rajkummar rao on success

Rajkummar Rao on Success: बॉलीवुड में जब नाम और शोहरत की चर्चा होती है, तो अक्सर हम चमक-दमक की बात करते हैं। लेकिन कुछ कलाकार ऐसे होते हैं जो उस चमक के पीछे की मेहनत, संघर्ष और मानवीय भावनाओं को भी उसी ईमानदारी से बयान करते हैं जैसा कि राजकुमार राव ने हाल ही की एक प्रेस मीट में किया।

साथ थीं अभिनेत्री वामिका गब्बी, जो आज के दौर की नई और सशक्त महिला कलाकारों में से एक हैं। दोनों अपने 9 मई को रिलीज़ होने वाली फिल्म ‘भूल चूक माफ’ के प्रमोशन के सिलसिले में इंदौर की मीडिया से रूबरू हुए।

बातचीत के दौरान जब राजकुमार राव से पूछा गया कि “आपने शून्य से शुरू किया और आज जिस मुकाम पर हैं, तो आपके लिए सफलता की परिभाषा क्या है?”

उनका जवाब दिल को छूने वाला था, “मैं और वामिका कल ही इसी विषय पर बात कर रहे थे। आपने बिल्कुल सही कहा सफलता की डेफिनेशन बदलती रहती है। जब मैं इस इंडस्ट्री में आया, किसी को नहीं जानता था… मिडिल क्लास फैमिली से था तब सिर्फ डेब्यू मिलना ही सफलता थी। वो पहला ब्रेक… मिल गया, तो लगा अब दूसरी फिल्म मिल जाए, वो होगी सक्सेस। फिर लगा होर्डिंग पर चेहरा आ जाए, लोग पहचानें… वो हो गया, तो सोचा अब एक बड़ी हिट मिल जाए, तब सक्सेसफुल फील होगा।”

उन्होंने आगे मुस्कुराते हुए कहा, “अब सफलता की डिफेनेशन के बारे में सोचता हूं, तो लगता है… अपनों के बीच घिरे रहना ही सफलता है। अब रात को सुकून से सो पाएं बस वही सफलता है। मेरे लिए अब चैन की नींद सबसे बड़ी सक्सेस है।”

वहीं वामिका गब्बी ने अपनी भूमिका को लेकर बताया कि इस फिल्म में उनका किरदार ‘तितली’ नाम की एक बबली और ज़िंदादिल लड़की का है।

वे कहती हैं, “रियल लाइफ में मैं थोड़ी अलग हूं ज्यादा शांत और सोचने-समझने वाली। लेकिन ‘तितली’ जैसी बबली लड़की का किरदार निभाना मजेदार था। मुझे अपने अंदर का एक नया रूप देखने और जीने का मौका मिला।”

सेट के अनुभव को लेकर भी वामिका ने खास बातें साझा कीं और कहा, “सेट पर माहौल बहुत फैमिली जैसा था। सभी ने खुले दिल से मुझे स्वीकार किया। इतना कंफर्ट हर फिल्म में नहीं मिलता और यही चीज एक एक्टर के परफॉर्मेंस को बेहतर बना देती है।”

कहानी रंजन (राजकुमार राव) की है, जो प्रेम में डूबा है और सरकारी नौकरी पाने के लिए प्रयासरत है, ताकि वह अपनी प्रेमिका तितली (वामिका गब्बी) से शादी कर सके। जब वह नौकरी पा लेता है, तो शादी की तैयारियां शुरू होती हैं। हालांकि, एक अजीब मोड़ आता है जब रंजन एक टाइम लूप में फंस जाता है, जहाँ हर दिन उसकी हल्दी की रस्म ही दोहराई जाती है और शादी का दिन कभी नहीं आता। अब रंजन को यह समझना होगा कि इस लूप से बाहर कैसे निकला जाए और अपनी शादी को कैसे पूरा किया जाए। फिल्म 9 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है।

फिल्म का गाना “सांवरिया तेरा” गाना अब एक संगीत एंथम बन चुका है, जिसे हर किसी के दिल में एक खास जगह मिल चुकी है। फिल्म ‘भूल चूक माफ’ का यह ट्रैक न केवल अपनी खूबसूरत धुन और रोमांटिक बोलों से, बल्कि इसके आकर्षक संगीत से भी सुर्खियों में है। यह गाना अब हर पार्टी और इवेंट का हिस्सा बन चुका है और इसके नोट्स अब सभी के दिलों में गूंज रहे हैं।

सोनल शर्मा एक अनुभवी कंटेंट राइटर और पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया, प्रिंट और पीआर में 20 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने दैनिक भास्कर, पत्रिका, नईदुनिया-जागरण, टाइम्स ऑफ इंडिया और द हितवाद जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम किया...