Calcium Diet During Pregnancy: गर्भावस्था के दौरान शिशु के संपूर्ण विकास तथा अच्छे सेहत के लिए मां के शरीर को अधिक पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। इसी में से एक पोषक तत्व है कैल्शियम। कैल्शियम एक प्रमुख पोषक तत्व है जो गर्भ अवस्था के दौरान मां और शिशु के दोनों विकास के लिए जरूरी है।
गर्भावस्था के दौरान मां की हड्डियों की मजबूती तथा सही देखभाल के लिए तो कैल्शियम जरूरी है ही,बल्कि बच्चे के हड्डियों के विकास के लिए भी कैल्शियम जरूरी पोषक तत्व है। गर्भावस्था में कैल्शियम की कमी के कारण मां तथा बच्चे दोनों का स्वास्थ्य प्रभावित होता है। आईए जानते हैं प्रेगनेंसी में किन खाद्य पदार्थों के सेवन करने से शरीर में कैल्शियम की कमी से बचा जा सकता है।
क्यों है कैल्शियम जरूरी?
कैल्शियम गर्भावस्था के दौरान हाई ब्लड प्रेशर के खतरे को कम करता है तथा उचित ब्लड प्रेशर को बनाए रखता है। दिल की धड़कनों, मांसपेशियों की गति और तंत्रिका तंत्र के कार्य को भी सही तरीके से चलने में मदद करता है।
गर्भावस्था के दौरान शिशु के हड्डियों के विकास के लिए शरीर में कैल्शियम की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में कैल्शियम का अभाव होने पर मां की हड्डियों से इसकी पूर्ति की जाती है। जिस कारण भविष्य में मां को ओस्टियोपोरोसिस होने का खतरा बढ़ जाता है।
कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थ
डेयरी उत्पाद: अगर कैल्शियम के अच्छे स्रोत की बात करी जाए तो दिमाग में सबसे पहला ख्याल दूध का ही आता है। गर्भावस्था में कैल्शियम की पूर्ति के लिए गर्भवती महिला को डेयरी उत्पाद जैसे: दूध, दही, छाछ, पनीर आदि का सेवन करना चाहिए। डेयरी उत्पाद कैल्शियम के अच्छे स्रोत होते हैं। गर्भवती महिला को अपने रोजाना के डाइट में इसे शामिल करना चाहिए।
हरी पत्तेदार सब्जियां: हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे, पलक, मेथी, बथुआ, सरसों में कैल्शियम के साथ-साथ आयरन और फोलिक एसिड भी पाया जाता है जो की गर्भवती महिला के लिए जरूरी पोषक तत्व है।
सुखे मेवे और तिल: गर्भावस्था के दौरान सीमित मात्रा में सुखे मेवे जैसे, बदाम, अंजीर, किशमिश, अखरोट, तिल का सेवन करना चाहिए। यह कैल्शियम तथा विटामिन्स के अच्छे स्रोत हैं।
सोयाबीन: सोयाबीन प्रोटीन के साथ-साथ कैल्शियम का भी अच्छा स्रोत है। गर्भवती महिला को अपने आहार में सोयाबीन तथा उसे बनी चीजों को शामिल करना चाहिए।
अंडा और मछली: अगर आप नॉनवेज खाना पसंद करते हैं तो आप कैल्शियम की पूर्ति के लिए आप अपने आहार में मछली और अंडे को शामिल कर सकते हैं।
दालें और बींस: वैसे तो दालें प्रोटीन के अच्छे स्रोत के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इनमें कैल्शियम भी पाया जाता है। गर्भवती महिला को प्रोटीन तथा कैल्सियम दोनों की ही जरूरत है इसलिए आहार में दालें तथा बींस को जरूर शामिल करें।
विटामिन डी जरूरी है
शरीर में कैल्शियम के अवशोषण के लिए विटामिन डी जरूरी है। विटामिन डी के बिना कैल्शियम का अवशोषण शरीर में बाधित होता है। शरीर में विटामिन डी की पूर्ति के लिए रोजाना कम से कम 20 मिनट सुबह की धूप जरूर लें। धूप विटामिन डी का प्राकृतिक स्रोत है जो शरीर में कैल्शियम को अवशोषित करने में मदद करता है।
इनके सेवन से बचें
अत्यधिक चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक और सोडा के सेवन से बचें। इनमें भरपूर मात्रा में कैफीन पाया जाता है। कैफीन शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को बाधित करता है। इसके अलावा कैफीन की अधिकता से ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा, नींद की कमी जैसी परेशानियां होती है।
