Summary:धार्मिक मान्यता में केले के पत्ते का महत्व
केले के पत्ते पर भगवान को भोग लगाना अत्यंत शुभ माना जाता है। सत्यनारायण की पूजा, विवाह मंडप और गृहप्रवेश के समय केले के पत्तों का उपयोग सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि लाने वाला माना जाता है।
Why Banana Leaf in Worship: हिन्दू धर्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें केवल देवी-देवताओं की ही पूजा नहीं की जाती है, बल्कि इसमें पेड़-पौधों को भी पूजनीय माना जाता है। सभी पेड़ व पौधों का अपना अलग महत्व होता है, इन्हीं में एक है केले का पेड़, जिसे पूजा-पाठ के अलावा अधिकांश शुभ कामों में शामिल किया जाता है। प्राचीन समय से ही इसकी पूजा की जा रही है। केले का पेड़ शुभता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। दरअसल ऐसा माना जाता है कि केले के पेड़ में भगवान बृहस्पति का वास होता है और यह पेड़ श्री भगवान विष्णु को भी प्रिय है। इसलिए भी इसे अलग-अलग तरीके से पूजा-पाठ में शामिल किया जाता है।
केले के पत्ते का धार्मिक महत्व

केले के पेड़ को बेहद शुभ माना जाता है। यह पेड़ भगवान विष्णु की पूजा का अहम् हिस्सा होता है। सत्यनारायण की पूजा में इसका इस्तेमाल अवश्य किया जाता है। गृहप्रवेश के दौरान द्वार के दोनों तरफ इसके पत्तों से सजावट करना काफी शुभ होता है। इसके अलावा धार्मिक मान्यता के अनुसार विवाह के मंडप में भी केले के पत्ते लगाए जाते हैं। ज्योतिष के अनुसार सात गुरुवार नियमित रूप से विधि विधान के साथ केले के पेड़ की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
साथ ही जिसकी भी जन्म कुण्डली में मंगल दोष होता है, यदि उसका विवाह पहले केले के पेड़ से करवा दिया जाता है तो उसका मांगलिक दोष दूर हो जाता है। इसके अलावा केले के पेड़ की पूजा करने से वैवाहिक जीवन सुखी रहता है, रिश्ते में लड़ाई झगड़े कम होते हैं। इसके अलावा जो जातक पुखराज लेने में सक्षम नहीं हैं वे केले की जड़ को किसी भी पीले रंग के धागे से बांध कर अगर गले या फिर दाहिनी भूजा में धारण करते हैं तो जितना फल पुखराज धारण करने से मिलता है ठीक उतना ही फल केले की जड़ धारण करने से भी मिलता है।
अलग-अलग तरीके से किया जाता है केले के पत्ते का उपयोग

- केले के पत्ते का उपयोग भगवान को भोग लगाने के लिए किया जाता है। केले के पत्ते पर भगवान विष्णु को भोग लगाना काफी शुभ माना जाता है।
- घर में केले का पत्ते का उपयोग करने से सुख और समृद्धि आती है और माहौल भी सकारात्मक बनता है।
- जिस घर में लड़का-लड़की के विवाह में अगर कोई बाधा आ रही होती है तो वहां भगवान विष्णु को केले के पत्ते पर भोग लगाने से शुभ फल प्राप्त होता है।
- केले के पत्ते पर भोजन करना स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण से कैसे महत्वपूर्ण है केले का पत्ता

- केले के पत्ते में एंटी-ऑक्सीडेंट और कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक होते हैं।
- केले का पेड़ पर्यावरण के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। इसकी हरी पत्तियां हवा को शुद्ध करती हैं और वातावरण को ठंडक प्रदान करती हैं।
- केले के तने में जल की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जो घर के तापमान को संतुलित भी करता है।
