दखलअंदाजी करने वाले रिश्तेदारों से ऐसे निपटें
रिश्तेदारों का आपके जीवन में हर समय दखलअंदाजी करना बिलकुल भी सही नहीं है और उनके ऐसा करने से इसका असर आपके रिश्ते पर भी पड़ता हैI
Interfering Relatives Dealing: ‘दखलअंदाजी’ कभी भी किसी को भी पसंद नहीं आती है, खासकर रिश्तेदारों की दखलअंदाजीI मगर रिश्ता खराब ना हो, इसी डर से हम अपने रिश्तेदारों को खुलकर मना भी नहीं कर पाते हैंI ऐसे में बात-बात पर उनकी दखलअंदाजी को बर्दाश्त करते रहते हैं और खुद परेशान होते रहते हैंI लेकिन रिश्तेदारों का आपके जीवन में हर समय दखलअंदाजी करना बिलकुल भी सही नहीं है और उनके ऐसा करने से इसका असर आपके रिश्ते पर भी पड़ता हैI ऐसे में जरूरी है कि आप इस समस्या का समाधान निकालें, ताकि वे दखलअंदाजी करना बंद कर देंI
Also read: जब बेटी ससुराल से वापिस आ जाए
तय करें एक सीमा

जब आपके रिश्तेदार हर काम में दखलअंदाजी करना शुरू कर देते हैं और आप उनकी इस आदत से परेशान हो चुकी हैं तो अब आप एक सीमा तय करें और उन्हें साफ बोलना शुरू कर देंI आप रिश्तेदारों को साफ शब्दों में कहें कि आपको इस तरह का व्यवहार बिलकुल पसंद नहीं हैI आप किसी दूसरे के जीवन में दखल देना पसंद नहीं करती हैं और कोई आपके जीवन में भी छोटी-छोटी पर बातों पर हमेशा दखल दे, यह आपको अच्छा नहीं लगताI आप रिश्तेदारों के लिए एक सीमा तय करें और अगर वे आपकी सीमाओं का सम्मान नहीं करते हैं तो आप उनसे दूरी बनाना शुरू कर दें, ताकि आपको उनकी वजह से परेशानी ना होI
गुस्सा होने के बजाए शांति से काम लें

जब रिश्तेदार आपकी जिंदगी में बहुत ज्यादा दखलअंदाजी करते हैं तो आपको गुस्सा आना और चिड़चिड़ा महसूस करना लाजिमी है, लेकिन आप परेशान होने के बजाए इस समस्या का हल शांति से निकालने की कोशिश करेंI गुस्सा करने से आप केवल परेशान होंगी और इसका कोई समाधान नहीं निकलेगाI इसलिए गहरी सांस लें और शांत रह कर अपना ध्यान भटकाने की कोशिश करेंI
बातें शेयर करना बंद कर दें

रिश्तेदार आपके हर काम में दखलअंदाजी इसलिए भी करते हैं, क्योंकि आप हर बात उन्हें बताती हैं और उनके सुझाव मांगती हैंI इसलिए अब आप अपनी इस आदत को बदलिए और अपनी बातें अपने तक ही रखिएI जहाँ तक आपके लिए संभव हो आप रिश्तेदारों से अपनी बातें छुपाना शुरू कर दीजियेI धीरे-धीरे जब उन्हें यह लगने लगेगा कि आप उनसे अब चीजें छुपाने लगी हैं और उनके साथ अच्छी तरह से पेश नहीं आती हैं तो वे एक समय के बाद खुद से आपसे नाराज होकर मिलना-जुलना छोड़ देंगेI
उनकी बातों को दिल पर ना लगाएं

जब आपको अपने रिश्तेदारों के व्यवहार के बारे में पता चल जाए और आप यह बात भी अच्छी तरह से समझ जाएँ कि वे आपकी लाइफ में दखल सिर्फ इसलिए देते हैं ताकि आपको परेशान कर सकें तो आप अब उनकी बातों को दिल से लगाना छोड़ देंI उनकी बातों को एक कान से सुनें और दूसरे कान से निकाल देंI जब आप कुछ समय तक उनकी बातों पर बिलकुल भी ध्यान नहीं देंगी तो वे खुद ही समझ जायेंगे कि आपको उनके व्यवहार के बारे में पता चल गया है और आप उन्हें पसंद नहीं करती हैंI
