मारवाड़ी व्यवसायियों की सफलता के 7 मंत्र, सीखें मनी मैनेजमेंट के गुर
आप भी व्यवसाय में सफल होना चाहते हैं और अपने पैसों का सही प्रबंधन करना चाहते हैं तो हम आज आपको मारवाड़ियों से सीखने के लिए यहां सात महत्वपूर्ण व्यावसायिक सबक बता रहे हैं।
Marwadi Money Secrets: भारत में अगर कोई कम्युनिटी बिज़नेस के लिए जानी जाती है तो वो है मारवाड़ी। इसीलिए अक्सर हम सुनते हैं बिज़नेस करना तो कोई मारवाड़ियों से सीखे। अगर आप भी व्यवसाय में सफल होना चाहते हैं और अपने पैसों का सही प्रबंधन करना चाहते हैं तो हम आज आपको मारवाड़ियों से सीखने के लिए यहां सात महत्वपूर्ण व्यावसायिक सबक बता रहे हैं जिन्हें आप ज़रूर अपनाकर देखे-
वित्तीय अनुशासन

मारवाड़ियों की सफलता के पीछे वित्तीय अनुशासन का बड़ा हाथ है। वे अपने फ़ायनेंस को बहुत ही कुशलता से मैनेज करते हैं। संसाधनों को बिलकुल सही तरीक़े से उपयोग में लाते हैं, एक भी चीज़ की बर्बादी नहीं करते और फ़िज़ूलख़र्ची से बचते हैं। ज़रूरत के हिसाब से चीज़ों का इस्तेमाल करते हैं जिससे बिलकुल भी बर्बादी नहीं हो। दरअसल रेगिस्तानी क्षेत्रों में संसाधन ज्यादा नहीं होते, यहीं से उत्पत्ति होने के कारण इनमें संसाधनों का अधिकतम इस्तेमाल करने का गुण अपने आप ही आ गया है। वित्तीय अनुशान ही व्यवसाय की सफलता की रीढ़ होता है।
रिस्क मैनेजमेंट
मारवाड़ियों लोग रिस्क लेने से पीछे नहीं हटते हैं, लेकिन वो इससे निकलने के तरीक़ों को भी अच्छे से जानते हैं। वे किसी एक क्षेत्र में ज्यादा निवेश की जगह अलग-अलग जगह निवेश करते हैं, जिससे किसी एक क्षेत्र में नुकसान का प्रभाव कम हो जाता है। यह हमें रिस्क का पहले आकलन करने, उनसे निकलने के तरीक़े और सही रणनीति के तहत संसाधनों को आवंटित करना सिखाता है।
लॉन्ग-टर्म विज़न
मारवाड़ी कभी भी तुरंत लाभ कमाने के उद्देश्य से कोई व्यापार प्रारंभ नहीं करते हैं। उनकी पीढ़ियाँ व्यापार करती आयी हैं इसलिए वे एक स्थायी विरासत बनाने के इरादे से कोई काम शुरू करते हैं। इसलिए अगर आप सही मायने में फ़ायदा कमाना चाहते हैं तो तुरंत अल्पकालिक लाभ की जगह लॉन्ग-टर्म सोचें। लंबे समय के लिए जब हम कोई काम करते हैं तो उसमें धीरे-धीरे स्थिरता, नवाचार और सुधार होता जाता है और समय के साथ हमें और दूसरों को भी इसका फ़ायदा मिलता है।
नेटवर्किंग
मारवाड़ी बेहतर नेटवर्क और मज़बूत रिश्ते बनाने में माहिर हैं। वे जानते हैं कि बेहतर अवसरों और संसाधनों के लिए सहयोग और साझेदारी ज़रूरी है। व्यापार की सफलता के लिए यह इकोसिस्टम ज़रूरी है। इसलिए व्यापार में सफल होना है तो मार्केट में अच्छे रिश्ते बनाइये।
अनुकूलनशीलता
सफलता के लिए समय के साथ खुदको ढालना ज़रूरी है। मारवाड़ी बदलते बाजार के अनुरूप ख़ुद को ढाल लेते हैं। वे नयी चीजों, तकनीकों को तुरंत अपनाते हैं। ख़ुद में सुधार करते रहते हैं और इसीलिए प्रतिस्पर्धा के दौर में भी वो ख़ुद को बनाये रखते हैं।
लचीलापन और दृढ़ता
मारवाड़ियों में चुनौतियों और असफलताओं से उबरने की अद्भुत क्षमता होती है। वे विपरीत परिस्थितियों में हतोत्साहित नहीं होते हैं, असफलताओं से सीखते हैं और लगातार लक्ष्यों को पाने के लिए मेहनत करते हैं। व्यवसाय में सफलता के लिए दृढ़ संकल्पित रहकर चुनौतियों का सामना करना ज़रूरी है।
आपसी सहयोग
मारवाड़ी समुदाय आपसी सहयोग में विश्वास करते हैं और उनकी सफलता का यही बड़ा राज है। वो अपने समुदाय के लोगों से ख़ुद भी सहायता लेते हैं और नये लोगों को भी स्थापित होने के लिए हर संभव सहायता करते हैं। इससे आपसी रिश्ते मज़बूत बनते हैं, इसका लाभ पूरे समुदाय को मिलता है।
तो, आप भी व्यापार में सफल होने के लिए इन सात बातों का ज़रूर ध्यान रखें।
