13 हफ्ते के अनवरत सफर के बाद भारत के सबसे बड़े किचेन को इसका विजेता मिल गया है। मास्टरशेफ इंडिया सीजन 5 के शीष चार प्रतिभागियों ने आखिरी पल तक जजों और अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा को प्रभावित करने और मास्टरशेफ इंडिया का खिताब जीतने की पूरी कोशिश की। पुरानी यादों को ताजा करते हुये जीत और उत्साह के बीच शेफ विकास खन्ना, शेफ कुणाल कपूर और जोरावर कालरा ने एक साथ मिल कर मास्टरशेफ इंडिया सीजन 5 की विजेता कीर्ति भूटिका के नाम की घोषणा की और उन्हें क्रिसमस के मौके पर यह मखमली खिताब पहनाया।

सबसे कम उम्र की प्रतिभागी :- कीर्ति भूटिका मास्टरशेफ इंडिया का खिताब जीतने वाली सबसे कम उम्र की प्रतिभागी हैं जिन्हें 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और मैसिव रेस्टोरेण्ट्स में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय शेफ्स के साथ काम करने का मौका मिलेगा। कीर्ति ने ज्यूरी के अनुसार सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और वे अन्य तीनों फाइनलिस्टों आशिमा आरोड़ा और पहले और दूसरे रनर-अप दिनेश पटेल और मिर्वाण विनायक की पाककला को देखकर भी चमत्कृत थे।

पेशे से होम बेकर हैं :- कोलकाता जैसे मशहूर शहर की रहने वाली कीर्ति ने मास्टरशेफ के किचन में पूरे सीजन अपनी पाककला का प्रदर्शन किया। वह पेशे से होम बेकर हैं और साथ ही न्यूट्रीशन साइंस की छात्रा भी हैं। कुकिंग के अपने जुनून के लिये उन्होंने एक नये सफर का आगाज किया जिसका फल उन्हें शो में अपनी शोहरत कमाने के मौके के रूप में मिला।

                                               

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बेहद खुशनुमा एहसास रहा :- अपने पसंदीदा सीरीज का खिताब जीतने के बाद कीर्ति को उनके दोस्तों और परिजनों के फोन लगातार आ रहे हैं जो उनकी सफलता की बधाइयां दे रहे हैं। अपनी जीत पर उत्साहित कीर्ति ने शो में अपने अनुभव के बारे में बताया, ‘‘पिछले तीन महीने मेरी जिंदगी के ऐसे समृद्ध रहे हैं जितना मुझे कई सालों में नहीं मिला। इस शो का हिस्सा बनना बेहद खुशनुमा एहसास रहा। स्टार प्लस ने मुझे सिर्फ एक मंच ही नहीं दिया बल्कि एक ऐसी असली दुनिया में जाने का रास्ता भी खोला है जिसे मैं ठीक से पहचानती भी नहीं हूं।”कीर्ति अपनी सफलता की श्रेय तीनों जजों और शो के मेण्टर्स को देती हैं।

उम्र कोई पैमाना नहीं होता :- लेखक शेफ विकास खन्ना ने कहा, ‘‘कीर्ति मास्टरशेफ इंडिया का खिताब जीतने वाली सबसे युवा प्रतिभागी हैं और शो के तीनों महीनों में लगातार उम्दा प्रदर्शन कर उन्होंने यह खिताब हासिल किया है। अब कीर्ति पाककला के अपने सफर पर होंगी और देश को प्रेरणा देंगी कि अगर आपमें जुनून और काम को लेकर समर्पण है तो उम्र कोई पैमाना नहीं होती। मैं मास्टरशेफ इंडिया सीजन 5 की सफलता से बेहद खुश हूं और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुये कहना चाहता हूं कि आप अपने जुनून का पीछा करते रहें और दुनिया को दिखा दें कि कुकिंग सिर्फ एक शौक नहीं है।”

                                   

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

समर्पित शेफ्स में से एक हैं :- लेखक और रेस्टोरेण्टीयर शेफ कुणाल कपूर ने कहा, ‘‘जितना मैंने देखा है कीर्ति सबसे समर्पित शेफ्स में से एक हैं। कोई भी व्यंजन बनाने से पहले उनका विचार स्पष्ट रहता है। उनके लगातार सीखने की इच्छा और कड़ी मेहनत उन्हें दूसरों से अलग करते हैं।”

सफर को कभी भूल नहीं सकता :- रेस्टोरेण्टीयर और भारतीय पाककला के प्रिंस जोरावर कालरा ने कहा, ‘‘मैं टेलिविजन पर इससे बेहतर शुरुआत के बारे में सोच भी नहीं सकता। यह शो मेरे दिल के बेहद करीब है और मैं मास्टरशेफ इंडिया के अपने इस सफर को कभी भूल नहीं सकता। मैं पाककला के शो में ऐसी प्रतिभाएं देखकर हैरान था।”

ये भी पढ़ें –

कुछ भी पकाएं… मगर प्यार से

उन्नति की राहों में मुश्किलें बड़ी

अपूर्वी ने जीता गोल्ड स्वीडिश एयर-राइफल…

दीपा बनीं पहली इंडियन जिमनास्ट,…