Hyderabad Trip
One Day Trip of Hyderabad

Hyderabad Trip: हैदराबाद…नए नवेले राज्य तेलंगाना की राजधानी और खुद में इतिहास समेटे एक शहर। इस शहर की अपनी एक अलग तासीर है जिसमें से हलिम की खुशबू आती है तो मुगलों के दौर की छाप भी नजर आती है। कई सारे पॉपुलर स्पोर्ट्स पर्सनलिटी भी इसी शहर को अपनी पनाह बनाए हुआ हैं। साउथ के बड़े फिल्मी सितारे भी इस शहर में ही रहते हैं। ये शहर असल में घूमने वाली जगह है और याद रखने वाली भी। मगर इस शहर में अगर सिर्फ एक दिन की यात्रा ही हो तो आप इसे कैसे घूमें कि यात्रा अधूरी न लगे…जवाब में कई जगहों का नाम शामिल हो सकता है लेकिन कुछ खास जगहों को जान लेने के बाद 1 दिन की यात्रा भी आसान हो जाएगी-

1666 एकड़ में बनी रमोजी फिल्म सिटी-

Hyderabad Trip
Ramoji Film City

जी हां, रमोजी फिल्म सिटी सच में बहुत बड़ी है। ये इतनी बड़ी है कि इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। इसे फिल्म प्रोड्यूसर रमोजी राव ने 1996 में बनवाया था। ये एक फिल्म स्टूडिओज का संग्रह जैसा है। इसके कई हिस्सों को आपने फिल्मों में देखा भी होगा। यहां आप टूरिस्ट के तौर पर जाकर घूम भी सकते हैं। कुछ फीस के साथ ये अनोखा शहर घूमा जा सकता है। इस फिल्म सिटी को पसंद करने वाले असंख्य हैं। क्योंकि यहां हर साल आने वाले यात्रियों की संख्या 1.5 मिलियन तक भी हुई है। यहां घूमने के दौरान एम्यूजमेंट पार्क के मजे भी लिए जा सकते हैं। इतना ही नहीं इस जगह के अंदर ही आपको 6 होटल भी मिलेंगे। इस जगह पर आकर आप फिल्म बाहुबली के दोनों ही पार्ट के सेट देख सकते हैं। इन्हें आज भी सहेज कर यहां रखा गया है। ऐसे ही कई फिल्मी सेट यहां आपको मिल जाएंगे।

14 वीं शताब्दी में बना गोलकोंडा फोर्ट-

Hyderabad Trip
Golconda Fort

इस किले को भले ही 14 वीं शताब्दी में बनवाया गया था लेकिन 1687 ई में इस पर औरंगजेब ने जीत दर्ज कर ली थी। ये किला ग्रेनाइट की पहाड़ी पर बना है। इसके चारों पर 3 मील लंबी दीवार है और 8 दरवाजे भी। इस किले के दक्षिण में मूसी नदी भी बहती है। ये उस प्रांत में बना है जो कभी हीरों के लिए जाना जाता था। प्रसिद्ध कोहिनूर हीरा भी इसी सरजमीं से निकाला गया था। ऐसे ही कई और हीरे भी यहां से निकले हैं जिन्हें पूरी दुनिया में प्रसिद्धि मिली। इस एक किले के अंदर चार और किले भी हैं। इतना ही नहीं अंदर मस्जिद और कई शाही हॉल भी हैं। यहां पर एक फतेह दरवाजा भी है, जिसके लिए माना जाता है कि औरंगजेब ने जीत के बाद यहीं से सिपाहियों के मार्च के बीच प्रवेश किया था। ये पूरा किला इतिहास की तस्वीर सामने रख देता है। ये भी बताता है कि पहले के लोग कितनी प्लानिंग के साथ किले बनवाते थे।

तीन राष्ट्रीय म्यूजियम में से एक सालार जंग म्यूजियम-

Hyderabad Trip
Salar Jung Museum

देश के तीन राष्ट्रीय म्यूजियम में से एक सालार जंग म्यूजियम हैदराबाद के दार-उल-शिफा में है। मूसी नदी के दक्षिणी किनारे पर बना ये म्यूजियम असल में सालार जंग परिवार का व्यक्तिगत कलेक्शन है। यहां पर सिर्फ भारत के ही नहीं बल्कि जापान, नेपाल, पर्शिया, इजिप्ट, नॉर्थ अमेरिका, बर्मा, चीन आदि देशों के आर्टिफेक्ट, स्कल्पचर, टेक्सटाइल और मेन्यूस्क्रिप्ट के साथ कई दूसरी चीजें भी हैं। ये दुनिया के सबसे बड़े म्यूजियमों में से भी एक है।

7.5 एकड़ में बना लुम्बिनी पार्क और हुसैन सागर झील-

Hyderabad Trip
Hussain Sagar Jheel

शहर के बीचोंबीच लुम्बिनी पार्क बना है। यहां पर लोग इसलिए भी आते हैं क्योंकि ये दूसरे जगहों जैसे नेकलेस रोड और बिरला मंदिर के पास ही है। खास बात ये है कि ये पार्क हुसैन सागर झील के पास ही बना है। इस पार्क और झील की खासियत बिलकुल पानी के बीच में बनाई बुद्ध जी की प्रतिमा भी है। जहां तक लोग बोटिंग करते हुए जाते ही हैं। इस पार्क को 19994 में बनवाया गया था।

बर्फ ही बर्फ स्नो वर्ल्ड में-

Hyderabad Trip
Snow World

स्नो वर्ल्ड हैदराबाद का मशहूर एम्यूज्मेंट पार्क है। 2 एकड़ में बना ये पार्क बच्चों को खासतौर पर आकर्षित करता है। साल 2004 में खोला गया ये पार्क हुसैन सागर लेक के पास ही है। करीब 20 टन कृत्रिम बर्फ से बने स्नो वर्ल्ड में लगता है कि आप सच में पहाड़ों पर बर्फ के बीच आ गए हैं। यहां पर स्नो फॉल का मजा भी लिया जा सकता है क्योंकि सेशन खत्म होने के पहले 5 मिनट में ये फेसिलिटी भी दी जाती है।

याद में बनाया गया एनटीआर गार्डेन्स-

Hyderabad Trip
NTR Garden

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एनटी रामा राव की याद में बनाया गया है। 36 एकड़ में फैला ये बगीचा अच्छा समय बिताने के लिए बेहतरीन जगह है। 40 करोड़ की लागत के साथ बना ये गार्डेन 2002 में बनवाया गया है। 150 प्रजाति के प्लांट भी देखने को मिलेंगे। बच्चों की मस्ती के साथ खाने-पीने के विकल्प भी आपको मिल जाएंगे। यहां आपको मिनी ट्रेन के मजे लेने का मौका भी मिलेग।

ट्रैवल संबंधी हमारे सुझाव आपको कैसे लगे?अपनी प्रतिक्रियाएं जरूर भेजें। आप ट्रैवल संबंधी टिप्स भी हमें ईमेल कर सकते हैंeditor@grehlakshmi.com

ये भी पढ़ें- पटना में गुजारिए 24घंटे,ये जगह निराश नहीं करेगी आपको