलो करने लगते हैं। ऐसा ही एक ट्रेंड है ‘पीरियड ब्लड फेशियल’। जी हां, यह अजीब फेशियल इन दिनों न सिर्फ ट्रेंड कर रहा है, बल्कि लोगों की पसंद बना हुआ है। दावा किया जाता है कि इससे स्किन पर चमक आती है, रंग साफ होता है, झुर्रियां दूर हो जाती हैं और फाइन लाइंस गायब हो जाती हैं। अगर आपने भी इस फेशियल के बारे में सुना है और इसे ट्राई करने का मन बना रही हैं तो इससे पहले जान लें कि आखिर ये दावे कितने सही हैं।
जानें आखिर क्या है पीरियड ब्लड फेशियल

पीरियड ब्लड फेशियल में युवतियां और महिलाएं अपने पीरियड ब्लड को चेहरे पर लगाती हैं। सोशल मीडिया पर इसके लंबे चौड़े फायदे भी गिनाए जाते हैं। लेकिन असलियत इससे बिलकुल अलग है। हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि यह एक बेवजह का फितूर है, जिससे आपको फायदा नहीं, बल्कि नुकसान हो सकता है। यह बिलकुल भी हाइजेनिक नहीं है। दरअसल, अक्सर लोग इसे ही वैंपायर फेशियल समझ लेते हैं। जबकि दोनों में जमीन आसमान का अंतर है। वैंपायर फेशियल में मरीज के खून से प्लेटलेट रिच प्लाज्मा लिया जाता है और फिर इसे ही चेहरे में इंजेक्शन के माध्यम से इंजेक्ट किया जाता है। हेल्दी प्लाज्मा के कारण चेहरे की झुर्रियां और फाइन लाइंस दूर होती हैं और स्किन पर ग्लो आता है। वहीं पीरियड ब्लड फेशियल में पैड, टेंपून्स या मेंस्ट्रुअल कप में एकत्रित ब्लड को चेहरे पर लगाया जाता है। जिसके कई नुकसान है।
जानिए क्या कहती है एक्सपर्ट
फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉ. तनुश्री पांडे पडगांवकर ने हाल ही में इस विषय में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। डॉ. तनुश्री का कहना है कि भूलकर भी पीरियड ब्लड को चेहरे पर नहीं लगाना चाहिए। क्योंकि पीरियड ब्लड डैड ब्लड सेल्स से बनता है। यह गर्भाशय की परत से निकलता है, जिसके कारण इसमें इस परत के साथ-साथ ऊतक भी होते हैं। इस खून में एंडोमेट्रियल कोशिकाएं और योनि स्राव भी शामिल होता है। ऐसे में इसको चेहरे पर लगाना आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे न सिर्फ आपके चेहरे पर संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है, बल्कि यह खून आपके पीएच लेवल को भी खराब कर सकता है। कभी कभी इससे चेहरे पर जलन हो सकती है। इसलिए लोगों को प्लाज्मा ब्लड और पीरियड ब्लड में अंतर समझना चाहिए। प्लाज्मा ब्लड में एक बहुत ही सुरक्षित प्रक्रिया को अपनाया जाता है, जिससे उसका फायदा होता है। ध्यान रखें कोई भी खून चेहरे पर लगाने से आपको कभी फायदा नहीं हो सकता है। डॉ. तनुश्री का कहना है कि चेहरे पर निखार लाने के लिए किसी भी ट्रेंड को फॉलो करने से पहले आपको उसके बारे में पूरी जानकारी जरूर लेनी चाहिए। नहीं तो इससे फायदे की जगह नुकसान हो सकता है।
