Stay Fit without Gym
Fitness Tips

फिटनेस ट्रेनिंग के लिए नहीं है टाइम तो कहीं भी कर लें ये एक्सरसाइज

आज हम आपको ऐसे योगा और एक्सरसाइज के बारे में बता रहे हैं जिन्हें आप कहीं भी यहाँ तक कि ऑफिस में भी कर सकते हैं।

Fitness Tips: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हेल्दी और फिट रहना एक बड़ी चुनौती है। वर्क  प्रेशर और समय की कमी के चलते अधिकांश लोग ना तो जिम जाने का समय निकाल पाते हैं ना ही घर में एक्सरसाइज कर पाते हैं। ऐसे में मोटापा के साथ ही वो पीठ दर्द, गर्दन में अकड़न, जोड़ों में ऐंठन और दूसरी कई बीमारियों को भी न्योता देते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है तो आज हम आपको ऐसे योगा और एक्सरसाइज के बारे में बता रहे हैं जिन्हें आप कहीं भी यहाँ तक कि ऑफिस में भी कर सकते हैं। जानते हैं इनके बारे में-

Also read: ये दो साधारण लक्षण होते हैं खतरनाक निमोनिया की वजह, शुरुआत में ही पहचानें: Symptoms of Pneumonia

सीटेड फॉरवर्ड बेंड

Fitness Tips
Seated forward block

यह योगासन आपके मूड को भी बेहतर बनाता है और शरीर को भी। इसको करने के लिए सबसे पहले दोनों पैरों को फैलाकर बैठ जाएं। अब गहरी सांस लें और रीढ़ को लंबा करें, फिर अपने कूल्हों पर टिकाते हुए सांस छोड़ें, अपने धड़ को अपने पैरों के ऊपर मोड़ें। डायबिटीज, लिवर और किडनी के मरीज़ों के लिए इस आसान का अभ्यास फायदेमंद माना जाता है। 

सीटेड स्पाइनल ट्विस्ट

Seated spinal twist
Seated spinal twist

सीटेड स्पाइनल ट्विस्ट ऐसी योग मुद्रा है जो रीढ़ की हड्डी की गतिशीलता को प्रोत्साहित करती है। इसके अलावा यह घुमावदार आसन पेट को टोन करने और पीठ के निचले हिस्से के दर्द को दूर करने में मदद कर सकते हैं। इससे तनाव से राहत और पाचन में सहायता मिलती है। समय की कमी के चलते यह योगाभ्यास हर किसी के लिये एक बढ़िया विकल्प है क्योंकि इसे कुर्सी पर बैठे-बैठे भी कर सकते हैं।

डेस्क प्लैंक

Desk plank
Desk plank

डेस्क प्लैंक भी नॉर्मल प्लैंक की तरह है जिसे आप अपने डेस्क पर ही कर सकते हैं। इससे आपके कोर, बांह, कंधों और पीठ की मांसपेशियों को मज़बूती मिलती है। इसको करने के लिए अपनी डेस्क की ओर मुंह करके खड़े हो जाएं और अपने हाथों को कंधे की चौड़ाई पर किनारे पर रखें। पैरों को पीछे की और ले जाएं ताकि आपका शरीर एक डॉइगनल पर हो, जिससे सिर से एड़ी तक एक सीधी रेखा बन जाए। 20-30 सेकंड के लिए इस प्लैंक स्थिति मे रहें।

फिंगर स्ट्रेच

Finger stretch
Finger stretch

यह बहुत ही आसान एक्सरसाइज है। यह तनाव को कम करने, सर्कुलेशन में सुधार करने और हाथों और कलाइयों में लचीलेपन को बढ़ाता है। इसको करने के लिए अपनी बाहों को कंधे की ऊंचाई पर अपने सामने फैलाएं। अपनी कलाइयों को धीरे से मोड़ें और फैलाएं, फिर अपनी उंगलियों को फैलाएं। प्रत्येक स्ट्रेच को कुछ सेकंड के लिए रोककर रखें।

नेक स्ट्रेच

Neck stretch
Neck stretch

इसको भी आप वर्क प्लेस या कहीं भी कर सकते हैं। इसको करने के लिए अपनी कुर्सी पर आराम से बैठ जाएं और आंखें बंद कर लें। नाक से गहरी सांस लें और फिर अपने मुंह से धीरे-धीरे सांस छोड़ें। साँस लेते समय धीरे से अपने सिर को दाईं ओर झुकाएं, जिससे आपका दाहिना कान आपके दाहिने कंधे के पास आ जाये। सिर को वापस केंद्र में ले जाते हुए सांस छोड़ें। अब बाईं ओर भी ये दोहराएं। इससे गर्दन की मांसपेशियों को आराम मिलता है।

तो, आप भी फिट रहने के लिए बस काम के बीच में ही थोड़ा सा समय निकालिए और ये एक्सरसाइज कर लीजिए।

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...