Summary: मनीज देसाई ने की हेमा मालिनी की तारीफ, कहा अलग से प्रार्थना सभा करना सही रहा
धर्मेंद्र की याद में दो अलग-अलग प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया, जिनमें से एक सनी और बॉबी देओल ने ताज लैंड्स एंड में रखी, जबकि हेमा मालिनी ने धर्मेन्द्र के मुंबई वाले घर पर निजी प्रार्थना सभा आयोजित की। थिएटर मालिक मनोज देसाई ने हेमा मालिनी के इस फैसले को समझदारी भरा निर्णय माना।
Manoj Desai on Hema Malini: हिंदी सिनेमा के लीजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र के निधन की खबर ने पूरे देश को गहरे शोक में डुबो दिया। धर्मेंद्र के निधन के बाद परिवार ने उनकी अंतिम रस्में बेहद निजी तौर पर संपन्न कीं। धर्मेंद्र की पहली पत्नी और उनके बेटे सनी देओल व बॉबी देओल ने ताज लैंड्स एंड होटल में एक प्रार्थना सभा रखी, जबकि उनकी दूसरी पत्नी और एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने उनके मुंबई स्थित आवास पर अलग से प्रार्थना सभा का आयोजन किया। अब एक इंटरव्यू में थिएटर मालिक मनोज देसाई ने हेमा मालिनी की तारीफ करते हुए कहा कि अच्छा हुआ कि उन्होंने अलग से प्रार्थना सभा का आयोजन किया।
हेमा मालिनी के अलग से प्रार्थना सभा आयोजित करने पर मनोज देसाई
धर्मेन्द्र के निधन के बाद उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर और बेटे सनी एवं बॉबी देओल ने ताज लैंड्स एंड होटल में प्रार्थना सभा का आयोजन किया। लेकिन इस प्रार्थना सभा में उनकी दूसरी पत्नी हेमा मालिनी शामिल नहीं हिन। हेमा मालिनी ने उनके लिए अलग से प्रार्थना सभा का आयोजन उनके मुंबई वाले घर में रखा। इसी विषय पर थिएटर मालिक और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मनोज देसाई ने वरिष्ठ पत्रकार विक्की लालवानी से बातचीत में कहा कि उन्हें इस बात पर बिल्कुल भी हैरानी नहीं हुई कि हेमा मालिनी ताज लैंड्स एंड की प्रार्थना सभा में शामिल नहीं हुईं।
क्या कहा मनोज देसाई ने?
मनोज देसाई के अनुसार, हेमा मालिनी ने किसी भी तरह के विवाद या असहज स्थिति से बचने के लिए पहले ही अलग प्रार्थना सभा आयोजित कर एक समझदारी भरा कदम उठाया। उन्होंने कहा, “हेमा जी और धर्मेंद्र जी के बीच बेहद करीबी रिश्ता था। लेकिन अगर वहां किसी ने कुछ भी गलत कह दिया होता, तो माहौल बिगड़ सकता था। इससे धर्मेंद्र जी की आत्मा को शांति मिलने के बजाय विवाद खड़ा हो जाता। ऐसे में हेमा जी का अलग से प्रार्थना सभा करना सही फैसला था।”
ताज लैंड्स एंड में आयोजित प्रार्थना सभा
ताज लैंड्स एंड में आयोजित प्रार्थना सभा में उमड़ी भीड़ को याद करते हुए मनोज देसाई इमोशनल हो गए। उन्होंने बताया कि वहां इतनी भीड़ थी कि उनकी गाड़ी करीब 86वें नंबर पर खड़ी थी। भजन और कीर्तन के साथ माहौल बेहद इमोशनल था। उन्होंने बताया, “मैंने सनी देओल से मुलाकात की और उनसे कहा कि बहुत लोग आ रहे हैं, इसलिए मैं सामने वाले गेट से निकल जाऊंगा। मुझे अपनी गाड़ी का इंतजार करते हुए करीब 45 मिनट बाहर खड़ा रहना पड़ा, क्योंकि इतनी ज्यादा भीड़ थी।”
मनोज देसाई ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में राजेश खन्ना और यश चोपड़ा जैसे लोगों की प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया है। लेकिन धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा जैसी भीड़ और इमोशनल माहौल उन्होंने पहले कभी नहीं देखा।
धर्मेंद्र की मृत्यु
गौरतलब है कि धर्मेंद्र को बीमारी की वजह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार के बावजूद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और 24 नवंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। उसी दिन उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और सलमान खान सहित कई बड़े एक्टर्स शामिल हुए।

