Araku Valley: आंध्र प्रदेश के विशाल पूर्वी घाटों में बसी अराकू वैली प्रकृति प्रेमियों और साहसिक यात्रियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। समुद्र तल से लगभग 910 मीटर की ऊँचाई पर स्थित यह घाटी अपनी हरियाली, कॉफी बागानों और जनजातीय संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन इस घाटी की खास बात है यहाँ की रोमांचक रेल यात्रा जो विशाखापट्टनम से अराकू तक जाती है। यह यात्रा अपने यहाँ आने वाले सैलनियों को रोमांच से भर देती है।
अराकू रेल यात्रा की विशेषता
अराकू वैली की रेल यात्रा देश की सबसे सुंदर ट्रेन यात्राओं में से एक मानी जाती है। लगभग 130 किलोमीटर की यह यात्रा 58 सुरंगों और 84 पुलों से होकर गुजरती है। ट्रेन जैसे ही घाटी के ऊँचाई वाले हिस्सों में पहुँचती है। आप हरे-भरे पहाड़, झरने और गहरी घाटियों का मनमोहक दृश्य देख सकते हैं। मॉनसून और सर्दियों में यह यात्रा और भी जादुई हो जाती है जब घाटी बादलों और कोहरे में लिपटी होती है। यह अनुभव यात्रियों के दिल में हमेशा के लिए बस जाता है।
पहला दिन: रेल यात्रा और अराकू की खोज

पहले दिन सुबह विशाखापट्टनम से अराकू के लिए ट्रेन लें। ट्रेन की खिड़की से बाहर का दृश्य आपको पूरे सफर में बांधे रखेगा। अराकू पहुँचकर सबसे पहले पद्मिनी गार्डन घूमें, जहाँ आप हरियाली और रंग-बिरंगे फूलों का आनंद ले सकते हैं। इसके बाद अराकू ट्राइबल म्यूजियम जाएँ, जहाँ आप यहाँ की जनजातीय संस्कृति और उनके हस्तशिल्प को करीब से देख सकते हैं। शाम को आप घाटी में वॉक कर सकते हैं या अपने रिज़ॉर्ट में आराम कर सकते हैं।
दूसरा दिन: झरनों और कॉफी बागानों की सैर
दूसरे दिन आप अराकू के झरनों की ओर निकलें। सबसे पहले चापराई वॉटरफॉल्स जाएँ, जहाँ पानी की कलकल धारा के बीच आप पिकनिक का मज़ा ले सकते हैं। इसके बाद डंब्रिगुडा वॉटरफॉल्स की ओर बढ़ें जो अपने प्राकृत सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। दोपहर में आप कॉफी बागानों की सैर करें। अराकू भारत के प्रमुख ऑर्गेनिक कॉफी उत्पादक क्षेत्रों में से एक है। यहाँ आप स्थानीय कॉफी का स्वाद चख सकते हैं और कॉफी बीन्स भी खरीद सकते हैं। शाम को बोनफायर के साथ जनजातीय नृत्य का आनंद लें।
तीसरा दिन: बोर्रा केव्स और वापसी

तीसरे दिन आप अराकू के सबसे प्रसिद्ध स्थल बोर्रा केव्स जाएँ। ये गुफाएँ करीब 150 मिलियन साल पुरानी हैं और उनकी चूना पत्थर की संरचनाएँ बेहद आकर्षक हैं। गुफाओं में रंगीन लाइटिंग इसे और भी रहस्यमयी बना देती है। बोर्रा केव्स से लौटते हुए आप काटिकी वॉटरफॉल्स भी देख सकते हैं। इसके बाद आप विशाखापट्टनम की ओर वापस रवाना हो सकते हैं। यह पूरी यात्रा अपने जीवन के ख़ूबसूरत अनुभव में शामिल हो जाएगी।
क्यों है अराकू ख़ास?
अराकू न केवल अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती है, बल्कि यहाँ की सादगी, साफ़ हवा और जनजातीय जीवनशैली इसे अलग बनाते हैं। यहाँ की रेल यात्रा और प्राकृतिक स्थल यात्रियों को एक अनोखा अनुभव देते हैं। यह जगह उन लोगों के लिए आदर्श है जो शहर के शोर से दूर शांत और सुंदर जगह की तलाश में हैं।
