Suhana Khan News: शाहरुख खान की बेटी सुहाना कहानी हमेशा ही अपने ग्लैमरस लुक और अन्य स्टार किड के साथ पार्टियों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। इन दिनों वह अपने एक्टिंग डेब्यू को लेकर सुर्खियों में हैं। वह जल्द ही जोया अख्तर की फिल्म द आर्चीज से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। इसी बीच उनसे जुड़ी एक नई जानकारी सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में सुहाना ने अलीबाग में करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी खरीदी है। उन्होंने कोई बंगला नहीं बल्कि एक खेत की जमीन खरीदी है और खुद को किसान बताया है जिसके बाद अब ये कहा जा रहा है कि वह एक्टिंग के साथ-साथ खेती किसानी भी करने वाली हैं।
सुहाना ने खरीदी करोड़ों की जमीन
सुहाना खान ने अलीबाग के थाल गांव में 1.5 एकड़ जमीन खरीदी है, जिसकी कीमत 12.91 करोड़ रुपए है। इस जमीन के 2218 स्क्वायर फीट पर रॉ हाउसेस का निर्माण कार्य भी किया गया है। 1 जून को खरीदी गई जमीन के लिए मालिक को स्टांप ड्यूटी के तौर पर 77,46000 रुपए दिए गए हैं। रजिस्ट्रेशन और ट्रांजैक्शन हो चुका है और कागजों में सुहाना ने खुद को किसान बताया है और यह जानकर सभी हैरान हो गए हैं।
पिता का है बंगला
सुहाना ने अलीबाग में जो जमीन खरीदी है उसके पहले से यहां पर उनके पिता का समुद्र किनारे एक आलीशान बंगला मौजूद है। शाहरुख के इस लैविश बंगले में स्विमिंग पूल हेलीपैड जैसी सुविधाएं भी हैं। उन्हें 52 वां बर्थडे यहीं मनाते हुए देखा गया था।
जल्द करेंगी एक्टिंग डेब्यू
सुहाना के करियर की बात करें तो भले ही उन्होंने करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी खेती के लिए खरीदी हो लेकिन एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने के लिए वह बिल्कुल तैयार हैं या ये कहें कि रख चुकी हैं। जोया अख्तर की फिल्म द आर्चीज से वह जल्द ही इंडस्ट्री में कदम रखेंगी। यह फिल्म इस साल के नवंबर तक नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी।
