Overview:
अगर आप भी इसी लेजीनेस यानी आरामपसंदी के शौकीन हैं तो आज का दिन आपके लिए बेहद खास है। दुनियाभर के ऐसे ही आराम पसंद या यूं कहें आलसी लोग 10 अगस्त को हर साल मानते हैं नेशनल लेजी डे।
National Lazy Day 2024: भागदौड़ भरी इस जिंदगी में रुकना और थकना अक्सर आलस्य की निशानी माना जाता है। लेकिन कभी-कभी ‘कुछ न करना’ भी सुकून देता है। अपने डेली रूटीन से कुछ ब्रेक लेकर दिनभर बिस्तर पर लेटकर टीवी देखना, ऑनलाइन गेम खेलना, मूवी देखना, दोस्तों के साथ समय बिताना भी अच्छा लगता है। अगर आप भी हर रोज के काम से थक चुके हैं और आपका भी मन करता है कि सब कुछ छोड़कर बस एक दिन खुद के लिए जिएं तो आज वही दिन है। जी हां, अगर आप भी इसी लेजीनेस यानी आरामपसंदी के शौकीन हैं तो आज का दिन आपके लिए बेहद खास है। दुनियाभर के ऐसे ही आराम पसंद या यूं कहें आलसी लोग 10 अगस्त को हर साल मानते हैं नेशनल लेजी डे। क्या है यह खास दिन और कैसे हुई इस मजेदार दिन की शुरुआत, आइए जानते हैं।
Also read : क्या सच में चालाक होते हैं लेफ्ट हाथ से लिखने वाले, जानिए सच्चाई: International Left Handers Day
इतना आलस्य कि कुछ लिखा ही नहीं

नेशनल लेजी डे हर साल 10 अगस्त को मनाया जाता है। यह आलस्य के आनंद को प्रोत्साहित करने के लिए सेलिब्रेट किया जाता है। आलस्य को भले ही कुछ लोग बुरा मानें, लेकिन असल में कभी-कभी यह आपकी हेल्थ के लिए अच्छा रहता है। इससे आपकी प्रोडक्टिविटी बढ़ती है और बॉडी को रिकवर होने का समय मिल पाता है। आराम करने का समय निकालने से आपका तनाव कम होता है, इससे आपकी मेंटल हेल्थ बेहतर होती है। हालांकि इस दिन की शुरुआत कैसे हुई इस विषय में कोई नहीं जानता। हो सकता है कि इस दिन की शुरुआत करने वाले लोगों ने अपने आलस्य के कारण इसके विषय में कुछ लिखा ही नहीं।
लोग इंतजार करते हैं इस दिन का
आपको पढ़कर भले ही अजीब लगे लेकिन दुनियाभर में ऐसे कई लोग हैं जो हर साल 10 अगस्त का बेसब्री से इंतजार करते हैं और दिल से लेजी डे सेलिब्रेट करते हैं। एक रिसर्च के अनुसार अमेरिका के 74% लोग लेजी डे को सेल्फ केयर का हिस्सा मानते हैं। 55% लोगों ने माना कि यह दिन उन्हें काम करने की नई ऊर्जा देता है। वहीं 39% ने कहा कि लगातार काम के कारण होने वाले बर्नआउट से बचाव के लिए लेजी डे जरूरी है। टॉकर की एक रिसर्च में सामने आया 72% लोग लेजी डे को बिना दूसरों को बताए बस आराम से बिताना पसंद करते हैं। रिसर्च के अनुसार रविवार का दिन लोग आराम करने के लिए बेस्ट मानते हैं और 39% लोग इस दिन सिर्फ आराम करना ही पसंद करते हैं। वहीं 27% लोग आराम के लिए शनिवार का दिन पसंद करते हैं।
ऐसे बिताएं लेजी डे
कई रिसर्च बताती हैं कि शारीरिक और मानसिक सेहत के लिए आराम करना बेहद जरूरी है। इससे आपकी प्रोडक्टिविटी बढ़ती है और आगे के काम करने के लिए आपके शरीर को नई उर्जा मिलती है। वहीं लगातार काम करने से आपका दिमाग थक जाता है। इसलिए उसे रिलेक्स करने के लिए आराम देना बेहद जरूरी है। ऐसे में सप्ताह में एक दिन खुद के आराम के लिए निकालना जरूरी माना गया है। यह आराम आपको रिचार्ज करने का काम करता है।
ऐसे सेलिब्रेट करें ये दिन
लेजी डे सेलिब्रेट करना बहुत आसान है। आप इस दिन आराम से बिस्तर से लेटे हुए घंटों बिता सकते हैं। बिंज वॉचिंग भी एक अच्छा तरीका है रिलैक्स करने का। आप अपनी पसंद की मूवी या शो देखकर दिन बिता सकते हैं। अगर आप पढ़ने के शौकीन हैं तो कोई अच्छी बुक पढ़ें। कभी-कभी प्रकृति के बीच में समय बिताना भी आपको सुकून देता है। किसी से बात किए बिना आसमान देखना, पेड़ों को निहारना, हवाओं को महसूस करना भी एक अच्छा विकल्प है।
