two man exchanginh indian notes
Think twice before taking a personal loan

Summary: पर्सनल लोन रिजेक्ट क्यों होता है और उसे पास कैसे करवाएं

क्रेडिट स्कोर, दस्तावेज़, आय और आवेदन प्रक्रिया पर ध्यान देकर पर्सनल लोन आसानी से अप्रूव कराया जा सकता है।

Personal Loan Approval Tips: हर कोई चाहता है कि लोन की जरूरत नहीं हो, लेकिन कई बार इमरजेंसी में पैसे की जरूरत हो तब पर्सनल लोन बहुत काम की चीज साबित होता है। इससे आप तुरंत फण्ड का इंतजाम कर सकते हैं। हालाँकि, पर्सनल लोन लेना जितना आसान लगता है, होता नहीं है। कई बार बैंक या NBFC (गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थान) आपका लोन आवेदन रिजेक्ट कर देते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है, तो आज हम आपको बताते हैं कि पर्सनल लोन क्यों रिजेक्ट होता है और उसे पास करवाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

अपना क्रेडिट स्कोर जांचें और सुधारें

आपका क्रेडिट स्कोर (CIBIL Score) यह दिखाता है कि आपने पहले लिए गए लोन या क्रेडिट कार्ड्स का भुगतान समय पर किया है या नहीं। अधिकांश बैंक पर्सनल लोन देने से पहले आवेदक का CIBIL स्कोर जरूर देखते हैं। आमतौर पर 750 से ऊपर का स्कोर अच्छा माना जाता है।

अच्छे क्रेडिट स्कोर के लिए क्या करें

  • समय पर क्रेडिट कार्ड का बिल भरें।
  • पुराने लोन की EMI में कोई डिफॉल्ट न करें।
  • एक बार में बहुत ज्यादा क्रेडिट न लें।

ज्यादा लोन आवेदन न करें

कई लोग एक साथ कई बैंकों में पर्सनल लोन के लिए अप्लाई कर देते हैं। इससे आपकी क्रेडिट रिपोर्ट पर बार-बार हार्ड इंक्वायरी होती है, जिससे आपका स्कोर घट सकता है और बैंक को लगता है कि आप वित्तीय संकट में हैं।

क्या करना चाहिए

  • एक बार में केवल 1 या 2 विश्वसनीय संस्थानों में ही आवेदन करें।
  • पहले अपना प्री-एप्रूव्ड ऑफर या बैंक का पात्रता का दायरा जांच लें

आय और नौकरी की स्थिति भी है अहम

पर्सनल लोन बिना किसी गारंटी (Collateral) के मिलता है, इसलिए बैंक आपकी नौकरी और इनकम पर भरोसा करता है। यदि आपकी सैलरी कम है या आपकी नौकरी स्थिर नहीं है, तो लोन रिजेक्ट हो सकता है।

क्या करें

  • यदि आप नौकरी बदल चुके हैं, तो कम से कम 6 महीने बाद लोन के लिए अप्लाई करें।
  • आय प्रमाणपत्र, सैलरी स्लिप, ITR जैसी दस्तावेजी जानकारी पूरी रखें।

ऋण-आय अनुपात (Debt to Income Ratio)

यदि आपकी कुल मासिक आय का बड़ा हिस्सा पहले से चल रही EMI में जा रहा है, तो नया लोन लेना मुश्किल हो सकता है। बैंकों को यह दिखाना जरूरी है कि आपकी आय में से लोन चुकाने के लिए पर्याप्त हिस्सा बचता है। जैसे यदि आपकी आय 40,000 रुपए है और आप पहले से 25,000 रुपए की EMI दे रहे हैं, तो नया लोन मिलना मुश्किल होगा।

दस्तावेजों में कोई गलती न करें

कई बार मामूली गलतियों जैसे नाम की स्पेलिंग, पता, या दस्तावेजों में मिसमैच के कारण भी लोन रिजेक्ट हो सकता है। बैंक आपके केवाईसी डॉक्युमेंट्स (KYC) को बहुत ध्यान से जांचता है।

इन बातों का रखें ध्यान

  • पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक स्टेटमेंट और इनकम प्रूफ सही और अपडेटेड रखें।
  • फॉर्म भरते समय ध्यानपूर्वक सारी जानकारी भरें।

तो, अगर आपको भी पर्सनल लोन की आवश्यकता है तो आप ऊपर दिए गए टिप्स फॉलो करें। निश्चित रूप से इसके बाद अगली बार आपका लोन अप्रूव होने की संभावना कई गुना बढ़ जाएगी।

 

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...