Overview:रोज के छोटे-छोटे खर्च को कंट्रोल करने के आसान तरीके
रोज के ऐसे कई छोटे-छोटे खर्च होते हैं, जो आपकी बचत खा जाते हैं। जानिए इन्हें किस तरह कंट्रोल करें।
Cut Daily Money Wastage: कभी आपने नोटिस किया है कि सैलरी मिलने के तीन-चार दिनों में ही ऐसा लगता है कि जैसे पैसे बहुत कम हो गए हैं। दरअसल, कुछ ही दिनों में हम बहुत सारे पैसे यूं ही खर्च कर देते हैं, जिसका हमें अंदाजा तक नहीं होता। लेकिन यही रोजमर्रा में खर्च किए जाने वाले पैसे हमारा सारा बजट बिगाड़ देते हैं। हम सभी सोचते हैं कि हम तो बस जरूरी चीजें ही खरीदते हैं, जबकि वास्तव में ऐसा नहीं है। सुबह की कॉफ़ी से लेकर ऑफिस स्नैक्स, एक-दो चॉकलेट, या कभी-कभी बिना सोचे-समझे ऑनलाइन शॉपिंग बहुत सारे पैसों को यूं ही बर्बाद कर देती है।
यह लगभग हम सभी के साथ होता है। हर छोटा खर्चा हमें अलग और बेहद मामूली लगता है, लेकिन जब यह महीना भर ऐड होता है, तो पता ही नहीं चलता कि हम कितने हजार रुपये बिना सोचे खर्च कर देते हैं। चूंकि, हम सभी यह खर्चा सालभर करते हैं तो इससे हम अपने बहुत सारे पैसों को बर्बाद कर देते हैं। अगर बेवजह के इन खर्चों पर कंट्रोल किया जाए तो बेहद ही आसानी से पैसों की तंगी को दूर किया जा सकता है। साथ ही साथ, आप बेवजह के स्ट्रेस से भी बच सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
100-200 रूपये वाले खर्चे पर लगाएं रोक
अमूमन हम सभी हर दिन 100-200 रूपये का खर्चा बिना सोचे-समझे ही कर देते हैं। कभी पैकेट चिप्स तो कभी कोल्ड ड्रिंक, चाय या फिर एक सैंडविच ऑर्डर कर देना। यह हम सभी की रोजमर्रा की आदतों में शुमार है। लेकिन अगर इस तरह आप दिन के 200 रूपये भी खर्च करते हैं तो इससे महीने में 6000 रूपये यूं ही खर्च हो जाते हैं और साल में 72000 रूपये। इसलिए, इन खर्चों को भी ट्रैक करना शुरू करें। जब आप इन्हें ट्रैक करते हैं तो कुछ ही दिनों में आपको अपने अतिरिक्त खर्च का अंदाजा होता है और आप इन पर रोक लगाना शुरू कर देते हैं।
बिना सोचे-समझे ना करें शॉपिंग

जब से हम सभी से ऑनलाइन शॉपिंग करना शुरू किया है, तब से हम सभी अधिकतर इंपल्सिव शॉपिंग करते हैं। फोन में नोटिफिकेशन आता है और उसे देखकर हम शॉपिंग ऐप खोल लेते हैं और छूट या ऑफर देखकर तुरंत कार्ट में सामान को ऐड कर लेते हैं। हालांकि, ज्यादातर चीजों की हमें जरूरत ही नहीं होती, बस मूड और मार्केटिंग की वजह से हम उसे खरीद लेते हैं। इसलिए, इस खर्चे से बचने के लिए अपने महीने के जरूरी सामान की लिस्ट बनाएं और उसके लिए एक बजट तय कर लें। आप इसे जब इकट्ठा लेंगे तो आपके पैसे बचेंगे। साथ ही साथ, आपको पहले ही यह अंदाजा हो जाएगा कि आप महीने की शॉपिंग कर चुके हैं तो अब आपको खुद को रोकना है।
सब्सक्रिप्शन को करें चेक
अक्सर हम कई चीजों का सब्सक्रिप्शन ले लेते हैं, लेकिन उसे हमेशा इस्तेमाल नहीं करते हैं और वह बस ऑटो-रिन्यू होता रहता है। हो सकता है कि आपको लगता हो ₹149, ₹199 मंथली कुछ नहीं है। लेकिन असल में ये साइलेंट किलर होते हैं जो हर महीने बिना बोले पैसे काट लेते रहते हैं। इसलिए, ऑटो रिन्यू का जब भी मैसेज आए तो उस इग्नोर ना करें, बल्कि एक बार सभी सब्सक्रिप्शन चेक जरूर कर लें।
