Overview: सिंघाड़ा आटे से खाना बनाने के टिप्स
अगर आप व्रत के दिनों में सिंघाड़ा आटा से खाना बना रहे हैं तो आपको कुछ बातों का ख्याल रखना चाहिए। जानिए इस लेख में।
Singhara Flour Cooking Tips: व्रत के दिनों मे सिंघाड़े का आटा हर घर में खाया जाता है। नवरात्रि व्रत में कुट्टू के अलावा सिंघाड़े का आटा सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। यह एक ग्लूटेन फ्री आटा है, जिसे सेहत के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है। आप इसे अपने दैनिक जीवन में भी इस्तेमाल करने का मन बना सकते हैं। सूखे और पिसे हुए सिंघाड़े से बने इस आटे में थोड़ा अखरोट जैसा स्वाद होता है और यह नमकीन और मीठे दोनों तरह के व्यंजनों में अच्छा लगता है। चाहे आप कुरकुरे पकौड़े बना रहे हों, मुलायम रोटियां बना रहे हों या फिर व्रत का हलवा बना रहे हों, सिंघाड़े का आटा एक अलग टेस्ट व टेक्सचर लाता है। यह पचाने में आसान होता है और फाइबर और पोटैशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है।
व्रत के अनुसार भोजन से लेकर क्रिस्पी नाश्ते तक, सिंघाड़ा का आटा सब कुछ कर सकता है। तो चलिए आज इस लेख में टपरी किचन रेस्टोरेंट के हेड शेफ हिमांशु त्यागी आपको कुछ ऐसे ही टिप्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आपको नवरात्रि व्रत के दिनों में सिंघाड़े का आटा इस्तेमाल करते समय फॉलो करना चाहिए-
बाइंडिंग के लिए करें आलू का इस्तेमाल

जब आप व्रत के दिनों में सिंघाड़े का आटा इस्तेमाल कर रहे हैं तो इस बात का ध्यान रखें कि इसे आप बाइंडिंग के लिए आलू, उबली हुई अरबी इस्तेमाल करें। चूंकि, सिंघाड़े के आटे में ग्लूटेन नहीं होता है, जिसका मतलब है कि यह गेहूं के आटे की तरह एक साथ नहीं चिपकता है। रोटी, पकौड़े या कटलेट बनाते समय, इसे मैश किए हुए आलू, उबली हुई अरबी के साथ मिलाएं, ताकि यह अच्छी तरह से चिपक जाए।
एकदम से ना मिलाएं पानी
सिंघाड़े का आटा इस्तेमाल करते समय आपको एक बात का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए कि सिंघाड़े का आटा गेहूं के आटे से कम पानी सोखता है, इसलिए आटा गूंथते या घोल बनाते समय धीरे-धीरे पानी मिलाएं। अगर आप एकदम से इसमें पानी मिलाते हैं और यह थोड़ा ज़्यादा हो जाता है तो इससे यह चिपचिपा हो जाता है और फिर इसे संभालना मुश्किल हो जाता है।
जब बनाएं सिंघाड़े की रोटियां

जब आप व्रत के दिनों में रोटी बनाने के लिए सिंघाड़े का आटा गूंथ रहे हैं तो हमेशा इसे गर्म पानी से गूंथें। इससे बाइंडिंग में मदद मिलती है। साथ ही, इस बात का भी ख्याल रखें कि सिंघाड़े का आटा डेलीकेट होता है, इसलिए इसे बेलना मुश्किल होता है। कोशिश करें कि आप बेलन का इस्तेमाल करने के बजाय, आटे को चिकनाई लगी प्लास्टिक शीट या केले के पत्ते के बीच थपथपाकर बनाएं। इसे हमेशा मध्यम आंच पर पकाएं और टूटने से बचने के लिए सावधानी से पलटें।
अगर बनाएं ग्रेवी
सिंघाड़े का आटा एक नेचुरल थिकनिंग एजेंट की तरह काम करता है और इसलिए लोग व्रत के दिनों में ग्रेवी से लेकर सूप और यहां तक कि मिठाइयों के लिए भी इसे इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, अगर आप इसे ग्रेवी या सूप में इस्तेमाल कर रहे हैं तो गांठों से बचने के लिए पहले बस इसे थोड़े से पानी में मिलाएं।

