Summary : 1995 में सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन की डील ने जैकी को बचाया
फिल्म बूम की असफलता से दिवालिया होने की नौबत आई, लेकिन सोनी में किया निवेश 1 लाख से 100 करोड़ तक का मुनाफा जैकी और आयशा के लिए सहारा बन गया।
Jackie and Aisha Financial Story: बॉलीवुड की दुनिया बेहद अनिश्चित मानी जाती है। यहां इंसान कभी ऊंचाइयों पर होता है, तो कभी अचानक सबकुछ हाथ से निकल जाता है। मशहूर एक्टर जैकी श्रॉफ और उनकी पत्नी आयशा श्रॉफ के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। एक वक्त था जब वो आर्थिक संकट के बिल्कुल करीब थे, लेकिन सही समय पर लिया गया एक फैसला उनकी किस्मत बदल गया। हाल खराब हुए थे एक फिल्म के फ्लॉप होने से और बचाया एक चैनल के निवेश ने।
आयशा-जैकी ने थामा सोनी का हाथ
एक इंटरव्यू में आयशा ने बताया कि जिस वक्त उनकी जिंदगी में पैसों की तंगी आने वाली थी, उससे पहले ही उन्होंने और जैकी ने एक समझदारी भरा निवेश कर लिया था। साल 1995 में जब भारत में सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन लॉन्च हुआ, तब उन्होंने इसमें निवेश किया। आयशा ने इस अनुभव को “शानदार” बताया। उन्होंने कहा कि उस टीम में तरह-तरह के लोग थे, जैकी अपने स्टारडम के साथ आए, वहीं बैंकिंग, टेलीविजन और कंप्यूटर के एक्सपर्ट्स भी जुड़े।
डील कैसे पक्की हुई?
आयशा श्रॉफ ने बताया कि सोनी के साथ उनका सौदा तब पक्का हुआ जब उन्होंने इंटरनेशनल टीम के लिए एक भव्य पार्टी रखी। उस पार्टी में बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारे पहुंचे। शुरुआत में सोनी के अधिकारी हिचकिचा रहे थे, क्योंकि उनके बिजनेस टाई-अप बहुत बड़े स्तर पर थे। लेकिन पार्टी और वहां का माहौल देखकर वो प्रभावित हुए और आखिरकार रात खत्म होते-होते उन्होंने डील पर साइन कर दिया। आयशा ने कहा कि यह निवेश सिर्फ कागजी काम पर नहीं, बल्कि लोगों पर भरोसे से हुआ था। यही उनकी सबसे अच्छी और फायदेमंद डील साबित हुई। बाद में उन्होंने व्यक्तिगत फैसले और ग्रुप क्लॉज की वजह से इस निवेश से बाहर निकलना चुना।
मुनाफे का पैमाना क्या रहा?
आयशा ने बताया कि जिस तरह से उनका निवेश बढ़ा, वो उम्मीद से कहीं ज्यादा था। उन्होंने कहा, “अगर उस डील को देखें तो यह ऐसा था जैसे 1 लाख रुपए 100 करोड़ में बदल गए हों और सच कहूं तो, मैं शायद रहती भी नहीं, भले ही मेरे पार्टनर्स रुकना चाहते। क्योंकि वो छोड़ने का सही समय था।”
दिवालिया होने से बचने की कहानी
जानकारी के लिए बता दें कि साल 2002 में जैकी और आयशा ने फिल्म बूम बनाई थी। इसमें अमिताभ बच्चन समेत बड़े सितारे थे, लेकिन फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई। इस वजह से दोनों को दिवालिया होने की स्थिति तक पहुंचना पड़ा। हालांकि, सोनी में उनका पुराना निवेश ही उनके लिए जीवनदायी साबित हुआ और इसने उन्हें आर्थिक संकट से बाहर निकाला।

जैकी अभी भी काम कर रहे और बेटा भी फिल्मों में
जैकी और आयशा श्रॉफ की कहानी इस बात की मिसाल है कि सही समय पर लिया गया फैसला और समझदारी से किया गया निवेश, जिंदगी की सबसे मुश्किल घड़ी में भी सहारा बन सकता है। जैकी अभी भी वेब सीरीज में देखे जा रहे हैं और टाइगर का फिल्मी करियर भी बढ़िया चल रहा है। आयशा बिजनेस संभालती हैं। बेटी कृष्णा के भी अपने प्रोजेक्ट्स हैं। कुलमिलाकर परिवार ने उस बुरे वक्त को अच्छे से पार कर लिया है।
