ghada-bhar akl story in Hindi
ghada-bhar akl story in Hindi

ghada-bhar akl story in Hindi : एक बार अकबर के दरबार में लंका नरेश का दूत आया। उसने बादशाह से अनोखी प्रार्थना की, ‘जहाँपनाह, आपके दरबार में एक-से-एक ज्यादा अक्लमंद मौजूद हैं। हमारे नरेश ने आपके दरबार से घड़ा भरकर अक्ल लाने के लिए भेजा है।’

दरबारियों में तरह-तरह की चर्चाएँ होने लगीं। किसी ने कहा, ‘कितनी बेतुकी माँग है? कोई अक्ल भी घड़े में मिलती है क्या?’

कोई बोला, ‘लंका नरेश हमें नीचा दिखाना चाहते हैं।’

किसी ने कहा, ‘इस गुत्थी को कोई भी नहीं सुलझा सकता। बीरबल भी नहीं।’

बादशाह अकबर ने बीरबल की ओर देखा। बीरबल समझ गए कि बादशाह क्या कहना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘जहाँपनाह, हम आसानी से अक्ल का इंतजाम कर सकते हैं। लेकिन कुछ समय लगेगा। शायद दो-तीन हफ्ते लग जाएँगे।’

दूत ने कहा, ‘मैं इंतजार करने को तैयार हूँ।’

बादशाह बोले, ‘बीरबल, हमें यकीन है कि तुम सोच-समझकर कदम उठाओगे। यह हमारी इज्जत का सवाल है।’

बीरबल ने निवेदन किया, ‘आप चिंता न करें, जहाँपनाह। लंका नरेश को घड़ा भरकर अक्ल अवश्य मिलेगी।’

शाम को बीरबल ने अपने सेवक को बुलाया और बोले, ‘जाओ, छोटे मुँहवाले कुछ घड़े लेकर आओ।’

सेवक शीघ्र ही घड़े लेकर आ गया। घड़ों के साथ बीरबल अपने खेत में पहुँचे। वहाँ कदू की एक बड़ी बेल फैली हुई थी। उन्होंने एक घड़ा लिया और उसे धीरे से कद्दू के फूल पर औंधा रख दिया। इसके बाद अपने सेवक से कहा, ‘बाकी घड़े भी इसी तरह रख दो।’

जब सेवक ने घड़ों को फूलों पर रख दिया तो बीरबल बोले, ‘देखो, इनकी अच्छी तरह देखभाल करना। कोई भी घड़ा अपनी जगह से हटाया न जाय। मैं इन्हें बाद में मँगवाऊँगा।’

इसी तरह कुछ सप्ताह बीत गए। एक दिन बादशाह को घड़े-भर अक्ल की बात याद आई। उन्होंने बीरबल से पूछा, ‘कहो बीरबल, कुछ बात बनी?’

बीरबल ने कहा, ‘जहाँपनाह, बस दो सप्ताह में घड़ा अक्ल से भर जाएगा।’

दो सप्ताह बाद बीरबल घड़ों के पास पहुंचे। उन्होंने देखा कि घड़े के अंदर कद्दू घड़े के बराबर बड़े हो गए हैं। वे दरबार में पहुँचे और लंका नरेश के दूत को बुलवाया। बीरबल ने कहा, ‘जहाँपनाह, अब घड़ा-भर अक्ल तैयार है।’ बीरबल ने ताली बजाई। तुरंत उनका सेवक एक थाल में घड़ा रखकर बड़ी शान से दरबार में हाजिर हुआ।

बीरबल ने घड़ा उठाया और दूत से बोले, ‘यह लीजिए। इसे अपने नरेश को भेंट कीजिए। लेकिन एक बात याद रहे- इसमें अक्ल का जो फल है, वह तभी असर दिखाएगा, जब घड़े को बिना हानि पहुँचाए उसे घड़े से पूरा-पूरा बाहर निकाला जाए। हाँ, यदि नरेश को अधिक अक्ल की जरूरत हो तो ऐसे पाँच घड़े हमारे पास और भी हैं।’

दूत ने घड़े से परदा हटाया तो उसकी आँखें फैल गईं। उसने अंदर झाँका और बोला, ‘बीरबल का जवाब नहीं है, जहाँपनाह।’

दूत के जाने पर अकबर ने बीरबल से कहा, ‘तुमने बताया कि तुम्हारे पास ऐसे पाँच फल और हैं। एक हमें भी तो दिखाओ।’

जैसे ही अकबर ने घड़े में झाँका, उसके अंदर ताजा कदू को देखकर वह जोर से हँस पड़े, ‘वाह भाई वाह! इसे पाकर निश्चय ही लंका नरेश को अक्ल आ जाएगी। बीरबल तुम्हारा कोई जवाब नहीं है।’

Top 10 Panchantantra Stories in Hindi-पंचतंत्र की कहानियां

पंचतंत्र की कहानियां:नीति, ज्ञान और मनोरंजन का अनमोल खजाना हैं पंचतंत्र एक प्राचीन भारतीय साहित्यिक कृति है जो जानवरों की…