Tulsi Puja: तुलसी का पौधा आमतौर पर हर हिंदू घर पर पाया जाता है। इसका कारण यह है कि तुलसी कोई साधारण पौधा ना होकर एक पूजनीय पौधा है। तुलसी की पूजा करने से भगवान नारायण का आशीर्वाद मिलता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार जिस घर पर तुलसी का पौधा लगा होता है वहां सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी बढ़ता है।
शास्त्रों में तुलसी पौधा लगाने और इसकी पूजा पाठ को लेकर कुछ नियम बताए गए हैं, जिसके अनुसार पूजा पाठ करने से घर पर सुख समृद्धि और सकारात्मक बनी रहती है। लेकिन एक बात गौर करने वाली है कि तुलसी का पौधा कभी भी किसी घर के भीतर नहीं लगा होता है। आखिर इसका क्या कारण है कि इतने पवित्र और पूजनीय पौधे को घर भीतर नहीं बल्कि बाहर रखा जाता है। आमतौर पर कई इनडोर प्लांट्स होते हैं जिन्हें हम घर के भीतर लगा सकते हैं या घर के भीतर रखते हैं। लेकिन तुलसी का पौधा हमेशा घर के बाहर जैसे आंगन या बालकनी में ही लगाया जाता है। आइये जानते हैं आखिर इसका क्या कारण है?
घर के भीतर क्यों नहीं लगाया जाता तुलसी का पौधा

तुलसी को देवी लक्ष्मी का प्रतीकात्मक रूप माना गया है। ऐसी मान्यता है कि इस पौधे में देवी लक्ष्मी का वास होता है। शास्त्रों के नियम कहते हैं कि जब घर में किसी देवी-देवता की अनुपस्थिति हो या किसी देवी-देवता की प्रतिमा अगर घर पर ना हो तो आप इससे जुड़ी प्रतीकात्मक वस्तुओं को घर पर रख सकते हैं। लेकिन घर पर अगर उस देवी देवता की प्रतिमा हो और नियमित रूप से उसकी पूजा आराधना की जाती हो, तो इससे जुड़े प्रतिकात्मक चीजों को घर पर रखना शुभ नहीं माना जाता है, क्योंकि जहां साक्षात् देवी देवता उपस्थित होते हैं वहां प्रतिकात्मक को रखना शुभ नहीं होता। यही कारण है कि तुलसी को घर के भीतर न लगाकर बाहर लगाया जाता है।
तुलकी को घर के भीतर न लगाने का एक अन्य कारण यह भी है कि, तुलसी को भगवान विष्णु के शालीग्राम रूप की पत्नी हैं। लेकिन मां लक्ष्मी साक्षात् भगवान विष्णु की अर्धांगिनी हैं। ऐसे में घर के भीतर भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर के साथ तुलसी का पौधा भी रखना अशुभता का कारण बन सकता है। इससे परिवार के लोगों के बीच कलह-क्लेश जैसी स्थिति उत्पन्न होती है और आपसी मतभेद बढ़ते हैं। यही कारण है कि शास्त्रों में तुलसी को घर के आंगन में स्थान दिया गया है।
तुलसी का पौधा लगाने के शुभ स्थान और दिशा

तुलसी का पौधा यदि उचित स्थान और दिशा में लगाया जाए तो इससे घर पर खूब बरकत होती है। तुलसी का पौधा लगाते समय इस बात का भी ध्यान रखें कि, जिस स्थान पर सूर्य की पर्याप्त रोशनी आती हो, वहीं तुलसी लगाएं। वास्तु शास्त्र के मुताबिक तुलसी के पौधे को उत्तर-पूर्व या पूर्व दिशा में लगाना शुभ होता है। आप अपने घर की बालकनी, आंगन या खिड़की के पास भी उत्तर-पूर्व या उत्तर दिशा में इसे लगा सकते हैं। इन दिशा में तुलसी का पौधा लगाने से वातारण शुद्ध होता है।
