dampa-tiger-reserve
dampa-tiger-reserve

डम्पा टाइगर रिजर्व की ख़ास बात

मिज़ोरम की राजधानी आइजोल से लगभग 125 किलोमीटर दूर स्थित यह टाइगर रिजर्व घने जंगलों, पहाड़ियों, झरनों और दुर्लभ वन्यजीवों का घर है।

Dampa Tiger Reserve: डम्पा टाइगर रिजर्व भारत के उत्तर-पूर्वी राज्य मिज़ोरम में स्थित एक खूबसूरत और समृद्ध जैव विविधता वाला वन क्षेत्र है। यह वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक स्वर्ग की तरह है। मिज़ोरम की राजधानी आइजोल से लगभग 125 किलोमीटर दूर स्थित यह टाइगर रिजर्व घने जंगलों, पहाड़ियों, झरनों और दुर्लभ वन्यजीवों का घर है। यह क्षेत्र वन्यजीव संरक्षण के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यहाँ विभिन्न प्रकार के जीव-जंतु और पक्षी पाए जाते हैं। अगर आप एडवेंचर और नेचर लवर हैं तो डम्पा टाइगर रिजर्व आपको एक यादगार अनुभव देगा। आइए जानते हैं इस टाइगर रिजर्व की चार खास बातें और घूमने से जुड़ी पूरी जानकारी।

डम्पा टाइगर रिजर्व विभिन्न प्रकार के वन्यजीवों के लिए जाना जाता है। यहाँ बंगाल टाइगर, एशियाई हाथी, भौंकने वाले हिरण, गौर, हिमालयन ब्लैक बियर, क्लाउडेड लेपर्ड और गोल्डन कैट जैसी दुर्लभ प्रजातियाँ पाई जाती हैं। इसके अलावा यहाँ 100 से अधिक प्रजातियों के पक्षी भी देखे जा सकते हैं जिनमें से कई प्रवासी पक्षी भी हैं।

यह रिजर्व चारों ओर से घने जंगलों से घिरा हुआ है जो इसे रहस्यमयी और रोमांचक बनाते हैं। यहां ऊँची-नीची पहाड़ियाँ और बहती नदियाँ इसे ट्रेकिंग और जंगल सफारी के लिए एक बेहतरीन जगह बनाती हैं। जंगल इतना घना है कि कई जगहों पर सूरज की रोशनी भी मुश्किल से पहुंच पाती है।

डम्पा टाइगर रिजर्व में इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाता है। यहाँ कई खूबसूरत ट्रेकिंग ट्रेल्स हैं जहां आप जंगल की खूबसूरती को नजदीक से देख सकते हैं। ट्रेकिंग के दौरान कई तरह के पक्षी और छोटे-छोटे झरने भी देखने को मिलते हैं। यह जगह उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो प्रकृति के करीब रहना चाहते हैं।

यह रिजर्व मिज़ोरम की आदिवासी संस्कृति से भी जुड़ा हुआ है। यहाँ आसपास की पहाड़ियों में रहने वाली मिज़ो जनजाति अपनी अनूठी परंपराओं और रीति-रिवाजों के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ आकर आप उनके जीवनशैली को करीब से देख सकते हैं और उनके पारंपरिक भोजन का आनंद ले सकते हैं।

हवाई मार्ग से जाने के लिए निकटतम हवाई अड्डा लेंगपुई एयरपोर्ट है, जो डम्पा टाइगर रिजर्व से लगभग 130 किमी दूर है। यहाँ से टैक्सी या बस से जाया जा सकता है। रेल मार्ग से जाने के लिए निकटतम रेलवे स्टेशन बैराबी रेलवे स्टेशन है, जो रिजर्व से 90 किमी दूर स्थित है। आइजोल से डम्पा टाइगर रिजर्व तक सड़क मार्ग से जाया जा सकता है। यहाँ के लिए नियमित बस और टैक्सी सेवाएँ उपलब्ध हैं।

डम्पा टाइगर रिजर्व घूमने के लिए सबसे अच्छा समय अक्टूबर से अप्रैल के बीच का होता है। इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और जंगल सफारी का सबसे अच्छा अनुभव मिलता है। बारिश के मौसम में जंगल घूमना मुश्किल हो सकता है। डम्पा टाइगर रिजर्व के पास ठहरने के लिए कई छोटे गेस्टहाउस और होमस्टे उपलब्ध हैं। आइजोल में भी कई अच्छे होटल मिल जाते हैं, जहाँ आप आराम से ठहर सकते हैं।

संजय शेफर्ड एक लेखक और घुमक्कड़ हैं, जिनका जन्म उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हुआ। पढ़ाई-लिखाई दिल्ली और मुंबई में हुई। 2016 से परस्पर घूम और लिख रहे हैं। वर्तमान में स्वतंत्र रूप से लेखन एवं टोयटा, महेन्द्रा एडवेंचर और पर्यटन मंत्रालय...