आजकल खाने की वस्तुओं को अधिक देर तक गर्म रखने के लिए एल्युमीनियम फॉयल का प्रयोग बढ़ रहा है, रोटी या पराठे को उसमें लपेटते समय हमें यही लगता है कि इसमें रखी चीजें सेफ और फ्रेश बनी रहेगीं लेकिन सच्चाई इसके उलट है, एल्युमीनियम फॉयल में रखा खाना नुकसानदायक हो सकता है। 

एल्युमीनियम फॉयल में खाना पकाने या गरम खाने से इसके कण खाने में मिल जाते हैं जो हमारे शरीर में प्रवेश कर जाते हैं और शरीर में एल्युमीनियम की मात्रा निर्धारित मात्रा से अधिक हो जाती है। एल्युमीनियम फॉयल के इस्तेमाल को लेकर कई तरह की वैज्ञानिक जानकारियां सामने आई है। जिनके अनुसार खाना पकाने या गरम खाना पैक करने में एल्युमीनियम फॉयल का इस्तेमाल हानिकारक होता है। यह इसलिए कि एल्युमीनियम फॉयल डिस्पोजेबल होती है और उसमें कोई लेयर नहीं बन पाती जिससे धातु खाने के संपर्क में आती है। जब हम किसी गरम वस्तु को इसमें लपेटते हैं तो एल्युमीनियम भी गर्म हो जाता है और इसमें प्रतिक्रिया शुरू हो जाती है जिसके चलते एल्युमीनियम के कुछ अंश खाने में मिलते रहते हैं। लगातार इसका इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है।

फॉयल के नुकसान

  • एल्युमीनियम का प्रयोग पाचन तंत्र को प्रभावित करता है, इसके लंबे समय तक प्रयोग से जी मिचलाना, अम्लपित्त, अतिसार व उदरशूल के लक्षण देखने को मिलते हैं।
  • एल्युमीनियम का इस्तेमाल मस्तिष्क को प्रभावित करता है इसके लगातार इस्तेमाल से स्मरण शक्ति कमजोर हो जाती है, इस रोग को अल्जाइमर कहते हैं।
  • एल्युमीनियम के इस्तेमाल से तंत्रिका-तंत्र पर भी असर पड़ता है जिससे अंगों में सुन्नता, कंपन आदि जन्म लेते हैं।
  • यह हड्डियों को भी प्रभावित करता है इसके ज्यादा इस्तेमाल से ऑस्टियोपोरोसिस होने की शंका बनी रहती है।
  • एल्युमीनियम का निरंतर इस्तेमाल किडनी को भी प्रभावित करता है। 
  • इसके इस्तेमाल से त्वचा भी प्रभावित होती है। इससे त्वचा में खुजली, लालिमा, जलन देखने को मिलती है।
  • इसका इस्तेमाल कैंसर जैसी बीमारी को जन्म देने में पूर्ण रूप से असरकारक है।

फॉयल के लाभ

  • एल्युमीनियम फॉयल के द्वारा आसानी से खाने की पैकेजिंग की जा सकती है।
  • एल्युमीनियम की फॉयल भोजन को जीवाणु और कीटाणु के संपर्क में आने से बचाती है तथा कीटाणु प्रतिरोधी होने से खाने को सुरक्षित रखती है।
  • भोजन के क्षय का मुख्य कारण उष्मा होती है एवं प्रकाश अवरोधक होने के कारण एल्युमीनियम फॉयल भोजन को खराब होने से बचाता है।
  • सामान्यत: एल्युमीनियम जल व जल वाष्प के लिए अभेद्य होता है। इसी गुण के कारण खाद्य-भंडारण में एल्युमीनियम का प्रयोग होता है। इसमें खाना लंबे समय तक तरोताजा रहता है। 

अत: इसके इस्तेमाल से पहले एक बार जरूर सोचें।

यह भी पढ़ें –क्यों होती है फूड पॉइजनिंग?

स्वास्थ्य संबंधी यह लेख आपको कैसा लगा? अपनी प्रतिक्रियाएं जरूर भेजें। प्रतिक्रियाओं के साथ ही स्वास्थ्य से जुड़े सुझाव व लेख भी हमें ई-मेल करें-editor@grehlakshmi.com