एनीमिया की परेशानी दूर करे छुहारे का हलवा, नोट करें रेसिपी
छुहारे का हलवा स्वास्थ के लिए काफी हेल्दी हो सकता है। इसे बनाने की रेसिपी बहुत ही आसान है। आइए जानते हैं इस बारे में-
Chhuhara Halwa Recipe : बच्चों को मीठी चीजें काफी ज्यादा पसंद होती हैं। ऐसे में आप अपने बच्चों को छुहारे से तैयार हलवा खिला सकते हैं, जो काफी स्वादिष्ट और हेल्दी होती हैं। छुहारे का हलवा खिलाने से आपके बच्चे की इम्यूनिटी बूस्ट होगी। साथ ही यह शरीर में खून की कमी को भी दूर कर सकता है। छुहारे में मौजूद कैल्शियम, कॉपर, मैग्नीशियम शरीर की इम्यूनिटी को बूस्ट करके बच्चों को संक्रमण से सुरक्षित रख सकता है। इसके अलावा छुहारे से तैयार हलवा खाने से अन्य कई लाभ हो सकते हैं। आज हम आपको इस लेख में छुहारे के हलवे की रेसिपी बताएंगे। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी और खाने के फायदे?
छुहारे के हलवे की रेसिपी
आवश्यक सामग्री
दूध – ½ लीटर
छुहारा – 200 ग्राम
चीनी – 100 ग्राम
कद्दूकस किया हुआ नारियल – 2-3 चम्मच
देशी घी – 4-5 चम्मच
काजू – 10 से 12
बादाम – 10-12
किशमिश – 10-12
इलायची पाउडर – 1 छोटा चम्मच

विधि
- छुहारा हलवा तैयार करने के लिए सबसे पहले छुहारे को करीब 6 से 8 घंटे दूध में भिगोकर रख दें।
- इसके बाद सभी छुहारे से बीजों को निकालकर ग्राइंडर की मदद से पीसकर पेस्ट तैयार कर लें।
- काजू, बादाम और अन्य ड्राईफ्रूट्स को अच्छी तरह से काट लें।
- अब एक पैन लें, इसमें घी डालकर इसे गर्म करें।
- इसके बाद इस पैन में छुहारे का पेस्ट डालकर इसे सुनहरा होने तक अच्छी तरह से पकाएं।
- अब इसमें चीनी और दूध डालकर इसे धीमी आंच पर पकाएं। जब इससे दूध अच्छी तरह से सूख जाए, तो गैस को उतार लें।
- इसके बाद इसके ऊपर ड्राईफ्रूट्स डाल लें। लीजिए आपके छुहारे का हलवा तैयार है।
- अब आप इसे अपने बच्चों और मेहमानों को गर्मा-गर्म सर्व कर सकते हैं।

छुहारे का हलवा खाने के फायदे
इम्यूनिटी करे बूस्ट

बच्चों को अगर आप छुहारे का हलवा खिलाते हैं, तो इससे उनकी इम्यून पावर बूस्ट होगी। दरअसल, इसमें विटामिन सी होता है, जो बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा दे सकता है। इससे आपका बच्चा अंदर से स्ट्रॉन्ग बनेगा।
एनीमिया की समस्या से छुटकारा

बच्चों के शरीर में होने वाली खून की कमी को दूर करने में छुहारे का हलवा काफी ज्यादा हेल्दी हो सकता है। इसके अलावा महिलाओं में भी खून की कमी को दूर कर सकता है। यह आयरन का काफी अच्छा स्त्रोत माना जाता है, जिससे एनीमिया की शिकायत दूर हो सकती है।
मांसपेशियों की बढ़ाए मजबूती
कमजोर मांसपेशियों से ग्रसित लोगों के लिए छुहारे का हलवा बेस्ट हो सकता है। इसमें भरपूर रूप से प्रोटीन होता है, जो मांसपेशियों की मजबूती को बढ़ावा दे सकता है। साथ ही यह हृदय स्वास्थ्य के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है।

ऊर्जा बढ़ाए
छुहारे का हलवा खिलाने से एनर्जी बूस्चट होती है। इसमें कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो एनर्जी बूस्ट करने में प्रभावी होते हैं। मुख्य रूप से इसमें अच्छी मात्रा में कार्ब्स होता है, जो एनर्जी लेवल को बढ़ाने में असरदार होता है।

छुहारे का हलवा काफी स्वादिष्ट और हेल्दी होता है। हालांकि, ध्यान रखें कि गर्मियों में अधिक मात्रा में बच्चों को छुहारे का हलवा न दें, इससे उनके सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।