नैनीताल की बसावट का श्रेय अंग्रेज़ों को जाता है
देश में मौजूद तमाम हिल स्टेशन की तरह इसको भी कभी अंग्रेज़ों ने बसाया था और वे लोग अपनी छुट्टियों को मानने के लिए इस जगह पर आते थे।
Nainital Tourism: हिमालयी राज्य उत्तराखंड में स्थित नैनीताल हमारे देश का एक बहुत ही लोकप्रिय हिल स्टेशन है, जो अपनी नैनी झील और आसपास की ख़ूबसूरत वादियों के लिए जाना जाता है। देश में मौजूद तमाम हिल स्टेशन की तरह इसको भी कभी अंग्रेज़ों ने बसाया था और वे लोग अपनी छुट्टियों को मानने के लिए इस जगह पर आते थे। इस जगह पर पूरे साल एक ख़ूबसूरत और सुखद मौसम का अनुभव होता है, जिसकी वजह से दूर-दूर से सैलानी आते हैं। नैनीताल की सबसे ख़ास बात यह कि ये सभी तरह के सैलानियों को रास आती है। इसकी वजह से यह जो कभी एक हनीमून डेस्टिनेशन के रूप में उभरा अब परिवारों, जोड़ों और यहां तक कि सोलो ट्रैवलर्स के लिए भी एक लोकप्रिय हिल स्टेशन बन गया है। नैनीताल घूमने के साथ साथ एक्सप्लोर करने के लिहाज़ से भी काफ़ी अच्छी जगह है।
नैनीताल में आख़िर क्या है ख़ास

इस जगह पर आकर आप नैनीताल के बीचोंबीच स्थित नैना झील में बोटिंग कर सकते हैं। इस झील के एक तरफ माल रोड, दूसरी तरफ थांडी रोड और बिल्कुल सामने बस स्टैंड है। इस जगह पर आप प्राकृतिक वातावरण और नौकायान करने के साथ साथ यहाँ की औपनिवेशिक संरचनाओं को भी देख सकते हैं जोकि इस जगह की सुंदरता को बढ़ाते हैं। यह जगह खरीदारी, स्नो व्यू पॉइंट से हिमालय की सुंदरता को देखने, रोपवे की सवारी करने, साहसिक पर्यटक गतिविधियों में शामिल होने आदि की भी दृष्टि से एक बहुत ही महत्वपूर्ण जगह है।
अगर आप नैनीताल घूमने जा रहे हैं, तो आपको नीचे दिए गए पर्यटन स्थलों की यात्रा अवश्य करनी चाहिए।
1- नैनीताल झील

नैनीताल के सौंदर्य को चार चाँद लगाने वाली नैनीताल झील को देखने के लिए आपको कहीं जाने की ज़रूरत नहीं, जैसे ही आप बस स्टैंड पर उतरेंगे शहर के बीचोंबीच स्थित यह जगह आपको दिख जाएगी। यह ख़ूबसूरत चोटियों से घिरी झील सूर्योदय और सूर्यास्त के दौरान एक बहुत ही लुभावनी और मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करती है। यह बोटिंग, पिकनिक और सैर के लिए बहुत ही अनुकूल जगह है। इस जगह पर जाकर आपको अच्छा लगेगा और आप इस जगह के मौसम की छटा को बहुत ही ख़ूबसूरती के साथ महसूस कर पाएंगे।
2- टिफिन टॉप
टिफिन टॉप नैनीताल का एक ऐसा पर्यटक स्थल है जहां से पूरा नैनीताल शहर दिखाई देता है। टिफिन टॉप काफ़ी खूबसूरत है और चेर, ओक और देवदार के पेड़ों से घिरा हुआ है। इस जगह पर ज़्यादातर लोग पिकनिक मानने के लिए आते हैं, इस जगह से आप आसपास का बहुत ही ख़ूबसूरत नज़ारा देख सकते हैं। इस जगह से नैनी लेक और कुमाऊं की पहाड़ियां बहुत ही खूबसूरत दिखाई देती हैं। बारिश के बाद जब मौसम साफ़ होता है तो इस जगह से नंदा देवी की चोटी भी दिखाई देती है। इस जगह पर ट्रेकिंग या फिर आप घोड़े से पहुंच सकते हैं।
3- स्नो व्यू पॉइंट

स्नो व्यू पॉइंट समुद्र तल से काफ़ी ऊंचाई पर स्थित है और नैनीताल के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। इस जगह से हिमालय का बहुत ही मनोरम दृश्य दिखाई देता है। स्नो व्यू पॉइंट पर दूरबीन की सुविधा है, जहां से आप हिमालय पर्वतमाला और उनकी जादुई चोटियों को करीब से देख सकते हैं। इस जगह पर ज़्यादातर लोग नंदा देवी, नंदा कोट और त्रिशूल जैसी बर्फ़ से चोटियों के नज़ारे देखने के लिए आते हैं। इस जगह से बर्फ से ढके हिमालय के पहाड़ बहुत ही ख़ूबसूरत नज़र आते हैं।
4- इको केव गार्डन

मल्लीताल इलाके में स्थित इको केव गार्डन नैनीताल आने वाले पर्यटकों की बेहद पसंदीदा जगह है। इस जगह पर सैलानी शाम के वक़्त घूमने और शंगीतमय शाम का लुत्फ़ उठाने के लिए आते हैं। यह जगह अपनी परस्पर जुड़ी चट्टानी गुफाओं, लटकते बगीचों और संगीतमय फव्वारों के लिए जानी जाती है। यह इको गार्डन विभिन्न जानवरों के आकार में छह छोटी गुफाओं का एक समूह है। इस जगह को हिमालयी वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास की एक झलक देने के लिए विकसित किया गया है।
5- माल रोड नैनीताल

मॉल रोड नैनी झील के बिल्कुल समानांतर चलता है और साथ ही मल्लीताल और तल्लीताल के दो छोरों को आपस में जोड़ने का कार्य करता है। यह नैनीताल के सबसे सुंदर आकर्षणों में से एक है, जो अपने यहाँ आए सैलानियों को खरीदारी, भोजन और संस्कृति को समझने के सुनहरा मौक़ा देता है। माल रोड नैनीताल की सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाली जगहों में आता है। इस रोड पर रात की सैर का अपना एक अलग ही मज़ा होता है।
6- नैना देवी मंदिर

नैनीताल में स्थित नैना देवी मंदिर हिंदू आस्था का एक बहुत बड़ा केंद्र है। इक्यावन शक्ति पीठों में से एक होने की वजह से नैना देवी मंदिर उत्तर भारत के सबसे प्रतिष्ठित मंदिरों में गिना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस जगह पर माता की आँख गिरी थी। इस जगह पर लोग अपनी असीम श्रद्धा के साथ आते और माता के दर्शन करते हैं। इस जगह पर जाने के लिए थोड़ी सी चढ़ाई करनी पड़ती है, पर एक बार पहुंचने के बाद बहुत ही अच्छा फ़ील होता है।
7- नैना पीक

नैना पीक को नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी के रूप में जाना जाता है। यह नैनीताल का एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण है जो पूरे साल बर्फ से ढका रहता है। जिसकी वजह से आसपास की ख़ूबसूरत वादियों की ख़ूबसूरती देखते ही बनती है। यह जगह काफ़ी ऊँचाई पर स्थित है जिसकी वजह से आसपास का दृश्य बहुत ही सुंदर दिखाई देता है। इस चोटी के ऊपर पहुंचने पर अगर मौसम साफ़ हो तो नंदा देवी चोटी और तिब्बत सीमा से लगे पहाड़ दिखाई देते हैं। इस जगह पर लोग ट्रेक करके आना पसंद करते हैं।
8- सेंट जॉन वाइल्डरनेस चर्च

मल्लीताल उच्च न्यायालय के नज़दीक स्थित सेंट जॉन्स वाइल्डरनेस चर्च को यहाँ के प्रमुख पर्यटन स्थल के तौर पर जाना जाता है। यह इस जगह के सबसे पुराने और सबसे अच्छे चर्चों में से एक है। नव-गॉथिक शैली में बनाया गया यह चर्च वास्तुकला का एक नयब नमूना है। इस चर्च के आसपास का दृश्य बहुत ही ख़ूबसूरत और मनोरम है। इस चर्च का नाम कोलकाता के एक बिशप के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने अपना आधा जीवन यहां बिताया।
9- भीमताल झील

भीमताल में स्थित यह झील भारत की सबसे प्रसिद्ध झीलों में से एक है। यह झील इस जगह के सबसे बड़े आकर्षण में गिनी जाती है। यह इस जगह पर पर्यटक गतिविधियों को बढ़ाने के साथ शहर में पीने के पानी की आपूर्ति करती है। इस जगह पर लोग भीमताल झील एक्वेरियम को देखने के लिए आते हैं। यह भीमताल झील के बीच एक छोटे से द्वीप पर स्थित है। एक्वेरियम में लगे 12 बड़े टैंक विभिन्न प्रकार की मछलियों का घर है। भीमताल झील के शांत पानी में नौका विहार करना एक बहुत ख़ूबसूरत अनुभव होता है। इस जगह पर शहर के किसी भी हिस्से से निजी या सार्वजनिक वाहनों द्वारा पहुंचा जा सकता है।
10- कांची धाम

नैनीताल-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित कांची धाम एक छोटा सा आश्रम और हनुमान मंदिर है, जिसे लोग नीम करोली बाबा आश्रम के नाम से भी जानते हैं। यह मंदिर बाबा नीम करोली के समर्पण में बनाया गया है, जोकि एक हिंदू गुरु और भगवान हनुमान के भक्त थे। नीम करोली बाबा आश्रम अपने शांत और एकांत वातावरण के लिए जाना जाता है। इस आश्रम में भक्तों के ठहरने की भी सुविधा है।
नैनीताल घूमने को अच्छा समय

नैनीताल का मौसम पूरे साल ख़ूबसूरत और सुहावना रहता है, जिसकी वजह से कभी भी इस जगह पर आया जा सकता है। लेकिन अप्रैल से जून के बीच अगर आप आएँगे तो इस जगह को और भी अच्छे से घूम पाएंगे। इस दौरान इस जगह का औसत तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। जुलाई से सितंबर तक मानसून का मौसम होता है और नैनीताल में भारी होती है। नैनीताल में अक्टूबर से फरवरी तक सर्दी का मौसम होता है, इस दौरान इस जगह पर बर्फबारी ख़ूब होती है, जिसका अनुभव करने के लिए आप जनवरी में जा सकते हैं।
