Men Fertility Facts: क्या टाइट अंडरवियर पहनने से पुरुषों के स्पर्म काउंट कम हो सकते हैं? क्या सचमुच अंडरवियर पुरुषों की प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकता है? इस सवाल पर शोधकर्ता 1990 के दशक से रिसर्च कर रहे हैं। कई शोधों में यह बात सामने आ चुकी है कि बेहद टाइट अंडरवियर शुक्राणुओं की संख्या को कम कर सकता है। हालांकि हेल्थी पुरुषों यानी हेल्दी स्पर्म काउंट वाले पुरुषों में शुक्राणु के स्वास्थ्य में इतनी कमी नहीं आती कि उनको फर्टिलिटी की समस्या हो जाए। अगर यह कहा जाए कि हेल्दी पुरुषों में टाइट अंडरवियर पहनने से शुक्राणुओं की संख्या तो बेशक कम होती है लेकिन फर्टिलिटी की समस्या हो यह जरूरी नहीं। वहीं दूसरी ओर जिन पुरुषों की प्रजनन क्षमता पहले से ही खराब है या जिन पुरुषों के शुक्राणुओं की संख्या जरूरत से कम है तो वे टाइट अंडरवियर के बदले ढीला या बॉक्सर अंडरवियर पहनेंगे तो उनके लिए ये मददगार हो सकता है। तो चलिए जानते हैं, कैसे टाइट अंडरवियर पुरुषों की मर्दानगी पर प्रभाव डालता है।
क्यों तंग अंडरवियर खराब करते हैं शुक्राणु

टाइट अंडरवियर की वजह से जननांगों में गर्मी बढ़ जाती है और टेंपरेचर बढ़ने के कारण शुक्राणु के स्वास्थ्य पर इसका सीधा-सीधा असर पड़ता है। दरअसल, शुक्राणु कोशिकाएं बढ़े हुए तापमान के प्रति सेंसिटिव होती हैं। वह गर्मी के प्रति इतनी ज्यादा सेंसिटिव होती है कि शरीर की गर्मी उनके लिए समस्या बन जाती है।
क्या आपने कभी सोचा है कि टेस्टिकल शरीर से बाहर की तरफ क्यों होते हैं, जबकि टेस्टिकल्स प्रजनन के लिए बहुत अहम भूमिका निभाते हैं। दरअसल, तेज गर्मी से बचाने के कारण से अंडकोष ढीले होते हैं। अंडकोष यानी टेस्टिकल्स का टेंपरेचर शरीर के तापमान से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम होता है, जबकि शरीर का तापमान जहां 37 डिग्री सेल्सियस होता है वहीं स्पर्म प्रोडक्शन 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान में ही सही तरह से ग्रो कर पाते हैं।
शोध में पाया गया है कि कमरे के तापमान में बदलाव होने से भी शुक्राणुओं के मूवमेंट पर असर पड़ता है। यहां तक कि लंबी बीमारी या तेज बुखार होने की वजह से भी शुक्राणुओं की हेल्थ पर प्रभाव पड़ता है।
क्या कहती है रिसर्च

कई शोधों में ये देखा गया है कि पुरुषों की अंडरवियर शुक्राणुओं की संख्या और स्वास्थ्य पर क्या प्रभाव डालती है।
एक रिसर्च में 656 पुरुष भागीदारों को शामिल किया गया। जिसमें उनके अंडरवियर पहनने के टाइप के बारे में पूछा गया। साथ ही सभी पुरुषों के वीर्य और एफएसएच ब्लड लेवल की जांच की गई। बता दें, पुरुषों में, एफएसएच एक हार्मोन है जो शुक्राणु के प्रोडक्शन को ट्रिगर करता है।
शोध में पाया गया कि जिन पुरुषों ने बताया कि वे ज्यादातर बॉक्सर पहनते हैं, उनमें हेल्दी शुक्राणुओं की संख्या और उन पुरुषों की तुलना में 25 फीसदी अधिक थी, जिन्होंने कहा कि वे बॉक्सर बहुत ज्यादा नहीं पहनते।
शोधकर्ताओं ने ये भी पाया कि जिन पुरुषों में शुक्राणुओं की संख्या कम थी उनमें एफएसएच का स्तर अधिक था। ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि शरीर शुक्राणु प्रोडक्शन को बढ़ावा देने की कोशिश में एफएसएच स्तर को बढ़ाकर कम शुक्राणुओं की संख्या पर रिस्पॉन्स कर रहा था।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट

एक्सपर्ट के अनुसार, पुरुषों को बॉक्सर शॉर्ट्स पहनने की सलाह दी जाती है। प्रजनन क्षमता में सुधार लाने के लिए भी अच्छे ब्रांड का बॉक्सर पहनना चाहिए। जो कपल गर्भधारण करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए प्रजनन क्षमता एक ऐसा मुद्दा है जो निश्चित रूप से कम शुक्राणुओं की संख्या से जुड़ा हुआ है। चुस्त कपड़ों का यूं भी स्वास्थ्य पर कुछ गंभीर प्रभाव पड़ता है। ऐसे में टाइट पैंट सिंड्रोम से लेकर जांघ की अहम नर्व्स तंग जींस के कारण संवेदनशीलता खो सकती है। इससे ये भी साफ होता है कि तंग कपड़े किसी की प्रजनन क्षमता को कम करने के अलावा आपको बीमार भी कर सकते हैं।
डॉक्टर अक्सर सुझाव देते हैं कि अंडरवियर बदलने जैसी छोटी सी चीज़ से शुक्राणुओं की संख्या में सुधार हो सकता है और गर्भधारण की संभावना में सुधार हो सकता है। दरअसल, टेस्टिकल्स पुरुष प्रजनन अंग प्रणाली में शरीर के बाहर होते हैं ताकि वे शरीर के मुख्य तापमान से कम तापमान पर हों। ऐसे में इस हिस्से में गर्मी बढ़ने से स्थिति बिगड़ सकती है।
ऐसी स्थिति में टेस्टिकल्स के टेंपरेटर को कंट्रोल करने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखें। जैसे –
- किसी भी प्रकार की टाइट पैंट से बचें – खासतौर पर खेल गतिविधियों के दौरान।
- ढीले कपड़े पहनें, खासकर लंबे समय तक बैठे रहने पर।
- हर समय बेस्ट ब्रांड के बॉक्सर शॉर्ट्स पहनें, निश्चित रूप से कुछ समय बाद प्रभाव देखा जा सकता है।
- बढ़ते तापमान से बचने के लिए सौना और हॉट टब से दूर रहें।
निष्कर्ष

टाइट अंडरवियर अंडकोष को अधिक गर्म कर देता है जो इंफर्टिलिटी का कारण बन सकती हैं। शोधों में ये तो साफ हो गया है कि तंग अंडरवियर पहनने पर अंडकोष का तापमान बढ़ जाता है। साथ ही पहने गए कपड़ों के प्रकार और अपनाए गए आसन के आधार पर, तापमान में वृद्धि 0.5 ˚C से 0.8 ˚C तक हो सकती है। लेकिन ये कहना की सिर्फ टाइट अंडरवियर की इसके लिए जिम्मेदार है तो इसके ठोस सबूत मौजूद नहीं हैं।
कुछ शोधों में पाया गया है कि अंडरवियर का चुनाव शुक्राणु स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है, लेकिन सभी शोधों में इसका प्रभाव एक जैसा नहीं पाया गया। यदि टाइट अंडरवियर शुक्राणु स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है, तो ये उन पुरुषों में ज्यादा देखने को मिल रहा है जो पहले से ही प्रजनन समस्या का सामना कर रहे हैं। लेकिन यदि आपको प्रजनन संबंधी कोई समस्या नहीं है, तो आपको इस बारे में चिंता करने की ज़रूरत नहीं है कि आप कौन सा अंडरवियर चुनेंगे। हालांकि, यदि आपको प्रजनन संबंधी समस्याएं हैं, तो टाइट अंडरवियर से बॉक्सर पर स्विच करना आपके लिए बेहतर हो सकता है। ध्यान रहे, सिर्फ अंडरवियर बदलने से प्रजनन समस्या का समाधान नहीं होगा।