Peanut Chikki
Peanut Chikki

Peanut Chikki Effects: मूँगफली और गुड़ की कुरकुरी चिक्की तो हर किसी को खूब पसंद आती है।  यह प्रोटीन, कार्ब्स, हेल्दी फैट, फाइबर और फैटी एसिड का बढ़िया स्रोत है, इसलिए कई लोग इसको डाइट में शामिल करते हैं। लेकिन, कर्नाटक सरकार ने स्कूलों में बच्चों को दी जाने वाली इस मूँगफली चिक्की के वितरण पर रोक लगा दी है। दरअसल स्कूली बच्चों को मध्याह्न भोजन के साथ दी जाने वाली मूंगफली की चिक्की में चीनी और अनसैचुरेटेड फैट की मात्रा ज्यादा होने की रिपोर्ट के बाद, स्कूली शिक्षा और साहित्य विभाग ने पूरक पोषण के रूप में दी जाने वाली चिक्की को बंद करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि ठीक से स्टोर नहीं किए जाने के कारण कई बार एक्सपाइरी डेट के बाद की चिक्की भी बच्चों के बीच वितरित कर दी जाती है। यह चिक्की बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। जानते हैं ज्यादा मात्रा में इसका सेवन कैसे सेहत के लिए हो सकता है नुक़सानदायक-

मोटापा

मूंगफली में कैलोरी की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इसका सेवन ज्यादा मात्रा में करने से वजन बढ़ सकता है। चिक्की में चीनी या गुड़ की भी मात्रा ज्यादा होती है इसलिए चिक्की के हर दिन सेवन से बच्चों के मोटे होने का ख़तरा रहता है।

पेट हो सकता है खराब

ज्यादा मूंगफली खाने से पेट संबंधित समस्याएं जैसे कब्ज, डायरिया, ब्लोटिंग आदि हो सकती है। इसलिए मूंगफली का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिये। किसी भी पेट संबंधित डिसऑर्डर होने पर मूंगफली का सेवन बंद करना ही बेहतर होगा।

खनिज अवशोषण कम हो सकता है

अगर iज्यादा मात्रा में मूंगफली का सेवन किया जाता है तो इससे आयरन, जिंक, मैगनीज और कैल्शियम जैसे अन्य खनिजों का अवशोषण बाधित हो सकता है।

एलर्जी की समस्या

ऐसे लोग जिनकी इम्युनिटी कम है उन्हें चिक्की खाने से गले में ख़राश, नाक बहना, त्वचा की समस्याएं, सांस फूलना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

डायबिटीज का ख़तरा

चिक्की चाहें आप चीनी से बनी हुई लें या फिर गुड़ से बनी हुई, इससे आपका शुगर लेवल बढ़ने का ख़तरा तो रहता ही है। इसलिए चिक्की का सेवन बहुत ही कम मात्रा में करना चाहिये।

एक दिन में कितनी मूंगफली खाना ठीक है

मूंगफली में प्रोटीन के अलावा फैट, फाइबर, मिनरल्स जैसे मैग्नीशियम, फोलेट, कॉपर आदि होते हैं, इसलिए इसे आप रेगुलर डाइट में शामिल कर सकते हैं। 100 ग्राम मूँगफली चिक्की में लगभग 11.49 ग्राम प्रोटीन, 52.43 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और 5 ग्राम फ़ाइबर होता है। लेकिन,  मूंगफली का सेवन सीमित मात्रा में करना ही हेल्थ के लिए सही होता है। याद रखें दिन भर में सिर्फ एक मुट्ठी मूंगफली का सेवन काफी है।

तो, आप भी याद रखें ज्यादा मात्रा में मूँगफली और गुड़ या चीनी से बनी चिक्की का सेवन नहीं करें। कम मात्रा में कभी-कभी इसके सेवन से ना सिर्फ़ शरीर की इम्युनिटी बढ़ती है बल्कि हार्ट हेल्थ भी सही रहती है। यह बच्चों के दिमाग़ के सही विकास को भी बढ़ावा देती है।

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...