Aamir khan: आमिर खान की फिल्म ‘तारे जमीन पर’ तो आपको याद ही होगी। अब आमिर उसी फिल्म की तर्ज पर एक और फिल्म बनाने जा रहे हैं। लोगों को कमजोरियों के साथ अपनाने और उनकी मदद करने की कहानी वाली इस फिल्म का टाइटल ‘सितारे जमीन पर’ है। बताया जा रहा है कि ये फिल्म ‘तारे जमीन पर’ का सीक्वल है। हालांकि इस फिल्म की कहानी एकदम अलग होगी। ‘तारे जमीन पर’ जहां एक डिसलैक्सिया से जूझ रहे बच्चे को जीवन से जुड़े संघर्षों से जीतने में आमिर मदद करते नजर आए थे। वहीं इस फिल्म में वे इससे अलग कुछ दिखाने का प्रयास करने वाले हैं। हाल ही में आमिर ने इस फिल्म का अनाउंसमेंट किया है। जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली है।
टीनएजर्स और उनके कोच के संबंधों की कहानी होगी
हाल ही में एक इवेंट के दौरान आमिर ने ‘सितारे जमीन पर’ के बारे में बात की। उन्होंने फिल्म का टाइटल शेअर करते हुए कहा कि इसके बारे में ज्यादा तो नहीं बता सकता लेकिन इतना कहूंगा कि ‘तारे जमीन पर’ ने दर्शकों को रोने पर मजबूर कर दिया था। इस बार ये फिल्म आपको सीख के साथ हंसाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली फिल्म में मैने ईशान की मदद की थी। इस बार 9 बच्चे मेरी मदद करेंगे। खबरों की मानें तो इस फिल्म में आमिर एक कोच के किरदार में नजर आएंगे और वे टीनएजर्स को कोच करेंगे। वे इस फिल्म में एक दूसरे की कमियों के साथ उनको एक्सेप्ट करने और उन्हें आगे बढ़ाने में मदद करने की कहानी इस फिल्म के जरिए दिखाने वाले हैं।
स्पैनिश फिल्म कैपियोनेस का हिंदी रूपांतरण होगी
आमिर खान की पिछली फिल्म लाल सिंह चढ्ढा बॉक्स ऑफिस परबुरी तरह फ्लॉप रही। ये फिल्म हॉलिवुड की फॉरेस्ट गम्प का हिंदी रूपांतरण थी। खबरों की मानें तो उनकी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ स्पैनिश फिल्म कैपियोनेस का हिंदी रूपांतरण होगी। आमिर लाल सिंह चढ्ढा के बाद ही इस फिल्म पर काम शुरू करना चाहते थे। लेकिन फिल्म के फ्लॉप होने के बाद उन्होंने काम से कुछ समय के लिए ब्रेक लिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले आमिर सलमान खान को लीड रोल में लाने वाले थे। लेकिन किन्हीं कारणों से उन्होंने फिल्म के लिए मना कर दिया। अब आमिर इस फिल्म में खुद ही लीड रोल निभाने वाले हैं। फिल्म को आर. एस. प्रसन्ना डायरेक्ट करने वाले हैं।
वेलकम 3 से हो सकता है क्लैश
आमिर खान जल्द से जल्द फिल्म की शूटिंग शुरू करना चाहते हैं। ‘सितारे जमीन पर’ की शूटिंग 2024 की शुरूआत में चालू होने की संभावना है। क्योंकि खबरों के मुताबिक मेकर्स फिल्म 2024 में क्रिसमस पर रिलीज करने की सोच रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो फिल्म अक्षय कुमार की ‘वेलकम 3’ से बॉक्स आफिस पर टकराएगी। आपको बता दें कि ‘तारे जमीन पर’ भी अक्षय की फिल्म वेलकम के साथ ही रिलीज हुई थी।
