आजकल की लाइफ स्टाइल में वायरस संक्रमण और बीमारियों का खतरा काफी बढ़ चुका है, कोरोना वायरस इसका ताजा उदाहरण है। ऐसे में जरूरी है कि बॉडी का इम्यून सिस्टम मजबूत रहे ताकि ऐसे संक्रमण से वो लड़ सके। इसके लिए आपको अपने खानपान से लेकर आचार विचार सभी में कुछ परिवतर्न लाने होंगे। जैसे कि आपका भोजन पौष्टिक हो और आप पर्याप्त नींद और आराम लें। इसके साथ ही आपको अपनी दिनचर्या में योग को भी शामिल करना होगा। योग आपको शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखने के साथ ही आपके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है। आज हम आपको ऐसे ही कुछ योग के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपके इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में सहायक हो सकते हैं।

भुजंगासन

भुजंगासन में आपकी शरीर का आकार फन किए सांप जैसे होता है, ऐसे में ये आसन सर्पासन भी कहलाता है। गौरतलब है कि भुजंगासन, सूर्य नमस्कार का एक अनिवार्य हिस्सा भी है। इसे करने के लिए आप पेट के बल जमीन पर लेट जाएं और फिर गहरी सांस लेते हुए कमर से उपर का हिस्सा हथेलियों के सहारे उपर उठाएं। ऐसे में आपकी हथेलियां और कुहनी एक सीध में होनी चाहिए, इस पोज में सामने की ओर देखते हुए कुछ सेकेंड्स के लिए रूके और फिर सांस छोड़ते हुए वापस सामान्य अवस्था में आए। ऐसा आप हर रोज नियमित रूप से करते हैं, तो इससे रोग प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत 
होती है।

शीर्षासन

रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर करने में शीर्षासन काफी कारगर साबित होता है, हालांकि इसे करना थोड़ा मुश्किल होता है। ऐसे में अगर आप इसे पहली बार ट्राय कर रहे हैं, तो किसी कुशल योगा ट्रेनर के निर्देश में ही ट्राय करें। इसे करने के लिए आप सबस पहले किसी समतल स्थान पर घुटनों के बल बैठ जाएं। फिर सिर आगे की ओर झुकाकर दोनों हाथों की कोहनियों को जमीन पर टिका दें। इसके बाद दोनों हाथों की उंगलियों को आपस में जोड़, उसके बीच अपना सिर रख शरीर का पूरा वजन ऊपर की उठाना शुरू करें और फिर पूरे शरीर का भार सिर, कंधों और हथेलियों पर ले कर उसी अवस्था में कुछ देर तक बने रहे। ऐसा करने से आपके मस्तिष्क के साथ ही पूरे शरीर में रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है।

धनुरासन

इस आसन को करने के लिए पेट के बल लेटकर लेट जाएं और फिर अपने दाएं हाथ से दाएं पैर के टखने को और बाएं हाथ से बाएं पैर के टखने को पकडें। फिर गहरी सासं लेते हुए आगे से छाती और कंधों को तथा पीछे से दोनों पैरों और जांघों को ऊपर खींचे, साथ ही चेहरा सामने की ओर रखें। ऐसा किए हुए कुछ देर तक स्थिर रहे, इसकी शुरूआत आप एक मिनट से कर 3 से 5 मिनट तक इस अवस्था में रहें। इस आसन को करने से पेट, सीना और उदर मजबूत होता है, साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।