पूजा में उपयोग होने वाले 5 तरह के शुभ पत्ते
ऐसी मान्यता चली आ रही है कि पूजा में कुछ खास तरह के पत्तों का इस्तेमाल करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। साथ ही इनका उपयोग शुभ फल देने वाला भी होता है।
Auspicious Leaves: हिन्दू धर्म में पूजा-पाठ के दौरान फल-फूल के अलावा कुछ विशेष तरह के पत्तों का भी बड़ा महत्व होता है। यह पत्ते ऐसे हैं जिन्हें शुभ और पवित्र मानकर पूजा में इनका उपयोग किया जाता है, इनके बिना कोई भी मांगलिक कार्य पूरा नहीं होता है। दरअसल ऐसी मान्यता चली आ रही है कि पूजा में कुछ खास तरह के पत्तों का इस्तेमाल करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। साथ ही इनका उपयोग शुभ फल देने वाला भी होता है, इनसे घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और आस-पास सकारात्मकता फैलती है। आइए विस्तार से जानते हैं कि ये कौन-कौन से पत्ते हैं और पूजा में इनका उपयोग क्यों जरूरी होता है।
तुलसी का पत्ता

तुलसी का पत्ता भगवान श्री हरि विष्णु को सबसे ज्यादा प्रिय है। भगवान श्री हरि विष्णु को जब भी भोग लगाया जाता है या उन्हें जल अर्पित किया जाता है तो उसमें तुलसी का एक पत्ता जरूर रखा जाता है। दरअसल तुलसी को देवी लक्ष्मी का ही रूप माना जाता है, इसलिए पूजा में इसका उपयोग करना बेहद ही शुभ होता है। पूजा में इसके पत्तों का उपयोग प्रसाद और धार्मिक अनुष्ठानों में किया जाता है। घर में तुलसी का पौधा लगाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मक ऊर्जा आती है।
बेल पत्र

भगवान शंकर को बेल पत्र बहुत ज्यादा पसंद है और यह उनकी आराधना का मुख्य अंग भी है। सावन के महीने में भगवान शंकर को बेल पत्र चढ़ाने से वे जल्दी प्रसन्न होते हैं। कभी भी चतुर्थी, अष्टमी, नवमी, चतुर्दशी, अमावस्या को बेल पत्र नहीं तोड़ना चाहिए। पूजा के अलावा इसका इस्तेमाल त्वचा रोग और डायबिटीज के रोग में भी किया जाता है।
पान का पत्ता

पान का पत्ता बेहद शुभ माना जाता है, इसे संस्कृत में तांबूल कहा जाता है। दक्षिण भारत में पूजा के दौरान पान के पत्ते पर पान का बीज और एक रुपए का सिक्का रखकर भगवान को चढ़ाया जाता है, जबकि उत्तर भारत में पान के पत्ते पर सुपारी और एक रुपए का सिक्का रखकर चढ़ाया जाता है।
केले का पत्ता

केले का पेड़ काफी पवित्र माना जाता है और इसके पत्ते का उपयोग हर धार्मिक कार्य में किया जाता है। इसका उपयोग भगवान श्री हरि विष्णु और देवी लक्ष्मी को भोग लगाने के लिए भी होता है। साथ ही इसके पत्ते में प्रसाद भी बांटा जाता है। ऐसा माना जाता है कि केले की पूजा करने से सुख-समृद्धि आती है।
आम के पत्ते

आम के पत्ते का उपयोग मांगलिक कार्यों में मंडप और कलश सजाने के लिए खासतौर पर किया जाता है। इसके पत्तों का इस्तेमाल घर के मुख्य द्वार, दीवार, यज्ञ आदि स्थानों को सजाने के लिए भी होता है। घर के मुख्य द्वार पर आम की पत्तियां लटकाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है। आम के पत्ते के साथ-साथ इसकी लकड़ियों का उपयोग करना भी शुभ माना जाता है। आम की सुखी लकड़ियों में घी और हवन सामग्री डालकर वातावरण को शुद्ध किया जाता है।
