बच्चे को रील्स व शॉर्ट्स देखने से ऐसे रोकें
अगर आपका बच्चा भी अपना कीमती समय रील्स और शॉर्ट्स देखने में बर्बाद करता है तो आप उसे सुधारने के लिए ये कुछ सरल उपाय अपना सकती हैंI
Mobile Addiction In Kids: आजकल रील्स और शॉर्ट्स केवल बड़े ही नहीं देखते हैं, बल्कि ये बच्चों के बीच भी काफी ज्यादा लोकप्रिय हो गए हैंI मम्मी का फोन हाथ में आता नहीं है कि बच्चे रील्स व शॉर्ट्स देखने लगते हैंI सिर्फ यही नहीं, इनमें देखी गई चीजों को अपने वास्तविक जीवन में भी अपनाने लगते हैंI लेकिन, बच्चों के लिए इन प्लेटफॉर्म का अत्यधिक उपयोग हानिकारक होता हैI इससे उनका ध्यान पढ़ाई से तो भटकता ही है, साथ ही उनकी एकाग्रता, नींद और सामाजिक जीवन पर भी बुरा प्रभाव पड़ता हैI
अगर आपका बच्चा भी अपना कीमती समय रील्स और शॉर्ट्स देखने में बर्बाद करता है तो आप उसे सुधारने के लिए ये कुछ सरल उपाय अपना सकती हैंI
Also read: क्या करें जब आपका बच्चा पर्सनल फोन की मांग करे
नुकसान के बारे में बच्चों को बताएं

बच्चों को रील्स व शॉर्ट्स के नुकसान के बारे में बताना बेहद जरूरी है, खासकर जब उनकी आँखों पर चश्मा लगा होI आप उन्हें रोजमर्रा की बातों से उदाहरण देकर समझाएं कि कैसे स्क्रीन पर अधिक समय बिताने से आँखों को नुकसान होता है और किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता हैI इसके अलावा, आप मोबाइल के कुछ एप्लीकेशंस पर लॉक भी लगाएं ताकि बच्चे इनका इस्तेमाल ना कर पाएंI
कुछ चीजों में स्ट्रिक्ट होना है जरूरी

आजकल के पेरेंट्स बच्चों के साथ ज्यादा सख्त होना पसंद नहीं करते हैं, जिसकी वजह से बच्चे जिद्दी स्वभाव के हो जाते हैं और अपनी बात मनवाने के लिए पेरेंट्स पर दबाव बनाते हैं, खासकर तब जब वर्किंग पेरेंट्स होंI लेकिन बच्चों की हर जिद पूरी करने के बजाए उनकी भलाई के लिए पैरेंट्स को थोड़ी सख्ती भी दिखानी चाहिएI पेरेंट्स को बच्चों को समझाना चाहिए कि उनकी हर मांग पूरी नहीं हो सकती, खासकर जब वे जरूरत से ज्यादा फोन इस्तेमाल करने की जिद करते हैंI आपके ऐसा करने पर भले ही बच्चा थोड़ी देर के लिए रोएगा या फिर उदास होकर एक कोने में बैठ जाएगा, लेकिन आप उसे देखकर अपनी बात से ना पलटेंI
पेरेंट्स भी बदलें अपनी आदत

अक्सर बच्चे वही करते हैं जो वे अपने घर में देखते हैंI इसलिए अगर आप चाहती हैं कि आपका बच्चा मोबाइल का कम इस्तेमाल करे और रील्स व शॉर्ट्स बिलकुल भी ना देखे तो आप भी अपनी आदत सुधारेंI आप अपना स्क्रीन टाइम कम करें और बच्चों के सामने रील्स व शॉर्ट्स हरगिज ना देखें और एक अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करेंI अपनी इस छोटी सी आदत में बदलाव करके आप अपने बच्चों पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैंI
फोन से ऐप अनइंस्टाल्ड करें

अगर आपका बच्चा वीडियो वाले प्लेटफार्म पर बहुत ज्यादा समय बिताने लगा है तो आप उसकी इस लत को सुधारने के लिए थोड़े समय के लिए अपने फोन से इस तरह के ऐप को डिलीट कर देंI जब फोन में इस तरह के ऐप्स नहीं होंगे तो बच्चा भी इनमें अपना कीमती समय नहीं बर्बाद करेगाI साथ ही बच्चे को सख्त हियादत भी दें कि वे बिना पूछे फ़ोन में ऐप डाऊनलोड नहीं कर सकते हैंI
