बच्चों को गहराई से समझेंगे माता पिता तो जीत लेंगे आसानी से उनका विश्वास
बच्चे को डरने धमकाने की जगह उसके लिए घर में सकारात्मक माहौल बनाएं और अपने व्यवहार से बच्चे का मन जीत लें
Parenting Advice: बच्चों का विश्वास जीतना शायद इस दुनिया की सबसे प्यारी चुनौती है। शायद बहुत से लोगों को ये काम बहुत आसान लगता होगा लेकिन यकीन मानिए ये छोटी सी बात आपके बच्चों के पालन-पोषण में बहुत अहम भूमिका निभाती है। आज के समय में, बहुत से माता-पिता बच्चों को अनुशासन में रखने के लिए काफी सख्ती दिखाने लगते हैं और उन्हें डराने-धमकाने का तरीका अपनाते हैं। लेकिन यह तरीका न केवल बच्चों के मानसिक विकास पर प्रभाव डालता है, बल्कि ये तरीका बच्चे और माता पिता के बीच के रिश्ते को काफी हद तक कमजोर बना देता है। बच्चे को डरने धमकाने की जगह उसके लिए घर में सकारात्मक माहौल बनाएं और अपने व्यवहार से बच्चे का मन जीत लें, इस तरह आपके और बच्चे के बीच विश्वास की मजबूत डोर बन जाती है।
ऐसे सकारात्मक माहौल में पले बड़े बच्चे आत्मनिर्भर होने के साथ साथ मानसिक रूप से मजबूत और समझदार बनते हैं।
इस तरह जीतें बच्चों का विश्वास

बच्चों को लगातार डरने धमकाने से उनके अंदर डर और असुरक्षा की भावना जन्म ले लेती है। माता पिता का ऐसा व्यवहार बच्चों को मानसिक रूप से कमजोर बना देता है। धीरे धीरे बच्चे इस डर की वजह से अपनी परेशानी माता-पिता के साथ साझा करने से डरने लगते हैं। आइये जानते हैं कैसे बच्चों के मन में आत्मविश्वास जगाएं और उन्हें निडर बनाएं।
सुनें और समझें
हमेशा ये कोशिश ना करें की बच्चे सिर्फ आपकी बात सुनें, बल्कि आप भी बच्चों को सुनें और साथ में उनकी बातों को समझने की कोशिश करें। बच्चों की एहसास दिलाएं की उनकी राय और भावनाएं आपके लिए बहुत मायने रखती हैं।
समय दें

बच्चों के साथ खेलें, पढ़ें या उनकी पसंद की किसी भी एक्टिविटी में हिस्सेदार बनें, अपने बचपन के खेल के बारे में उन्हें बताएं और उनके साथ खेलें इससे बच्चों का आप पर विश्वास बढ़ेगा।
प्रोत्साहन
बच्चों की उपलब्धियों और उनके द्वारा किये गए छोटे से छोटे प्रयास की प्रशंसा करें। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।
ना रुके बातों का सिलसिला
बच्चों के साथ बातें करें, कुछ उनकी सुनें कुछ अपनी सुनाएं। उनकी दिनचर्या, स्कूल, दोस्तों और परेशानियों या चुनैतियों के बारें में इस तरह पता करना आसान होगा।
उदाहरण दें
अपने व्यवहार और आचरण के माध्यम से बच्चों के लिए एक अच्छा उदाहरण बनें। बचे सिखाने पर नहीं बल्कि जो दिखता हैं उस पर ज्यादा यकीन कर पाते हैं ।
समर्थन

बच्चों को अपनी परेशानी और डर के बारे में खुलकर बात करने के लिए हमेशा ही प्रोत्साहित करते रहें। उन्हें यह महसूस होना चाहिए की हर परिस्तिथि में आप हमेशा उनके साथ हैं।
तय करें नियम
कुछ नियम और सीमाएं हमेशा निर्धारित करें, लेकिन ये सब बच्चों पर थोपे नहीं, बल्कि समझा कर उन्हें एहसास दिलाएं की कुछ नियम और सीमाएं जीवन में होना बेहद जरुरी हैं।
ईमानदार बनें
बच्चों के साथ हमेशा ईमानदारी का परिचय दें। अपने विचार, भावनाएं और उनके समझने लायक निर्णय साझा करें, ताकि वो आप पर विश्वास कर सकें।
