मोर पंख से ऐसे करें घर में सजावट
सोशल साइट्स पर भी इस समय सबसे ज्यादा लेटेस्ट होम डेकोरेशन में पीकॉक होम डेकोरेशन ही है। आजकल यह इंटीरियर का खास हिस्सा बन चुका है।
Peacock Feather Decoration: घर चाहें छोटा हो या बड़ा, अगर आप उसको सही तरीके से सजाते हैं तो उसका पूरा लुक ही बदल जाता है। अच्छे रंगों और खूबसूरत चीज़ों से सजाया हुआ घर हर किसी को आकर्षित करता है। खासतौर पर जब बाहर से हम थके हारे घर आते हैं और ख़ूबसूरती से सजा हुआ घर मिलता है तो एक अलग ही शान्ति और सुकून महसूस होता है। वैसे तो हम सभी ट्रेंडिंग चीज़ों से घर को सजाने की कोशिश करते हैं लेकिन कई बार समझ नहीं आता कि इस समय घर को सजाने की कौन सी चीज़ें ट्रेंड में हैं। अगर हम इस समय ट्रेंड की बात करें, तो सबसे ज्यादा मोर होम डेकोर का प्रचलन है, क्योंकि यह घर को एक अलग ही ख़ूबसूरती प्रदान करता है।
सोशल साइट्स पर भी इस समय सबसे ज्यादा लेटेस्ट होम डेकोरेशन में पीकॉक होम डेकोरेशन ही है। आजकल यह इंटीरियर का खास हिस्सा बन चुका है। सबसे अच्छी बात यह है कि मोर होम डेकोर ना सिर्फ बड़े बंगलों और घरों के लिए अनुकूल है बल्कि छोटे से छोटे घरों की ख़ूबसूरती में भी चार चाँद लगा देता है। अगर सही तरह से घर को सजाएं तो कई बार छोटा घर भी बड़ा प्रतीत होने लगता है। लोग अपने एक कमरे के घर को भी मोर पंख से सजाकर बहुत आकर्षक बना रहे हैं।
पहले भी था प्रचलन

हालांकि, हमारे यहाँ बहुत पहले से ही मोर पंख को घर में रखे जाने का प्रचलन है, क्योंकि कृष्ण भगवान को पसंद आने मोर पंख को बहुत शुभ माना जाता है। जहां पहले घर में सकारात्मकता बढ़ाने के लिए गमले, मंदिर में मोरपंख रखा जाता था वहीं, आजकल लोग नए-नए पीकॉक फैदर आइडियाज से घर को सजाते हैं।
पीकॉक होम डेकोर के बहुत से तरीके हैं। मोर पंख का इस्तेमाल बहुत प्रकार से किया जाता है। इसका हमारे रोजमर्रा के जीवन में भी बहुत अलग-अलग तरह से महत्व है। कुछ लोगों को इसके खूबसूरत डिजाइन और रंग पसंद आते हैं, जिससे वह इसे अपने घर में शौक से सजावट के तौर पर रखते हैं।

आप पेंटिंग, वॉल डैकोरेशन, कुशन, बेडस्प्रेड और फ्लावर वॉस में मोरपंख लगाकर अपने घर को सुदंर दिखा सकते हैं। घर के हर स्थान को इससे सजाया जा सकता है। इसके ब्राइट और बोल्ड रंग घर को एक अलग ही लुक देते हैं। नीला, ग्रे, वाइट, एमरल्ड ग्रीन इन रंगों को आपस में मिक्स करने की जगह एक दूसरे से अलग करके ही रखने से ज्यादा बेहतर लुक मिलता है। चलिए आज हम जानते हैं किस तरह से पीकॉक फीदर या मोर पंख से आप अपना घर सजा सकते हैं-
लिविंग रूम
लिविंग रूम में घर के सभी लोगों का आना जाना रहता है इसलिए यहाँ का डेकोरेशन करने के लिए सभी लोगों की पसंद का ध्यान रखना जरूरी है। पीकॉक फीदर से जब आप अपने लिविंग रूम को सजायेंगे तो वो हर किसी को पसंद आएगा। आप अलग-अलग तरीके से पीकॉक रंगों से अपने लिविंग रूम को सजा सकते हैं।
लिविंग रूम की दीवालों पर ये रंग करवा सकते हैं या फिर अगर आपके घर की दीवालें सफ़ेद रंग की हैं तो आप पीकॉक रंगों के फर्नीचर से अपना घर सजा सकते हैं। दरवाजे, खिड़कियां, परदे आदि भी इन रंगों से सजा सकते हैं। वाल्स में आइवरी कलर कर सकते हैं और रग और परदों के लिए पीकॉक रंगों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा आप लिविंग रूम में कोई आकर्षक शोपीस भी लगा सकते हैं।

इसके साथ ही बुद्धा, गणेश या फिर और कोई स्टैचू भी साथ में लगा सकते हैं। इससे आपके लिविंग रूम की ख़ूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ जायेगी। इसके साथ ही बाज़ार में उपलब्ध मयूर पंखों के वुडेन केसेस को भी घर में लगा सकते हैं। ये वुडेन केसेस आसानी से फर्नीचर मार्किट में मिल जाते हैं। सोफे के ऊपर मोर वर्क वाले कुशन भी लगा सकते हैं।
बेडरूम
बेडरूम घर की ऐसी जगह है जहाँ सबसे ज्यादा शान्ति मिलती है और घुसते ही आराम करने का मन करता है। इसकी सजावट ऐसी होनी चाहिए कि हमें बढ़िया नींद आ सके। इसके लिए दीवालों और परदों के रंग बहुत ही सोबर होने चाहिए जिससे आँखों को किसी भी तरीके का डिस्कम्फर्ट नहीं हों। अगर घर की दीवालों पर पीकॉक रंग है तो फिर चादर का रंग क्रीम, कैमियो, ब्राउनबेरी या लाइमस्टोन होना चाहिए और अगर आपके बेडरूम की दीवारों का रंग सफ़ेद या क्रीम है तो फिर आप बेडशीट, पिलो कवर या करटेन, कारपेट और डोरमेट का पीकॉक रंग होना चाहिए। कमरे में भगवान कृष्णा का पोर्ट्रेट भी लगा सकते हैं। बच्चों के बैडरूम को भी आप मोर वर्क की बेडशीट और पिलो कवर से सजा सकते हैं। इसमें छोटे-छोटे क्राफ्ट बनाकर भी लगा सकते हैं।

डाइनिंग रूम
डाइनिंग रूम को डेकोरेट करने के लिए इसकी वाल्स को हल्के मयूर रंगो से पेंट करवा सकते हैं। इस रंग की वाल्स के साथ फर्नीचर का रंग गोल्डन या सिल्वर रख सकते हैं। इन रंगों के साथ आपके डाइनिंग रूम में कांच की गोल डाइनिंग टेबल ज्यादा सूट करेगी। टेबल के ऊपर गुलदस्ता रखकर उसको मोर पंखों से सजा सकते हैं। अगर सिर्फ मयूर पंख नहीं लगाना चाहते तो आप दूसरे फूलों के साथ इसको मिक्स करके लगा सकते हैं। आप चाहे तो पीकॉक प्रिंट वाले कालीन भी यूज कर सकते हैं।

बाथरूम
जब होम डेकोरेशन की बात होती है तो अधिकांश लोग बाथरूम पर ध्यान नहीं देते, जबकि घर के ओवरआल अच्छे लुक के लिए बाथरूम को भी अच्छे से सजाना जरूरी होता है। बड़े बाथरूम को तो आप सजा सकते हैं लेकिन छोटे घरों में इसमें ज्यादा कुछ करने का तो स्कोप नहीं होता। इसलिए आप चाहें तो मिरर के चारों तरफ मयूर रंग कर सकते हैं। इसके अलावा आप सोप होल्डर को मोर वर्क से सजा सकते हैं।

घर में लाता है पॉजिटिविटी
मोरपंख भगवान श्रीकृष्ण की अतिप्रिय चीजों में से एक है, इसलिए घर में इसे रखना सुख और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। घर में मोरपंख रखने से ना सिर्फ सकारात्मकता आती है बल्कि घर में सुख शान्ति भी बनी रहती है।
इसके अलावा मोर पंख को देवी लक्ष्मी और सरस्वती से भी जोड़कर देखा जाता है इसलिए मोर पंख या इसके किसी भी तरह के काम को घर में रखने से घर में पैसा आता है साथ ही विद्या भी रहती है।

बाज़ार में हैं बहुत कुछ उपलब्ध
पीकॉक डेकोरेशन आजकल काफी प्रचलन में है। बाज़ार में तरह तरह के डेकोरेटिव आइटम्स उपलब्ध हैं। पीकॉक वर्क की मेटल स्टोन पीकॉक स्टेचू, मोर डोर हैंगिंग, वाल क्लॉक, पीकॉक ड्रीमक्रैचर, पीकॉक पेटिंग, फोटो फ्रेम और बहुत से खूबसूरत शोपीस खरीदकर आप अपने घर को एकदम अलग, नया और मॉडर्न लुक दे सकते हैं। इनकी कीमत 200 रुपये से लेकर 5000 या इससे ज्यादा भी है। ऑनलाइन भी आपको पीकॉक वर्क के बहुत से आइटम्स मिल सकते हैं।
अगर आप ज्यादा कुछ बदलाव नहीं चाहते हैं तो घर में पीकॉक वर्क वाले वाल पेपर भी लगा सकते हैं। इसको आप ड्राइंग रूम में एक वाल पर लगा सकते हैं। यह आपके ड्राइंग रूम को बहुत ही आकर्षक बना देगा।

घर में बनाएं खूबसूरत आइटम्स
आप चाहें तो घर में भी एक से एक खूबसूरत पीकॉक फीदर वर्क की चीज़ें बना सकते हैं और इनसे अपने घर को सजा सकते हैं। ऑनलाइन वीडियो की मदद लेकर आप बहुत से आइटम्स बना सकते हैं। ये आइटम्स बनाकर आप किसी को गिफ्ट भी दे सकते हैं।
पेपर, थर्मोकोल या क्ले से आप बच्चों को भी पीकॉक वर्क सिखा सकते हैं। पीकॉक वाल हैंगिंग, पीकॉक डॉल, फोटोफ्रेम जैसी कई चीज़ें बना सकते हैं। आजकल पीकॉक डिजाइनिंग लाइट का भी काफी प्रचलन है। रात में ये लाइटें घर को खूबसूरत लुक देती हैं।

वूलन पीकॉक वॉल हैंगिंग
आप अपने घर को डेकोरेट करने के लिए घर में ही वूलन पीकॉक वॉल हैंगिंग बना सकते हैं। इसके लिए आपको कोई ज्यादा सामान की भी जरूरत नहीं है। आप घर में पढ़े हुए वेस्ट सामान से ही इसको बना सकते हैं। इसके लिए पुरानी सीडी और ऊन से ही बना सकते हैं। इसको बनाने के पहले आप क्राफ्ट कैंपस का यह वीडियो आप जरूर देख लें। इसको देखकर आप एकदम परफेक्ट वॉल हैंगिंग बना सकते हैं।
अगर आप पीकॉक फीदर का खूबसूरत शोपीस बनाना चाहते हैं तो उसके लिए आपको सिर्फ कुछ पेपर, एल्युमीनियम फॉयल और सजाने के लिए कुछ स्टोन्स की जरूरत है। आप इसको बनाने के लिए कल्याणी कार्नर के इस वीडियो की भी मदद ले सकते हैं।
वास्तु की दृष्टि से महत्त्व
आजकल फैशन और ट्रेंड के चलते तो लोग अपने घर को पीकॉक फीदर और रंगों से सजा है रहे हैं, लेकिन आप शायद ही यह जानते होंगे कि पीकॉक वर्क का वास्तु की दृष्टि से भी काफी महत्त्व है। जी हाँ, अगर आप अपने घर को मोर पंखों से सजाते हैं तो इससे आपके घर में खुशहाली, समृद्धि और सकारात्मकता आती है। मोर पंख आपके जीवन में बहुत सी खुशियां ला सकते हैं।
अगर आप हमेशा निराशा महसूस करते हैं और काम की जगह या फिर दोस्तों के बीच अपनी स्किल का पूरी तरह से उपयोग नहीं कर पाते हैं, तो आप अपने घर में मोर पंख जरूर रखें क्योंकि इससे आपके अंदर नेतृत्व के गुण विकसित होंगे और आप ज्यादा प्रभावशाली तरीके से अपने काम कर सकेंगे। यह आपको नकारत्मक ऊर्जा से बचाएगा।

- मोर को हमारे घरों में पवित्र माना जाता है। इसलिए ऐसा माना जाता है कि अगर मोर पंख घर में रखते है तो यह बुरी शक्तियों से बचाता है।
- अगर आपको व्यापार में कोई लाभ नहीं हो रहा है तो भी आपको मयूर पंख अपने घर में रखना चाहिए।
- ऐसा भी माना जाता है कि अगर बच्चों के कमरे में आप उनकी स्टडी टेबल के पास मोर पंख रखते हैं तो उनका फोकस बढ़ता है और वो ज्यादा बेहतर तरीके से पढ़ाई कर पाते हैं।
- यह सांप, छिपकली आदि को घर से दूर रखता है।
- यह भी माना जाता है कि यह आपसी मन भेद और झगड़ों को दूर कर रिश्तों में निकटता लाता है। इसलिए अगर आप अपने पार्टनर या ससुराल वालों के साथ मधुर सम्बन्ध चाहते हैं तो फिर मोर पंख को अपने घर में जरूर रखें।
- घर के सामने वाले गेट पर गणेश जी की मूर्ति लगाएं और उसके ऊपर मोर के पंख को रख दें। ऐसा करने से घर में किसी तरह की निगेटीव ऊर्जा आगमन नहीं होगा।
मोर पंख टैटू
काफी समय पहले से ही लोग मेहंदी की डिज़ाइन में मोर बनवाते आ रहे हैं और आजकल लोग इसको टैटू में भी पसंद कर रहे हैं। युवा बड़ी संख्या में मोर पंख या मोर से सम्बंधित और कुछ डिज़ाइन का टैटू खूब बनवा रहे हैं।

FAQ | क्या आप जानते हैं
क्या मोर पंख भाग्यशाली है?
जी हाँ, मोर पंख को भाग्यशाली माना जाता है क्योंकि ऐसा देखा गया है कि इसको घर में रखने से सुख, शान्ति और समृद्धि आती है।
भगवान कृष्ण ने मोर पंख का उपयोग क्यों किया?
भगवान कृष्ण कालसर्प योग के दुष्परिणामों से बचने के लिए मोर पंख धारण किया करते थे। ऐसा माना जाता है कि भगवान कृष्ण की कुंडली में कालसर्प योग था और सांप और मोर का आपस में बैर माना जाता है। इसलिए वो मोर पंख का उपयोग करते थे।
मोर पंख किस भगवान के होते हैं?
मोर पंख भगवान कृष्ण धारण किया थे।
दिव्य पक्षी क्या है?
अलौकिक, अतिसुन्दर और पंख वाले पक्षी को दिव्य पक्षी कहा जाता है?
क्या मोर पंख घर में रखने से पैसा आता है?
हाँ, मोर पंख रखने से घर में पैसा आता है क्योंकि मोर पंख देवी लक्समी लक्ष्मी को भी प्रिय था।
क्या मोर पंख का वास्तु की दृष्टि से महत्त्व है?
हाँ, मोर पंख वास्तु की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि सही जगह और दिशा में इसको रखने से घर में सुख और समृद्धि आती है।