svaameebhakti
svaameebhakti

Heart Touching Story: पुराने समय में एक राजा अपने एक सेवक से विशेष स्नेह रखता था। वह सेवक हमेशा ही राजा की देखभाल में लगा रहता था। एक दिन सेवक अपने राजा को भोजन करा रहा था। तभी गलती से सेवक के हाथ से राजा के कपड़ों पर थोड़ी सी सब्जी गिर गई। इससे राजा क्रोधित हो गया। उसके हाव-भाव बदलने लगे। ये देखकर सेवक बहुत डर गया। वह सोचने लगा कि अब तो मेरे प्राणों को खतरा है, राजा मुझे जीवित नहीं छोड़ेगा। ये सोचकर उसने राजा के कपड़ों पर सब्जी का पूरा बर्तन गिरा दिया। ये देखकर राजा और क्रोधित हो गया। राजा ने सेवक से पूछा कि “पहले तो तुमने छोटी गलती की थी, उसे सुधारने के बाजाय तुमने और बड़ी गलती कर दी है। क्या तुम्हें अपने जीवन से प्रेम नहीं है?”

सेवक ने जवाब दिया कि “राजन जब मुझसे थोड़ी सी सब्जी गिरी तो आप क्रोधित हो गए। मैं समझ गया कि अब मेरी जान नहीं बच सकती है। मैंने सोचा कि अगर आप मेरी इस छोटी से गलती पर मुझे मृत्युदंड देंगे तो प्रजा में आपकी बदनामी होगी कि राजा बहुत निर्दयी है, इतनी छोटी सी गलती के लिए मृत्युदंड दे दिया। ये सोचकर मैंने पूरी सब्जी ही आपके कपड़ों पर गिरा दी। अब आप मुझे मृत्युदंड देंगे तो आपकी बदनामी नहीं होगी। प्रजा मुझे ही अपराधी समझेगी।”

राजा को सेवक का जवाब सुनकर समझ आया कि सेवक शुभचिंतक है और एक सेवक का काम कितना कठिन होता है।

शिक्षा : सेवक और शुभचिंतकों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। अगर कभी शुभचिंतक और मित्रों से गलती हो जाती है तो उन पर नाराज नहीं होना चाहिए बल्कि उनके प्रेम और समर्पण का सम्मान करना चाहिए तभी ये रिश्ता और मजबूत होता है।

ये कहानी ‘दिल को छू लेने वाली कहानियाँ’ किताब से ली गई है, इसकी और कहानी पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएंDil Ko Chhoo Lene Wali Kahaniyan (दिल को छू लेने वाली कहानियाँ)