दौड़ते समय भूलकर भी न करें ये 7 गलतियां, वरना कमजोर हो जाएंगे ज्वाइंट्स
रनिंग के दौरान आपकी कुछ ग़लतियाँ आपके जॉइंट्स को नुक़सान भी पहुँचा सकती हैं। इससे घुटने, टखनों और एड़ियों में दर्द की समस्या हो सकती है।
Running Mistakes: हेल्दी और फिट रहने के लिए रनिंग एक बहुत ही अच्छी एक्सरसाइज है। इससे वजन कम करने से लेकर मांसपेशियों और हड्डियों को मज़बूती तक मिलती है। साथ ही इससे हमारी मेंटल हेल्थ भी अच्छी रहती है। लेकिन, रनिंग के दौरान आपकी कुछ ग़लतियाँ आपके जॉइंट्स को नुक़सान भी पहुँचा सकती हैं। इससे घुटने, टखनों और एड़ियों में दर्द की समस्या हो सकती है। इसलिए अगर रनिंग का भरपूर फ़ायदा लेना चाहते हैं तो इन 7 ग़लतियों को करने से बचें-
Also read: जिम जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत, घर पर ही मिनटों में घटेगा वजन: Easy Weight Loss
वार्मअप और कूल डाउन ज़रूरी है

किसी भी दूसरी एक्सरसाइज की तरह रनिंग शुरू करने के पहले वार्मअप ज़रूरी है। बिना वार्मअप किए रनिंग करने से शरीर की मसल्स में दर्द हो सकता है। एकदम से शुरू करने की जगह पहले थोड़े-थोड़े स्टेप लेकर दौड़ें। इसी तरह रनिंग ख़त्म करने के बाद कूल डाउन करना भी ज़रूरी है। इससे मसल्स और जॉइंट्स को आराम मिलता है।
सही जूते नहीं पहनना

दौड़ते समय अच्छे स्पोर्ट्स शूज पहनना चाहिए जो आपके पैरों को सही सपोर्ट दें। चप्पल, सैंडिल या बहुत पुराने जूते पहनकर दौड़ने से जोड़ों में दर्द हो सकता है। यह चेक करते रहें कि जूतों से आपके पैरों में दर्द, हिप पेन, जोड़ों में दर्द या कंधे में दर्द तो शुरू नहीं हो गया। अगर आप सही जूते पहनेंगे तो बिना दर्द के लंबा दौड़ पाएंगे।हर 300 से 350 मील की दूरी तय करने के बाद अपने जूतों को बदल क्योंकि जूतों का कुशन कम हो जाने पैरों में चोट आने की संभावना बढ़ जाती है।
कठोर सतह पर दौड़ना
दौड़ने के लिए सही जगह होना भी ज़रूरी है। सड़क या पक्की सतह पर दौड़ने से जोड़ों पर ज्यादा जोर पड़ता है। शुरुआत में घास के मैदान या ट्रेडमिल पर दौड़ना बेहतर विकल्प है।

स्पीड और दूरी का ध्यान ना रखना
दौड़ने की आदत नहीं होने पर अगर आप अचानक से तेज़ स्पीड में बहुत लंबी दूरी तय कर लेते हैं तो इससे जॉइंट्स में चोट आ सकती है। हमेशा धीरे-धीरे दूरी और गति को बढ़ाना चाहिए। कोशिश करें पहले तेज़ वॉक करें।

सही तरीक़े से नहीं दौड़ना
ग़लत तरीक़े से दौड़ना भी आपके जॉइंट्स को नुक़सान पहुँचा सकता है। दौड़ते समय शरीर का सही पोश्चर बनाए रखना जरूरी है। कूदकर या पैरों को बहुत पीछे ले जाकर दौड़ने से जोड़ों पर दबाव पढ़ सकता है। सीधे खड़े रहते हुए छोटे कदम उठाकर दौड़ना चाहिए। दौड़ते समय एड़ी को जमीन पर नहीं रखें, अगर एड़ी रखेंगे, तो घुटने पर लोड आएगा, इससे घुटने का दर्द हो सकता है।

एक्सपर्ट से सलाह नहीं लेना
जिस तरह किसी भी एक्सरसाइज को शुरू करने से पहले एक्सपर्ट से सलाह लेना ज़रूरी है। उसी तरह रनिंग को हर दिन की एक्टिविटी बनाने से पहले एक्सपर्ट से सलाह ज़रूर लेना चाहिये जिससे आपको आगे किसी तरह की समस्या नहीं हो।

मसल्स की मज़बूती पर ध्यान नहीं देना
रनिंग करते समय यह भी ज़रूरी है कि आप इसके साथ अपने जॉइंट्स के आसपास की मांसपेशियों को मज़बूत बनाते रहें। इससे आपको दौड़ते समय ज्यादा आराम मिलेगा। इसके लिए रनिंग के साथ पुश-अप, स्क्वाट, प्लैंक जैसी एक्सरसाइज करना नहीं भूलें।

तो, आप भी अपने जॉइंट्स को मज़बूत रखने के लिए दौड़ते समय ये 7 ग़लतियाँ करने से बचें।
