Reasons Of Late Periods: हर महिला को हर महीने पीरियड्स के दर्द से गुजरना पड़ता है। पीरियड्स हो तो मुसीबत और ना हो तो और भी बड़ी मुसीबत। बहुत सी महिलाएं और लड़कियां लेट पीरियड्स की समस्या को लेकर परेशान रहती हैं। ये भी एक महिला के लिए काफी मुसीबत भरा हो सकता है।
यह भी देखें-18 या 19 मई, कब है वट सावित्री व्रत 2023, जानें तारीख, शुभ मुहूर्त व पूजा विधि: Vat Savitri Vrat 2023 Date
अक्सर ये समस्या होती है कि पीरियड मिस हो जाते हैं या फिर काफी लेट होते हैं। एक महिला का सामान्य पीरियड साइकल 28 दिनों तक चलता है। इसमें आमतौर पर 7 दिनों के बदलाव को सामान्य समझा जाता है। बहुत से लोग ये नहीं जानते कि वजन में बदलाव के चलते भी पीरियड्स में देरी आ सकती है।
ऐसे में अगर आपका वजन अचानक कम हुआ है या ज्यादा हुआ है, तो भी इसका असर आपके पीरियड्स साइकल पर नजर आ सकता है। पीरियड्स के लेट होने की वजहों के बारे में स्पोर्ट न्यूट्रीशनिस्ट और Nutrition Defined की फाउंडर रिद्धिमा बत्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जानकारी साझा की है।
वजन में बदलाव है कारण

अक्सर देखा गया है कि वेट लॉस के लिए कई बार बहुत सी महिलाएं भोजन में कैलोरी की मात्रा को कम कर देती हैं, जिसकी कमी के चलते ऑव्यूलेशन के लिए जरूर हार्मोन का उत्पादन नहीं हो पाता और शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी आने लगती है। इसकी वजह से भी पीरियड्स देरी से होने लगते हैं। ऐसे में आपको अपने वजन को लेकर सचेत रहना चाहिए।
अधिक तनाव हो सकती है वजह

ऐसा देखा गया है कि बहुत ज्यादा तनाव लेने के चलते भी शरीर में कई तरह की समस्याएं आने लगती हैं। ऐसे ही तनाव के चलते पीरियड्स में भी गड़बड़ी आ सकती है। जब आप खुद को स्ट्रेस में रखते हैं, इससे आपके शरीर में आंतरिक तौर पर हार्मोनल इंबैलेंस होने लगता है, जिसकी वजह से पीरियड्स साइकल में बदलाव आ जाता है।
अधिक एक्सरसाइज करना है खतरनाक

बहुत ज्यादा एक्सरसाइज करना भी सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता। इससे आपको फायदा मिलने की जगह नुकसान हो सकता है। अधिक एक्सरसाइज करने की वजह से मासिक धर्म में देरी भी आ सकती है। ज्यादा एक्सरसाइज का असर महिलाओं के रीप्रोडक्टिव हॉर्मोन्स पर पड़ता है। हफ्ते में 5 दिन से ज्यादा और रोजाना 2 घंटे से ज्यादा वर्कआउट आपके लिए खतरनाक हो सकता है।
शरीर में पोषक तत्वों की कमी
शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी के चलते भी महिलाओं को कई तरह की फिजिकल प्रॉबलम्स को फेस करना पड़ता है। ऐसे में अगर आपकी डाइट सही नहीं है और डाइट में पोषक तत्वों की कमी है, तो इसका भी असर आपके मासिक धर्म पर देखने को मिल सकता है। इससे पीरियड्स लेट होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
गर्भनिरोधक दवाओं का सेवन

बहुत सी महिलाएं अनचाही प्रेग्नेंसी से बचने के लिए र्भनिरोधक दवाओं का सेवन करती हैं। इन दवाओं के सेवन से हार्मोन्स में बदलाव आने लगते हैं। इसकी वजह से आपको पीरियड्स से जुड़ी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
मेनोपॉज के आसपास होती है
जिन महिलाओ के मेनोपॉज का वक्त करीब आ जाता है, उन्हें भी लेट पीरियड्स की समस्या हो सकती है।
हार्मोनल डिसऑर्डर के कारण

थायराइड, पीसीओएस या फिर अन्य किसी हार्मोनल डिसऑर्डर के कारण भी यह समस्या हो सकती है। ऐसे में आपको डॉक्टरी सलाह जरूर लेनी चाहिए।
