शाम के 4 बजे ही चाय का समय होने लगता है और इससे साथ कईयों को कुछ खाने की आदत होती है। महिलाओं को यह भी एक टेंशन रहती है कि घरवालों को ईवनिंग स्नैक्स में आखिर क्या दें। कारण यही है कि उन्हें हमेशा कुछ न कुछ नया चाहिए। अब ऐसा क्या बनाएं जो कि फटाफट भी बन जाए और घरवालों को खाकर मजा भी आ जाए। महिलाओं की इस टेंशन को दूर करने के लिए होम शेफ अमरजीत कौर कुछ ईवनिंग स्नैक्स की रेसिपी लेकर आई हैं। पंजाब के लुधियाना की रहने वाली अमरजीत कौर गृहलक्ष्मी द्वारा हाल ही में आयोजित आईटीसी निमवॉश कुकरी प्रतियोगिता की प्रतिभागी रही हैं। सीएडब्ल्यू (क्राइम अगेन्स्ट वुमन एंड चिल्ड्रन) लुधियाना की सोशल वर्कर अमरजीत कौर को कुकिंग और ट्रेवलिंग का बेहद शौक है। देश-विदेश के कई शहरों में ट्रेवल कर चुकी और ढेरों क्विज़ीन का स्वाद चख चुकी अमरजीत ने यमी ईवनिंग स्नैक्स की रेसिपी दी है जिसमें शेज़वान पनीर फिंगर, जिंगर-गार्लिक पनीर के साथ क्रिस्पी बेक्ड पोटेटो चिप्स से लेकर बेक्ड वेजिटेबल इडली, पीनट चाट भी शामिल हैं। ये स्नैक्स बनाने में आसान है और इनमें ज्यादा समय भी नहीं लगता है। यानी शाम की चाय के साथ घरवालों को सर्व करने के लिए ये बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। जानिए रेसिपी:

वेजिटेबल इडली- बेक्ड

सामग्री

1 कप सूजी

½ कप दही

½ कप बारीक कटी हुई शिमला मिर्च

½ बारीक कटी हरी मिर्च

1 टुकड़ा बारीक कटा अदरक

2 टेबलस्पून बारीक कटा हरा धनिया

1 टीस्पून ईनों

¼ टीस्पून जीरा

¼ टीस्पून राई

नमक स्वादानुसार

तेल तलने के लिए

विधि

  • सबसे पहले ओवर को प्रीहिट करेंगे। प्रीहिट करने के लिए अपने ओवन को 350 डिग्री पर सेट करें।
  • इसी बीच एक पैन लें। इसमें तेल डालें और स्टोव पर गर्म करें। गर्म होने पर इसमें राई डालें और फिर जीरे का तड़का लगाएं। राई और जीरा तड़क जाने के बाद स्टोव बंद कर दें और इसे एक तरफ रख दें।
  • एक कपकेक ट्रे लें, इसे अच्छी तरह से तेल से ग्रीस कर दें।
  • एक अन्य बोल में बैटर तैयार करने के लिए सूजी,  नमक,  दही और पानी मिलाएं। कम से कम 30 मिनट के लिए अलग रख दें।
  • फिर बोल में रेसिपी में ली हुई सब्जियां डालें।
  • आखिर में ईनो को बैटर में डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
  • बैटर को कपकेक ट्रे में डालें और ट्रे को ओवन में रखें।
  • इडली को अच्छे से 5 मिनट तक बेक करें, फिर उन्हें एल्युमिनियम फॉयल के ऊपर रखें।
  • वेक्ड वेजिटेबल इडली तैयार है। आप इसे घरवालों को या मेहमानों को हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं। यह एक शानदार ईवनिंग स्नैक्स साबित हो सकता है।


शेज़वान पनीर फिंगर्स

सामग्री

200 ग्राम पनीर (1/2 इंच के टुकड़ों में कटा हुआ)

100 ग्राम मैदा

100 ग्राम कॉर्न फ्लोर

3 टेबलस्पून अदरक-लहसुन का पेस्ट

2 प्याज बारीक कटा हुआ

4 हरी मिर्च कटी हुई

1 सूखी लाल मिर्च बारीक कटी हुई

2 टीस्पून सोया सॉस

2 टीस्पून विनेगर

4-5 करी पत्ते

काली मिर्च पाउडर

नमक और तेल आवश्यतानुसार

विधि

  • एक बोल में मैदा और कॉर्न फ्लोर मिलाएं। नमक, आवश्यकतानुसार पानी डालें और अच्छी तरह मिलाएं। विनेगर और सोया सॉस डालें।
  • मध्यम आंच पर एक कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करें। अदरक लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, काली मिर्च पाउडर, प्याज, सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता डालें और अच्छी तरह से हिलाएं।
  • एक मिनट बाद आंच से उतार लें और बैटर में डालें। अच्छी तरह मिलाएं।
  • कड़ाही में डीप फ्राई करने के लिए तेल गरम करें। पनीर फिंगर्स को बैटर में डुबोएं। क्रिस्पी और गोल्डन ब्राउन होने तक तलें।
  • टिश्यू पेपर के इस्तेमाल से अतिरिक्त तेल निकालें और सॉस या पसंद की चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।

क्रिस्पी बेक्ड पोटेटो चिप्स

आलू

नमक

गर्म मसाला

पानी

विधि

  • आलू को बहुत पतले स्लाइस में काटें और पानी से धोकर लें।
  • इन पतले स्लाइस किए आलू को अब एक डीप बोल में डालें। आलू में पानी और नमक डालकर भिगों दें। आलू पूरे पानी से ढंक जाने चाहिए। अब उन्हें आधे घंटे के लिए अलग ढंका हुआ रहने दें।
  • पानी को निकाल दें और एब्ज़ोर्बेंट पेप से सूखा लें।
  • आलू को ओवन में 150 डिग्री पर 15 मिनट के लिए डिश में रख दें।
  • जब वे खस्ता और गर्म हो जाएं, तो उन्हें निकाल लें और एक प्लेट में रख लें। स्वाद के लिए गरम मसाला ऊपर से छिड़कें। ये स्नैक्स बच्चों को बेहद पसंद आने वाला है।

जिंजर गार्लिक पनीर

सामग्री   

100 ग्राम पनीर

¾ टीस्पून अदरक लहसुन का पेस्ट

¼ टीस्पून टमेटो सॉस

¼ टीस्पून सोया सॉस

¼ टीस्पून लाल मिर्च पाउडर

½ टीस्पून गर्म मसाला पाउडर

नमक और तेल आवश्यकतानुसार

विधि

  • पनीर को छोटे क्यूब्स में काट लें।
  • एक बाउल में अदरक लहसुन का पेस्ट, टमेटो सॉस, सोया सॉस, नमक, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला पाउडर मिलाएं।
  • पनीर के क्यूब्स डालें और अच्छे से कोटेड करने के लिए मिलाएं। 15 से 30 मिनट के लिए अलग रख दें।
  • मध्यम आंच पर एक डीप-फ्राइंग पैन में तेल गरम करें।  मैरीनेट किए हुए पनीर के क्यूब्स को सुनहरा भूरा होने तक भूनें। एक सर्विंग डिश में निकालें और जिंजर-गार्लिक पनीर क्यूब्स को गर्मा-गर्म परोसें।

पीनट चाट

सामग्री

1 कप पीनट (मूंगफली)

½ टीस्पून हल्दी

1 टीस्पून नमक

2 कप पानी

¼ टीस्पून लाल मिर्च पाउडर

½ टीस्पून चाट मसाला

1 टीस्पून हरी चटनी

½ प्याज कटे हुए

2 टेबलस्पून टमाटर कटे हुए

1 टीस्पून कद्दूकस किया हुआ कच्चा आम

½ उबला आलू

2 टेबलस्पून कटा हुआ धनिया

1 टीस्पून नीबू का रस

नमक

विधि

  • सबसे पहले एक प्रेशर कुकर में मूंगफली, हल्दी, नमक और पानी डालें। इन्हें गैस पर चढ़ाकर उबाल लें। इन उबली हुई मूंगफली को एक तरफ रख दें।
  • एक बोल में मूंगफली डालें और फिर नमक, मिर्च पाउडर और चाट मसाला छिड़कें। इन्हें अच्छे से मिक्स कर लें।
  • अब बोल में हरी चटनी डाल और इसे भी अच्छे से मिक्स कर लें।
  • इसके बाद कटा हुआ प्याज, टमाटर डालने और कच्चे आम डालकर मिला लें।
  • स्वाद बढ़ाने के लिए इस मिक्चर में नीबू निचोड़ें। इसे धनिया पत्ती से गार्निश करें और शाम के नाश्ते में परोसें।

8 सूप जो इम्यूनिटी बढ़ाने में करेंगे मदद, ट्राय कीजिए रेसिपी

इन ट्विस्ट के साथ बनाइए ये मिठाइयां, इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करेगी