Overview:
हल्दी में करक्यूमिन मानक एक घटक होता है। यही घटक इसे औषधी का दर्जा दिलाता है। नेशनल सेंटर फॉर कॉम्प्लिमेंट्री एंड इंटीग्रेटिव हेल्थ के अनुसार हल्दी में शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट यानी फाइटोन्यूट्रिएंट्स होते हैं, जो फ्री रेडिकल्स से मुकाबला करने में शरीर की मदद करते हैं।
Turmeric Benefits: भारतीय भोजन में डाले जाने वाले मसाले सिर्फ स्वाद और रंग से ही नहीं जुड़े हैं, बल्कि स्वास्थ्य को लेकर भी इनकी अलग-अलग खासियत हैं। इन्हीं मसालों में शामिल है हल्दी। हल्दी का उपयोग भारतीय भोजन में सैकड़ों सालों से किया जा रहा है। इसके बिना भारतीय भोजन अधूरा माना जाता है। यह पीला मसाला इतना गुणकारी है कि आयुर्वेद में इसे औषधि का दर्जा दिया गया है। इसका सेवन करना सेहत के लिए अत्यधिक फायदेमंद रहता है। क्यों है हल्दी गुणों की खान और क्या हैं इसके फायदे, आइए जानते हैं।
गुणों से भरी है हल्दी

हल्दी में करक्यूमिन मानक एक घटक होता है। यही घटक इसे औषधी का दर्जा दिलाता है। नेशनल सेंटर फॉर कॉम्प्लिमेंट्री एंड इंटीग्रेटिव हेल्थ के अनुसार हल्दी में शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट यानी फाइटोन्यूट्रिएंट्स होते हैं, जो फ्री रेडिकल्स से मुकाबला करने में शरीर की मदद करते हैं। इससे कोशिकाएं नुकसान से बच जाती हैं। अपने एंटीसेप्टिक गुणों के कारण हल्दी स्किन को भी हेल्दी रखती है और इसे कई इंफेक्शन से बचाती है।
कैंसर को करती है कंट्रोल

अध्ययन बताते हैं कि हल्दी के नियमित सेवन से पाचन तंत्र मजबूत होता है। साथ ही यह मस्तिष्क के कार्य में भी सुधार करती है। करक्यूमिन से भरपूर हल्दी गठिया के लक्षणों को कम करने में मददगार साबित हो सकती है। यह जोड़ों के दर्द और सूजन से भी राहत दिलाती है। इतना ही नहीं यह बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करती है, जिससे हार्ट हेल्दी रहता है। कई स्टडीज बताती हैं कि हल्दी में मौजूद करक्यूमिन कैंसर से लड़ने में भी सहायक है। यह ट्यूमर को बढ़ने से रोकता है।
रोज कितनी हल्दी खाना है सही
अब सवाल ये है कि सेहत के लिए हेल्दी हल्दी का रोजाना कितना सेवन करना चाहिए। दरअसल, हल्दी भले ही सेहतमंद है, लेकिन इसके ज्यादा सेवन के कई नुकसान भी हैं। इसके ज्यादा सेवन से उल्टी, दस्त, सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इतना ही नहीं हल्दी में एंटीकोएगुलंट गुण होते हैं, जिसके कारण यह रक्त का थक्का जमने की प्रक्रिया को धीमा कर देती है। कुछ लोगों के लिए जहां ये गुण फायदेमंद हो सकता है, वहीं कुछ के लिए खतरनाक भी साबित हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार हर शख्स को शरीर के वजन के अनुसार प्रति पाउंड 1.4 मिलीग्राम हल्दी का सेवन करना चाहिए। वहीं अगर आप हल्दी के सप्लीमेंट लेते हैं तो ये आपकी जरूरत के अनुसार 500 से 2000 मिलीग्राम हो सकती है। हालांकि इसे लेने से पहले डॉक्टर से संपर्क जरूर करना चाहिए।
ऐसे करना चाहिए हल्दी का सेवन
आप अपनी डेली डाइट में हल्दी को बहुत ही आसानी से शामिल कर सकते हैं। आप एक कप दूध में आधा टीस्पून हल्दी पाउडर डालकर रोज रात को सोने से पहले पिएं। इससे आपको फायदा मिलेगा। अपने रोज के भोजन में भी हल्दी का उपयोग करें। आप चाय में भी हल्दी पाउडर डालकर पी सकते हैं। इससे सर्दी-जुकाम, दस्त, बुखार आदि से राहत मिलती है। इसी के साथ रोज सुबह एक कप गुनगुने पानी में दो चुटकी हल्दी पाउडर डालकर पीने से स्किन पर ग्लो आता है।
