कांगड़ा जिले के इंदौरा उपमंडल में काठगढ़ महादेव का मंदिर स्थित है। यह विश्व का एकमात्र मंदिर है, जहां शिवलिंग दो भागों में बंटा हुआ है, जिसे मां पार्वती और भगवान शिव के रूपों में माना जाता है। विशेष बात यह है कि ग्रहों और नक्षत्रों के अनुसार दोनों भागों के बीच का अंतर घटता-बढ़ता रहता है। ग्रीष्म ऋतु में यह स्वरूप दो भागों में बंट जाता है और शीत ऋतु में पुन: एक रूप धारण कर लेता है।
शिव पुराण की विधेश्वर संहिता के अनुसार पद्म कल्प के प्रारंभ में एक बार ब्रह्मांड और विष्णु के मध्य श्रेष्ठïता का विवाद उत्पन्न हो गया और दोनों दिव्यास्त्र लेकर युद्ध हेतु उन्मुख हो उठे। यह भयंकर स्थिति देख शिव सहसा वहां आदि अनंत ज्योतिर्मय स्तंभ के रूप में प्रकट हो गए, जिससे दोनों देवताओं के दिव्यास्त्र स्वत: ही शांत हो गए। ब्रह्मांड और विष्णु दोनों उस स्तंभ के आदि-अंत का मूल जानने के लिए जुट गए। विष्णु शुक्र का रूप धरकर पाताल गए, मगर अंत न पा सके। ब्रह्मांड आकाश से केतकी का फूल लेकर विष्णु के पास पहुंचे और बोले- मैं स्तंभ का अंत खोज आया हूं, जिसके ऊपर यह केतकी का फूल है। ब्रह्मांड का यह छल देख कर शिव वहां प्रकट हो गए और विष्णु ने उनके चरण पकड़ लिए। तब शंकर ने कहा कि ‘आप दोनों समान हैं। यही अग्नि तुल्य स्तंभ, काठगढ़ के रूप में जाना जाने लगा। ईशान संहिता के अनुसार ‘इस शिवलिंग का प्रादुर्भाव फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी की रात्रि को हुआ था।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
विश्व विजेता सिकंदर ईसा से 326 वर्ष पूर्व जब पंजाब पहुंचा, तो प्रवेश से पूर्व उसने मीरथल नामक गांव में अपने पांच हजार सैनिकों को खुले मैदान में विश्राम की सलाह दी। इस स्थान पर उसने देखा कि एक फकीर शिवलिंग की पूजा में व्यस्त है। उसने फकीर से कहा- ‘आप मेरे साथ युनान चलें। मैं आपको दुनिया का हर ऐश्वर्य दूंगा। फकीर ने सिकंदर की बात को अनसुना करते हुए कहा- ‘आप थोड़ा पीछे हट जाएं और सूर्य का प्रकाश मेरे तक आने दें। फकीर की इस बात से प्रभावित होकर सिंकदर ने टीले कर काठगढ़ महादेव का मंदिर बनाने के लिए भूमि को समतल करवाया और चाहरदीवारी बनवाई। इस चाहरदीवारी के व्यास नदी की ओर अष्टïकोणीय चबूतरे बनवाए, जो आज भी यहां हैं।
रणजीत सिंह ने किया पुनरुद्धार
कहते हैं, महाराजा रणजीत सिंह ने जब गद्दी संभाली तो पूरे राज्य के धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। वह जब काठगढ़ पहुंचे, तो इतना आनंदित हुए कि उन्होंने आदि शिवलिंग पर तुरंत सुंदर मंदिर बनवाया और वहां पूजा करके आगे निकले। मंदिर के पास ही बने एक कुएं का जल उन्हें इतना पसंद था कि वह हर शुभ कार्य के लिए यहीं से जल मंगवाते थे।
अर्धनारीश्वर का रूप
दो भागों में विभाजित आदि शिवलिंग का अंतर ग्रहों एवं नक्षत्रों के अनुसार घटता-बढ़ता रहता है और शिवरात्रि पर दोनों का मिलन हो जाता है। यह पावन शिवलिंग अष्टïकोणीय है तथा काले-भूरे रंग का है। शिव रूप में पूजे जाते शिवलिंग की ऊंचाई 7-8 फुट है जबकि पार्वती के रूप में अराध्य हिस्सा 5-6 फुट ऊंचा है।
भरत की प्रिय पूजा-स्थली
मान्यता है, त्रेता युव में भगवान राम के भाई भरत जब भी अपने ननिहाल कैकेय देश (कश्मीर) जाते थे, तो काठगढ़ में शिवलिंग की पूजा किया करते थे।
- कब जाएं?
काठगढ़ महादेव के दर्शनों के लिए साल भर में कभी भी जाया जा सकता है, मगर शिवरात्रि व सावन माह में लगने वाले मेलों में जाने का विशेष महत्त्व है।
- कैसे जाएं?
मंदिर को जाने के लिए दो मार्ग हैं। एक मार्ग पंजाब की जम्मू-कश्मीर को लगती सीमा का प्रवेश द्वार कहे जाते पठानकोट-इंदौर जाता है। पठानकोट से यह मंदिर छ: कि.मी दूर है। जबकि दूसरा मार्ग जालंधर-पठानकोट राजकीय मार्ग पर मीरथल कस्बे से चार किमी दूर है। पठानकोट रेल से भी जुड़ा हुआ है। निकटतम हवाई अड्ï राजासांसी (अमृतसर) है।
- कहां ठहरें?
काठगढ़ महादेव में ठहरने के लिए भव्य धर्मशाला है, जबकि निकटवर्ती नगर पठानकोट में होटलों व धर्मशालाओं की भरपूर व्यवस्था है।
यह भी पढ़ें –शिव भक्ति का अनूठा मेला- ‘श्रावणी मेला’
