Summary: ग्रीनलैंड पर ट्रंप का पेंगुइन मीम पोस्ट, सोशल मीडिया ने किया जमकर ट्रोल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर एक पोस्ट किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। लेकिन इस पोस्ट ने उन्हें तारीफ की बजाय ट्रोलिंग का शिकार बना दिया।
Donald Trump Greenland Penguin Memes: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर ग्रीनलैंड को लेकर चर्चा में हैं। पहले जहां वह अपने इरादे सीधे बयानों के ज़रिए जताते रहे हैं, वहीं इस बार उन्होंने बिल्कुल अलग और दिलचस्प तरीका अपनाया है। ट्रंप ने ग्रीनलैंड से जुड़ा अपना संदेश किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस या भाषण में नहीं, बल्कि एक वायरल पेंगुइन मीम के ज़रिए दिया है। सोशल मीडिया पर इन दिनों जो पेंगुइन मीम तेज़ी से ट्रेंड कर रहा है, उसी का इस्तेमाल करते हुए ट्रंप ने अपने इरादों की ओर इशारा किया। यह वही मीम है जिसे लाखों लोग शेयर कर रहे हैं और अब इसमें ट्रंप की एंट्री ने इसे और भी सुर्खियों में ला दिया है। इस अनोखे अंदाज़ ने लोगों का ध्यान खींच लिया है और एक बार फिर ग्रीनलैंड को लेकर चल रही चर्चाओं को हवा दे दी है। अब सवाल यही है कि आखिर इस मीम के पीछे ट्रंप का संदेश क्या है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
पेंगुइन ट्रेंड क्या है
सोशल मीडिया पर जो पेंगुइन वीडियो वायरल हो रहा है, वह वर्रन हर्जोग की 2007 में बनी डॉक्यूमेंट्री ‘एनकाउंटर्स एट द एंड ऑफ द वर्ल्ड’ से लिया गया है। इस वीडियो में एक अकेला पेंगुइन अपनी कॉलोनी छोड़कर अंटार्कटिका की ओर भटकता हुआ दिखाया गया है। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर मीम बनकर वायरल हो गया है, जिसे लोग ‘निहिलिस्ट पेंगुइन’, ‘लोनली पेंगुइन’ या ‘वैंडरिंग पेंगुइन’ के नाम से जानते हैं।
व्हाइट हाउस ने जारी की AI जनरेटेड तस्वीर

पेंगुइन मीम ट्रेंड को आगे बढ़ाते हुए व्हाइट हाउस ने एक AI-जेनरेटेड तस्वीर शेयर की, जिसने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा। इस इमेज में डोनाल्ड ट्रंप एक पेंगुइन के साथ बर्फ से ढके पहाड़ों की ओर चलते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि पेंगुइन के हाथ में अमेरिकी झंडा है, जबकि सामने दिखाई दे रहे पहाड़ों पर ग्रीनलैंड का झंडा लगा हुआ है। तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा गया है “पेंगुइन को अपनाओ”।
मीम पर लोगों के रिएक्शन
हालांकि इस मीम को लेकर एक मज़ेदार लेकिन अहम बात भी सामने आई है। जिस असली डॉक्यूमेंट्री से यह पेंगुइन वायरल हुआ था, उसमें वह ग्रीनलैंड की तरफ नहीं जा रहा था। असल में वह पेंगुइन अंटार्कटिका के अंदर ही और आगे निकल गया था और रास्ता भटककर अपनी कॉलोनी और समुद्र से दूर चला गया था। यही वजह है कि अब सोशल मीडिया पर लोग इस मीम को ग्रीनलैंड से जोड़ने को लेकर तरह-तरह की बातें और बहस कर रहे हैं।
ट्रंप सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल
वहीं, व्हाइट हाउस की ग्रीनलैंड को पेंगुइन से जोड़ने की कोशिश उलट ही पड़ गई। जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे खूब ट्रोल करना शुरू कर दिया। इसका कारण यह था कि ग्रीनलैंड में पेंगुइन नहीं पाए जाते। पेंगुइन ज़्यादातर दक्षिणी गोलार्ध यानी अंटार्कटिका में ही रहते हैं, जबकि ग्रीनलैंड उत्तरी ध्रुव के पास स्थित है। इस वजह से लोगों ने इंटरनेट पर व्हाइट हाउस की इस भूल को खूब उड़ाया और उन्हें निशाने पर लिया।
