Puja Path ke Niyam: हिंदू धर्म में सभी घरों में नियमित रूप से पूजा-पाठ किए जाते हैं। घर में सुबह और शाम पूजा करने का विधान है। पूजा के दौरान हम भगवान के समक्ष दीपक या अगबत्ती जरूर जलाते हैं। मान्यता है कि घर पर धूप-दीप जलाने से सकारात्मकता और पवित्रता का माहौल बनता है। इसलिए पूजा-पाठ के समय धूप-दीप जलाए जाते हैं और इसके बिना पूजा अधूरी मानी जाती है। लेकिन हिंदू धर्म में पूजा-पाठ के कुछ नियम होते हैं, जिसका पालन करना सभी के लिए अनिवार्य होता है। इसलिए जान लीजिए कि रोजाना की पूजा में दीपक या अगरबत्ती क्या जलाना शुभ होता है। पूजा-पाठ के दौरान धूप-दीप जलाना ईश्वर के प्रति भक्ति भाव का प्रतीक माना जाता है। पूजा के दौरान दीप प्रज्वलित करने और धूपबत्ती जलाने की परंपरा काफी पुरानी है। लेकिन सवाल यह उठता है कि पूजा में दीपक जलाना शुभ होता है या अगरबत्ती। इस लेख में आपको इसी सवाल का जवाब मिलेगा।
Also read: शनि देव ने किन राशियों को किया 2024 में सबसे अधिक परेशान: Year Ender 2024 Shani Dev Effect
दीपक या अगरबत्ती क्या जलाना शुभ

पूजा के दौरान हम दीपक और अगरबत्ती दोनों ही चीजों का प्रयोग श्रद्धापूर्वक करते हैं। लेकिन धार्मिक मान्यता के अनुसार दीपक जलाना शुभ माना जाता है। इसका कारण यह है कि दीपक में घी या तेल का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे सकारात्मक ऊर्जा सक्रिय होती है। वहीं अगरबत्ती बांस की लकड़ी से बनी होती है और हिंदू धर्म में बांस जलाने को शुभ नहीं माना जाता है। इसलिए अगरबत्ती के बजाय दीपक जलाना अधिक शुभ माना जाता है।
इन कारणों से अगरबत्ती जलाना होता है अशुभ

- शास्त्रों में पूजा-पाठ से जुड़े नियमों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया है। लेकिन अगरबत्ती जलाकर पूजा करने के बारे में कहीं उल्लेख नहीं मिलता।
- अगरबत्ती बांस की बनी होती है। हिंदू धर्म में बांस जलाना अशुभ होता है। मान्यता है कि इससे घर पर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए जानकार अगरबत्ती की जगह दीप जलाने की सलाह देते हैं।
- एक मान्यता यह भी है कि बांस जलाने से वंश वृद्धि में बाधा आती है और पितृ दोष लगता है। इसलिए भी लोग पूजा में बांस से बनी अगरबत्ती नहीं जलाते।
- हिंदू धर्म में अंतिम संस्कार के समय शव को अर्थी पर रखकर श्मशान ले जाया जाता है, जोकि बांस से बनी होती है। लेकिन शवदाह के पहले शव को अर्थी से हटा दिया जाता है और लकड़ी से जलाया जाता है। हिंदू धर्म में बांस जलाना किसी भी दृष्टि से शुभ नहीं है।
- हिंदू धर्म में शुभ कार्यों जैसे शादी-विवाह, जनेऊ, मुंडन संस्कार आदि के समय भी बांस पूजन का विधान है और विवाह में तो बांस से मंडप भी बनाए जाते हैं। इसलिए धार्मिक दृष्टिकोण से बांस से बनी अगरबत्ती जलाना अशुभ होता है।
