Coronation Ceremony: ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय का शनिवार को राज्याभिषेक हुआ। चार्ल्स को सेंट एडवर्ड और उनकी पत्नी कैमिला को महारानी मैरी का मुकुट पहनाया गया। इस समारोह में कई देशों के राष्ट्रपति और शाही परिवार शामिल हुए। खास बात यह है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर आहूजा भी राज्याभिषेक कार्यक्रम का हिस्सा बनीं। इस दौरान एक्ट्रेस रॉयल अंदाज में नजर आई।
दो डिजाइनर्स ने बनाया आउटफिट
सोनम कपूर को बॉलीवुड का ट्रेंड सेटर कहा जाता है। वह हमेशा अपने अलग आउटफिट्स को लेकर चर्चा में रहती हैं। ऐसे में किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक में भी वह बहुत ही ग्रेसफुल अंदाज में पहुंचीं। सोनम कपूर ने भारतीय फैशन डिजाइनर अनामिका खन्ना और न्यूजीलैंड की डिजाइनर एमिलिया विकस्टेड का डिजाइन किया शानदार व्हाइट गाउन पहना। इस फ्लोरल प्रिंट वाले ऑफ-शोल्डर गाउन में सोनम बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
सोनम ने लिखा ये

सोनम कपूर उन कुछ भारतीयों में से हैं, जिन्हें इस राज्याभिषेक समारोह के लिए आमंत्रित किया गया था। इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा, ऐतिहासिक क्षण फैशन के पल भी मांगता है। मैं दोनों देशों के दो सबसे अविश्वसनीय डिजाइनर्स की मदद से इस अविस्मरणीय राज्याभिषेक समारोह में शामिल होने को लेकर सम्मानित महसूस कर रही हूं।
सिंपल लुक में आईं नजर
सोनम की यह ऑफ शोल्डर ड्रेस कैलिको प्रिंट्स से प्रेरित थी। इस फ्लोर-लेंथ ड्रेस में कोर्सेट चोली को फ्रेम करते हुए कंधों के चारों ओर एक बैंड डिटेल दी गई थी। गाउन की स्कर्ट में आर्किटेक्चरल गॉडेट प्लीट्स थीं, जो इसे ग्रेसफुल बना रही थी। अपने लुक को सिंपल रखते हुए उन्होंने कानों स्टेटमेंट इयररिंग्स वियर किए। बालों को साइड-पार्ट वेव्स में स्टाइल किया था। एक्ट्रेस ने मिनिमल मेकअप लुक चुना और पिंक लिपस्टिक से अपने लुक को कंप्लीट किया।
स्पीच को लेकर हुई ट्रोल
इस दौरान सोनम ने एक छोटी सी स्पीच भी दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि सोनम के बोलने के अंदाज को लेकर लोग उनको जमकर ट्रोल कर रहे हैं। सोनम की मां सुनीता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया। सुनीता ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा गर्व का पल। वीडियो में सोनम ने नमस्ते से अपनी स्पीच की शुरुआत की है। उन्होंने कहा, हमारा कॉमनवेल्थ एक संघ है। हम मिलकर दुनिया के एक तिहाई लोग हैं। दुनिया के समुद्र का एक तिहाई हिस्सा हम हैं, दुनिया की एक चौथाई जमीन हम हैं। हमारा प्रत्येक देश अद्वितीय है। हम में से हर व्यक्ति खास है। हम समृद्ध भविष्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।
1000 करोड़ रुपए का समारोह
आपको बता दें कि 74 साल के चार्ल्स ब्रिटिश इतिहास में सबसे बुजुर्ग किंग बने हैं। राज्याभिषेक के आयोजन का खुफिया नाम ‘ऑपरेशन गोल्डन ऑर्ब’ रखा गया था। चार्ल्स के राज्याभिषेक को दुनियाभर में 10 करोड़ से ज्यादा लोगों ने टीवी पर देखा। इतना ही नहीं लंदन के बकिंघम पैलेस के बाहर और लंदन की सड़कों पर 20 लाख से ज्यादा लोग किंग और क्वीन के दीदार के लिए जुटे। इस दौरान सात हजार जवानों ने परेड निकाली। बताया जा रहा है कि ताजपोशी समारोह में करीब 1000 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।
