सोशल मीडिया एक ऐसा मंच बन गया है जहां एक बटन दबाते ही सारी जानकारी आप हासिल कर सकते हैं। यहां हम बहुत आसानी से सब के साथ जुड़ सकते हैं और अपनी एक अनोखी डिजिटल दुनिया बना सकते हैं। अपने दोस्तों, सहकर्मचारी, रिश्तेदार और अनगिनत लोगों से बहुत सरलता से जुड़े रहने का इससे आसान तरीका और कोई नहीं। इस सोशल मीडिया द्वारा हम अपने लिए एक सोशल छवि या ‘सोशल इमेज़ बना सकते हैं। पिछले कुछ सालों में सोशल मीडिया की पहुंच बहुत अधिक बढ़ गई है और इसलिए यह अनिवार्य बन गया है कि हम इस डिजिटल मंच पर एक अच्छी पहचान बनाएं।
यहां हर कोई अपनी बात कहना चाहता है। अपने विचार दूसरों के साथ बांटना चाहता है। अक्सर सोशियल मीडिया में कुछ अपनी कहो कुछ मेरी सुनो यह देखा गया है, लेकिन दोस्तों, इस कहा-सुनी में हम अक्सर अपनी इमेज का ध्यान रखना भूल जाते हैं।
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि अगर आप किसी ‘जॉब इंटरव्यू के लिए जाते हैं तो आपका ‘बायो-डेटा आपसे पहले वहां पहुंच जाता है! जी हां, आपकी हर बात सोशल मीडिया पर पढ़कर आपके आचार और विचार दोनों का आसानी से पता लगा लेते हैं। आपके भावी कार्यदाता यानि ‘एम्पलायर दोस्तों जब भी आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल करें तो नीचे लिखी गई बातों को जरूर ध्यान में रखें-
- आप जब भी कोई बात सोशल मीडिया पर करते हैं तो यह बहुत जरूरी है कि आप स्पष्ट करें कि यह सिर्फ आपके विचार हैं और इससे आपकी कंपनी, ‘जहां आप काम करते है का कोई लेना देना नहीं है।
- आप जिस विषय पर लिखते हैं, उस विषय के बारे में आपको अच्छी जानकारी होनी चाहिए। मजेदार बातें, साफ लिखावट और अच्छी सोच, तुरंत दूसरों को आपकी तरफ आकर्षित करती है, उन्हें प्रभावित करती है और इसीलिए वे आपसे सोशल मीडिया द्वारा हमेशा जुड़े रहना चाहते हैं।
- क्या आप सोशल मीडिया पर कुछ ‘पोस्ट कर रहे हैं? सावधान रहें। अनगिनत लोग आपकी लिखी बातों को पढ़ते हैं। एक गलत शब्द आपको मुसीबत में डाल सकता है। आपका लिखा गया एक गलत शब्द जंगल में लगी आग के बराबर होता है और आपकी छवि यानी इमेज को जलाकर खाक कर सकता है। इसका मतलब यह है कि लिखने से पहले दस बार सोचें और लिखने के बाद सौ बार पढ़ें और फिर उसे पोस्ट करें।
- किसी दोस्त को बहुत सोच विचार करके अपने नेटवर्क का हिस्सा बनाएं। कहते हैं कि इंसान की परख उसके आस-पास के लोगों से, और उसके दोस्तों से की जाती है। अगर आपके नेटवर्क में कोई नकारात्मक छवि वाला इंसान शामिल है तो उसे आप तुरंत हटा दीजिये क्योंकि इसका सीधा असर आपकी छवि पर होगा।
- बहुत सोच समझकर अपना सोशल मंच स्वीकार करें। ऐसे मंच पर कभी न जाएं, जहां आपकी छवि या इमेज को कोई नुकसान या परेशानी का सामना करना पड़े। अपनी पर्सनल डिटेल्स यानि बैंक अकाउंट नंबर, क्रेडिट कार्ड नंबर, पासवर्ड वगैरह बहुत संभाल कर रखें और इन बातों को किसी के साथ शेयर न करें।
- सोशल मीडिया पर आप अपनी बात कुछ लोगों तक ही सीमित रख सकते हैं। आप जिन लोगों तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं, उन्हें आप सिलेक्ट कर सकते हैं। इससे आप काफी हद तक अनचाहे लोगों से बच सकते हैं।
- सोशल मीडिया पर आप अपनी बात कहें, दूसरों की बात समझें। अगर कोई तस्वीर शेयर करना चाहें तो वह किसी तरह आपत्तिजनक नहीं हो, इसका पूरा खयाल रखें।
- डिजिटल मंच पर आपका व्यव्हार साफ, सरल और व्यावहारिक होना चाहिए। बहुत ज्यादा गुस्सा, बुराई करना, आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करना ना करें।
- अगर आप अपनी फोटोग्राफ किसी सोशल साइट पर डालते हैं तो ऐसी तस्वीर का इस्तेमाल करें जो आपकी सकारात्मक छवि बनाने में मददगार साबित हो। ध्यान रहे, एक तस्वीर सौ शब्दों के बराबर होती है।
- सोशल मीडिया पर अपनी निजी जि़न्दगी और अपनी प्रोफेशनल लाइफ हमेशा अलग-अलग रखें।
हर सिक्के के दो पहलू होते हैं। आप जितना सही इस्तेमाल करेंगे उतना ही अधिक फायदा होगा। ऊपर दी गई सभी बातों पर गौर करें और अपनी सोशल छवि को और बेहतर बनाएं। इमेज बनानी है तो सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करें। अगर आपके पास इस बारे में कोई सवाल है तो हमें जरूर बताएं।
