Tulsi Puja Niyam: तुलसी के पौधे को हिंदू धर्म में काफी पवित्र माना जाता है। हर घर में प्रतिदिन तुलसी की पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि जिस घर में हर दिन तुलसी की पूजा की जाती है, वहां हमेशा सुख, शांति और खुशहाली बनी रहती है। तुलसी के पौधे में सुबह जल डालने और शाम के समय तुलसी के नीचे दीया जलाने से घर में समृद्धि व संपन्नता बनी रहती है, साथ ही घर में माँ लक्ष्मी का वास रहता है। लेकिन कभी भी रविवार के दिन तुलसी को जल नहीं चढ़ाया जाता है, रविवार के दिन जल चढ़ाना वर्जित बताया गया है। आखिर क्यों रविवार को तुलसी में जल नहीं डालना चाहिए, इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
आखिर क्यों रविवार के दिन तुलसी में जल नहीं चढ़ाना चाहिए?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार रविवार और एकादशी के दिन माता तुलसी भगवान श्री हरि विष्णु के लिए निर्जला व्रत रखती हैं, इसी कारण से एकादशी और रविवार के दिन तुलसी के पौधे में जल नहीं चढ़ाया जाता है। ऐसे में जल अर्पित करने से माता तुलसी का व्रत खंडित होता है। अगर भूल से कोई रविवार के दिन तुलसी में जल चढ़ा देता है तो उसे अनजाने में हुई इस गलती के लिए हाथ जोड़कर माता तुलसी से माफी मांग लेना चाहिए। इसके अलावा एकादशी के दिन तुलसी के पौधे को स्पर्श करने की भी मनाही होती है। इस दिन तुलसी का पत्ता तोड़ना पाप के समान माना गया है, इसलिए कभी भी गलती से एकादशी के दिन तुलसी की पत्तियां ना तोड़ें।
क्या है तुलसी पूजा के नियम

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी के पौधे में जल हमेशा ही सूर्योदय यानी सुबह के समय देना चाहिए। सुबह का समय सबसे अच्छा और फलदायी माना जाता है। सुबह तुलसी में जल देने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है और घर में धन की कभी कमी नहीं होती है।
तुलसी से जुड़ीं इन बातों का खास ध्यान रखें

- तुलसी के पौधे में जल हमेशा बिना कुछ अन्न ग्रहण किए बिना ही डालें। जल अर्पित करने के बाद ही भोजन ग्रहण करें।
- तुलसी के पौधे में माता लक्ष्मी का वास माना जाता है, इसलिए कभी भी बेवजह तुलसी के पत्ते ना तोड़ें। अगर तोड़ना आवश्यक है तो हमेशा पहले हाथ जोड़कर तुलसी माता से अनुमति मांगे, इसके बाद ही पत्तियां तोड़ें। कभी भी तुलसी की पत्तियों को तोड़ने के लिए चाकू, कैंची या फिर नाखून का उपयोग ना करें। ऐसा करना अशुभ माना जाता है, इसे ऐसा करने से बचें।
- तुलसी के पौधे को कभी भी बिना नहाए या फिर अपवित्र स्थिति में ना छूए। इससे पूजा का फल नहीं मिलता है।
- तुलसी के पौधे को घर में भूलकर भी दक्षिण दिशा में नहीं रखना चाहिए। अगर आप ऐसा करते हैं तो इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा आती है। तुलसी के पौधों को हमेशा उत्तर, पूर्व यान ईशान कोण में ही रखना चाहिए।
- लोग तुलसी के पौधे में चुनरी भी ओढ़ाते हैं, लेकिन ओढ़ाने के बाद उसे बदलना भूल जाते हैं। पर ऐसा करना अच्छा नहीं माना जाता है, देवी-देवताओं की तरह ही तुलसी पर ओढ़ाया गया वस्त्र भी उचित समय पर अवश्य ही बदलना चाहिए।
