Overview:
सोलो ट्रेवल को आज के युवा खुद को खोजने का एक माध्यम मान रहे हैं। यह वो वक्त होता है, जब आपको खुद को करीब से जानने और पहचानने का पूरा मौका मिलता है।
Solo Travel Benefits: ट्रेवल की जब भी बात आती है तो लोग परिवार या दोस्तों का सहारा खोजने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनियाभर के लोग अब सोलो ट्रेवल की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। सोलो ट्रेवल को आज के युवा खुद को खोजने का एक माध्यम मान रहे हैं। यह वो वक्त होता है, जब आपको खुद को करीब से जानने और पहचानने का पूरा मौका मिलता है। आखिर क्या है सोलो ट्रेवल और क्या है इसके फायदे, आइए जानते हैं।
आत्मनिर्भर बनाता सोलो ट्रेवल

सोलो ट्रेवल का मतलब है बैग पैक करके अकेले ही सफर पर निकल जाना। यह एक ऐसा सफर होता है, जिसमें आप सब कुछ अपनी पसंद से आत्मनिर्भर होकर करते हैं। अकेले सफर करने से आप अपनी सीमाएं पहचान पाते हैं। आपको अपने आत्मविश्वास और क्षमताओं का पूरा एहसास हो पाता है। जब आप अकेले सफर पर जाते हैं जिंदगी के प्रति आपका नजरिया पूरी तरह से बदल जाता है। इससे आपको मानसिक शांति महसूस होती है।
ढेर सारे फायदे हैं सोलो ट्रेवल के
सोलो ट्रेवल का फायदा सिर्फ यही नहीं है कि आप इसमें अपनी पसंद और मर्जी से घूम सकते हैं। बल्कि इसके ढेर सारे दूसरे फायदे भी हैं। सोलो ट्रेवल कई मायनों में आपको अपनी क्षमताओं का एहसास करवाता है। इससे आप परेशानियों का अकेले सामना करना सीखते हैं। साथ ही उन्हें हल करने की भी पूरी कोशिश करते हैं। आपकी दूसरों पर निर्भरता कम होती है। आप सोलो ट्रेवल के दौरान नए लोगों से मिलते हैं और आपकी नेटवर्किंग मजबूत होती है। कई बार दूसरों के कारण आपका ट्रेवल बजट बिगड़ जाता है। लेकिन जब आप अकेले यात्रा करते हैं तो आप अपने बजट के अनुसार सारी चीजें कर पाते हैं।
कुछ बातों का ध्यान रखना है जरूरी
सोलो ट्रेवल के अनगिनत फायदों के बीच, कुछ सावधानियां रखना बहुत जरूरी है। जिसमें सबसे महत्वपूर्ण है अपनी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना। इसलिए सोलो ट्रेवल की पूरी प्लानिंग सोच समझकर करें। साथ ही यह प्लानिंग अपने परिवार और दोस्तों के साथ जरूर शेयर करें। जैसे जगहों, होटल्स आदि के नाम। कोशिश करें कि आप होटल हमेशा पहले ही बुक करवा लें। आपके पास सभी जरूरी दस्तावेज होने चाहिए। जब आप अकेले सफर करते हैं तो टाइम मैनेजमेंट का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। कोशिश करें कि आप देर रात किसी जगह न पहुंचे। आप शाम या दोपहर में अपनी जगह पहुंचें। आपका जीपीएस और इंटरनेट हमेशा सही होना चाहिए। सोलो ट्रेवल के समय कभी भी बहुत ज्यादा और भारी सामान न लें। आपका बैग पैक जितना छोटा होगा, आप उतने ही आसानी से सफर कर पाएंगे। आप अकेले सफर कर रहे हैं यह बात हर किसी से शेयर न करें और अजनबियों से बहुत ज्यादा बात न करें।
ऐसे बनाएं सोलो ट्रेवल का प्लान
अगर आप सोलो ट्रेवल कर रहे हैं तो इसकी प्लानिंग में आपको थोड़ी सावधानी रखनी चाहिए। जैसे अगर आप पहली बार अकेले सफर कर रहे हैं तो आस-पास की ही जगह पर जाएं। इससे आप कंफर्टेबल रहेंगे। प्लानिंग के दौरान मौसम और वीकेंड का भी ध्यान रखें। कई बार मौसम के कारण भी आपको परेशानी हो सकती है। वहीं वीकेंड पर आपको हर जगह पर्यटक ज्यादा मिलेंगे। आप होटल की बुकिंग पहले ही करवाएं। साथ ही टूरिस्ट प्लेस, स्थानीय फूड, मार्केट आदि की जानकारियां भी पहले ही एकत्रित कर लें। अपने ट्रेवल बैग में फस्र्ट एड बॉक्स, दवाएं, इमरजेंसी लाइट, डायरी, पैन, बैटरी बैंक, रेडी टू कुक फूड, स्नैक्स आदि जरूर साथ रखें।
