Summary: सावन में मेहंदी लगाने का धार्मिक महत्व: क्यों माना जाता है इसे सौभाग्य और प्रेम का प्रतीक
सावन के पवित्र महीने में मेहंदी लगाना सुहाग, प्रेम और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। यह न सिर्फ धार्मिक रूप से शिव-पार्वती को प्रसन्न करती है, बल्कि तनाव और त्वचा समस्याओं से भी राहत देती है।
Religious Importance of Mehndi in Sawan: सावन का पावन महीना भगवान शंकर को समर्पित होता है। कुछ ही दिनों में सावन महीने की शुरुआत होने वाली है, इस बार यह महीना 11 जुलाई 2025 से शुरू होकर, 9 अगस्त को जाकर खत्म हो जाएगा। सावन के महीने में हरे रंग का खास महत्व होता है, इसी वजह से इस महीने में महिलाएं हरे रंग की चूड़ियाँ व साड़ियां पहनती हैं और अपने हाथों में मेहंदी लगाती हैं। लेकिन कभी आपने सोचा है कि सावन के महीने में मेहंदी क्यों लगाया जाता है? मेहंदी को हिना भी कहा जाता है और ऐसी मान्यता है कि सावन के महीने में मेहंदी लगाने से भगवान शिव और माता पार्वती दोनों प्रसन्न होते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है, इसलिए महिलाएं सावन के महीने में मेहंदी जरूर लगाती हैं। आइए जानते हैं क्या है सावन में मेहंदी लगाने का धार्मिक महत्व।
सौभाग्य का प्रतीक है मेहंदी

हिंदू धर्म में मेहंदी सौभाग्य का प्रतीक होता है। सावन के महीने में मेहंदी लगाने से भाग्य में वृद्धि होती है। इसे अक्सर शादी, त्योहार और अन्य सभी शुभ अवसरों पर लगाया जाता है, साथ ही मेहंदी सोलह श्रृंगार में भी शामिल है।
मेहंदी है सुहाग की निशानी

वैसे तो मेहंदी कुंवारी लड़कियां भी अपने हाथों में लगाती हैं, लेकिन सुहागिन महिलाओं के लिए मेहंदी की अहमियत बहुत ज्यादा होती है। यह सोलह श्रृंगार में शामिल है और यह सुहागन की निशानी भी है।
माता पार्वती को प्रिय है मेहंदी
सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है। भगवान शिव के साथ-साथ सावन में माता पार्वती की भी पूजा की जाती है और माता पार्वती को मेहंदी बहुत प्रिय है, इसलिए भी सावन के महीने में माता पार्वती को प्रसन्न करने के लिए मेहंदी लगाया जाता है।
प्रेम और विवाह का प्रतीक है मेहंदी

मेहंदी को प्रेम और विवाह का प्रतीक माना जाता है। इससे पति-पत्नी के बीच प्यार और समर्पण बढ़ता है, इसलिए भी महिलाएं सावन के महीने में हाथों में मेहंदी लगाती हैं।
सावन के महीने में मेहंदी लगाने के और भी कई कारण हैं

शरीर को ठंडक प्रदान करती है मेहंदी
आयुर्वेद के अनुसार मेहंदी की तासीर ठंडी होती है। जब सावन के महीने में बारिश के कारण उमस व गर्मी से होने वाली बेचैनी होती है तो हाथों में मेहंदी लगाने से शरीर को ठंडक मिलती है और मन भी शांत होता है।
तनाव दूर करती है मेहंदी

बहुत ज्यादा तनाव के कारण नसें सिकुड़ जाती हैं। ऐसे में मेहंदी लगाने से तनाव काफी हद तक कम हो जाता है और मन शांत महसूस होता है।
त्वचा के लिए लाभदायक है मेहंदी
सावन में बारिश के कारण त्वचा से संबंधित कई तरह की समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में मेहंदी का पेस्ट लगाने से इन समस्याओं से छुटकारा मिलता है, क्योंकि मेहंदी में एंटी फंगल और एंटी वायरल गुण मौजूद होते हैं।
मेहंदी लगाने से शरीर को आराम महसूस होता है
मेहंदी एक रिलैक्सिंग एजेंट का काम करती है, इसे हाथ व पैरों में लगाने से शरीर की गर्मी दूर होती है और शरीर को आराम महसूस होता है।
