Swapna Shastra: स्वप्न लोक की दुनिया का रहस्य आजतक कोई नहीं जान पाया। सोने के बाद अक्सर व्यक्ति को सपने आने लगते हैं। सपनों पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं होता है। इसलिए नींद में कब क्या घटित हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। सपने अच्छे और बुरे दोनों होते हैं। अच्छे सपने दिल को सुकून देते हैं तो कुछ डरावनें और भयावह सपने नींद उड़ा देते हैं। यूं तो हमारे लिए सपने सामान्य बात है। नींद में सपने आते हैं और चले जाते हैं। सुबह जब आंख खुलती है तो बहुत ही कम सपने याद रह पाते हैं। भले ही यह सपने हमारे लिए सामान्य हो, परंतु स्वप्न शास्त्र में इनका महत्व बताया गया है। स्वप्न शास्त्र में प्रत्येक सपने के बारे में विस्तार से बताया गया है। पंडित इंद्रमणि घनस्याल बताते हैं कि बुरे सपनों का अर्थ भी बुरा होता है। बुरे सपने हमारे लिए शुभ व अशुभ दोनों संकेत लेकर आते हैं। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि अगर आप बुरे सपने देखते हैं तो इसका क्या अर्थ है और कैसे बुरे सपनों से बचा जा सकता है।
Swapna Shastra: क्यों आते हैं डरावने सपने

बुरे व डरावने सपने आने के कई कारण हो सकते हैं। इसमें सबसे प्रमुख है सोने का तरीका। वास्तु के अनुसार, अच्छी व सुखद नींद के लिए सिर दक्षिण की तरफ व पैर उत्तर की तरफ होना चाहिए। इसके विपरीत सोने पर बुरे सपने आ सकते हैं। इसी तरह बेड के नीचे जूते चप्पल रखने से भी बुरे सपने आते हैं। जूते चप्पल बेडरूम की नेगेटिव एनर्जी को बढ़ाता है, जिस वजह से उसको बुरे सपने आने लगते हैं। वहीं, बुरे व डरावने सपने आने का एक कारण तनाव भी है। तनाव लेने से दिमाग की कोशिकाओं पर विपरीत असर पड़ता है, जिस वजह से अच्छी नींद नहीं आती है और नकारात्मक विचार आने लगते हैं। इस वजह से डरावने सपने आने लगते हैं।
ऐसे पाएं डरावनों सपनों से निजात

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जिस व्यक्ति को रात्रि में डरावने व बुरे सपने आते हैं उसे अपने तकिए के नीचे पीपल के पेड़ की जड़ रखकर सोना चाहिए। इसके अलावा सोने से पहले ‘ऊं नमो भगवते वासुदेवाय’ का 5 बार जाप करना चाहिए। ऐसा करने से बुरे व डरावने सपने आना बंद हो जाएंगे। इसी तरह अगर रात्रि में सोने के बाद अचानक से डर लगने लगे और आंख बंद करने पर डरावनी चीजें दिखाई देनी लगे तो आपको भगवान शिव का मंत्र “ॐ नमः शिवाय” का जाप करना चाहिए।
इन मंत्रों का करें जाप

ज्योतिष शास्त्रों में डरावने व बुरे सपनों से बचने के लिए कुछ विशेष मंत्रों का उल्लेख मिलता है। इन मंत्रों का 11 बार जाप करने से अशुभ सपने आना बंद हो जाएंगे।
अशुभ स्वप्न दोष निवारण मन्त्र
ऊँ नमः शिवं दुर्गा गणपतिं कार्तिकेयं दिनेश्वरम् ।
धर्म गंगां च तुलसीं राधां लक्ष्मीं सरस्वतीम ॥
नामान्येतानि भद्राणि जले स्नात्वा च यो जपेत ।
वांछितं च लभेत सोऽपि दुःस्वप्नः शुभवान् भवेत् ॥
यह भी पढ़ें: बदलना चाहती हैं किस्मत तो घर के मुख्य द्वार पर स्वास्तिक ही नहीं और भी बातों का रखें ध्यान: Main Door Vastu
