आपकी इस फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ की खासियत क्या है?

वीरे दी वेडिंग एक अलग किस्म की फ़िल्म है। इसमें किसी समय पर बेस्ट फ्रेंड रही चार फ्रेंड्ज़ लंबे अर्से के बाद एक शादी में मिलती हैं और पुरानी यादें ताज़ा हो उठती हैं। अब वे सभी काफी बदल गई हैं। एक तरह से यह हम सब का ही रीयून्यन है। जब हम यंग होते हैं, बीस-इक्कीस साल की उम्र होती है, तब हमारी सोच अलग होती है, लेकिन तीस साल की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते हमें सही-गलत की समझ आ जाती है। सबसे खास बात ये है कि फिल्म में कॉमडी भी है और मस्ती भी है। नया एंगल ये है कि मस्ती करने का हक सिर्फ मर्दों को ही नहीं है, औरतें भी अगर चाहें तो अपनी लाइफ पूरी तरह से इंज्वॉय कर सकती हैं।

क्या आपने रियल लाइफ में भी कभी ऐसी ही  कोई मैरिज अटैंड की है, जिसकी कोई खास याद अब तक ताज़ा हो?

अपने घर की शादियों में तो हम सभी एंज्वॉय करते ही हैं। हां, मेरी किसी फ्रेंड की शादी में तो अब तक ऐसा कुछ फिल्मी स्टाइल वाला सीन नहीं हुआ है।

इंडियन वेडिंग के बारे में आपके क्या ख्याल हैं?

इंडियन वेडिंग तो बहुत ही लैविश होती हैं। हमारे यहां की शादियां ज़्यादातर तीन-चार दिन तक चलती हैं। संगीत, मेहंदी, शादी, रिसेप्शन सभी कुछ होता है। शादियों में सब रिश्तेदार-फ्रेंड्स मिलते हैं और वही लोग एंज्वॉय करते हैं, लेकिन जो होस्ट होता है या पेरेंट्स होते हैं, वे तो पूरे टाइम सिर्फ अरेंजमेंट में बिज़ी रहते हैं। खर्च भी बहुत सारा होता है। इन फैक्ट्स पर भी हमारी फिल्म में एक बहुत बड़ा सा डायलॉग है।

इस फिल्म में चार हीरोइंस ने एक साथ शूट किया है। सेट पर किस तरह का माहौल रहता था?

ओह, हम सब ने बहुत एंज्वॉय किया। खूब मस्ती की। स्वरा तो पहले से मेरी फ्रेंड है, करीना और शिखा के साथ भी बहुत मज़ा आया। पता ही नहीं चला कि फिल्म कब कम्पलीट हो गई।

 

जब आप किसी शादी में जाती हैं तो किस तरह की तैयारी करती हैं?

नहीं, कुछ भी खास नहीं। जैसा सभी करते हैं, वैसी ही मेरी भी तैयारी होती है। आपकी फैमिली में सभी क्रिएटिव लोग हैं। जब सब एक साथ होते हैं तो कैसा माहौल होता है? हम सब अपने-अपने काम में बिज़ी रहते हैं। सभी का डिफरेंट शेड्यूल होता है, लेकिन जब सब मिलते हैं तो एक नॉर्मल फैमिली की तरह ही बातचीत होती है, मस्ती होती है। फिल्म, एक्टिंग, शूटिंग की बात कम ही होती है। सब मिलकर खाना एंज्वॉय करते हैं। कोई किसी को एडवाइस नहीं देता। सभी बहुत ही प्रोग्रेसिव विचारों के लोग हैं। हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

आपका बचपन किस तरह से गुजऱा?

मैंने मुंबई के आर्य विद्या मंदिर से स्कूलिंग की है। बचपन में मैं बहुत नॉटी और लड़कों  को परेशान करने वाली टाइप की लड़की थी। सभी मुझ से डरते थे। फिर मैं अपनी आगे की पढ़ाई के लिए सिंगापोर चली गई। मुझे भी अपनी टीन ऐज में वे सभी प्रॉब्लम्ज़ हुईं, जो अमूमन ज़्यादातर लड़कियों के साथ होती है, जैसे- एक्ट्रा वेट, बेड स्किन, हेयर फॉल वगैरह, लेकिन समय रहते मैंने अपनी लाइफ स्टाइल को चेंज किया। फिर मैंने संजय लीला भंसाली सर के साथ ब्लैक फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर का काम किया। उसके बाद मुझे बतौर एक्ट्रेस सांवरिया फिल्म मिली।

फिटनेस की बात करें तो आप इसके लिए क्या करती हैं?

मैं रोज़ एक्सरसाइज़ करती हूं, जिसमें योग, वॉकिंग और जिम शामिल हैं। मुझे फिट रहना पसंद है। बॉडी में हैवीनेस महसूस हो, ये पसंद नहीं है। जब आप फिट रहते हैं तो सब-कुछ अच्छा लगता है।

खाने में क्या पसंद है?

मैं वेजिटेरीयन हूं तो खाने में चॉइस कम मिलती है। खासकर अपने देश से बाहर जाने पर, यानी ओवर सीज़ के दौरान बहुत प्रॉब्लम्स होती हैं। मुझे ब्रेकफास्ट में इडली या पोहा खाना पसंद है। लंच में दाल-रोटी और डिनर में सैलेड सूप लेती हूं। स्नैक्स में नैचो चिप्स और मखाने या फिर बिस्किट, बस यही सब खाती हूं।

ट्रैवलिंग का कितना शौक है?

ओह, घूमना तो मुझे बहुत-बहुत अच्छा लगता है। जब भी काम से छुट्टी मिलती है तो मैं बैग पैक करके निकल जाती हूं। फिर चाहे ओवर सीज़ जाऊं या इंडिया में ही कहीं। अब तक अपने देश में मुझे राजस्थान और केरल बहुत पसंद आए हैं। जब मेरा भाई हर्ष लद्दाख में शूट कर रहा था तो मैं दो दिन के लिए उसके पास गई थी। इतनी खूबसूरत जगह मैंने पहली बार देखी थी।

आप को फैशन और स्टाइल का दीवा कहा जाता है।

मुझे हमेशा से अच्छा दिखने का शौक रहा है। मैं और रिया मिलकर अपनी ड्रैसेज़ खुद डिज़ाइन करते हैं। अभी भी मैंने अपने लेवल की ड्रैस पहनी है। मेरा मानना है कि आपका स्टाइल आपके कंफर्ट से जुड़ा होता है, इसलिए जो आप पर सूट करे, वही पहनना चाहिए।

आपके ख्याल से फिल्म इंडस्ट्री में ग्लैमर्स दिखना कितना ज़रूरी है?

हम जिस इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं, यहां अच्छा दिखना, प्रेज़ेंटेबल दिखना ज़रूरी है, लेकिन मैं अपने फैंस से या टीनऐज लड़कियों से कहना चाहती हूं कि कभी किसी के कहे में मत आओ। कभी किसी से इतना इम्प्रेस मत हो कि आपकी अपनी ओरिजनल ब्यूटी और पहचान ही खत्म हो जाए। हम जो स्क्रीन पर दिखते हैं, उसके पीछे बहुत सारे लोगों की मेहनत होती है। हर लडक़ी सुंदर होती है। बस अपने-आप में कॉन्फिडेंस होना चाहिए।

अपने करियर ग्राफ को कैसे देखती हैं?

मैं खुश हूं कि मैंने अभी तक जो भी फिल्में की हैं, सभी में अलग किस्म का किरदार निभाया। सभी ने मेरे काम को सराहा और धीरे-धीरे मेरी एक्टिंग में भी इम्प्रूवमेंट हुआ। मैंने कुछ यादगार फिल्में भी कीं। नीरजा, पैडमैन जैसी फिल्मों को सभी ने पसंद किया। मैं अपने-आप को डायरेक्टर की एक्टर मानती हूं। जो मेरे डायरेक्टर मुझे कहते हैं, मैं वही करती हूं। हर सुबह उठ कर काम पर जाना चाहती हूं और अपना हंड्रेड पर्सेंट देती हूं।

जब मीडिया आपकी निजी जि़ंदगी में दखल देता है तो आपका रियेक्शन क्या होता है?

ये आज की बात नहीं है। हमेशा से मीडिया और सिलेब्रिटी का रिश्ता ऐसा ही रहा है। मीडिया का काम ही है न्यूज़ लाना। ये सिलेब्रिटी को डिसाइड करना चाहिए कि कहां एक लाइन ड्रॉ करनी है। मुझे अपनी निजी ज़िंदगी के बारे में बात करना पसंद नहीं है। फिर भी कई बार तो लगता है कि मुझ से ज़्यादा मेरे बारे में मीडिया को पता है।

किस बात को आप अपनी ख़ासियत या फिर कमज़ोरी मानती हैं?

मेरी स्ट्रेंथ मेरी एक्टिंग है। मैं एक क्रिएटिव पर्सन हूं। बहुत मेहनत कर सकती हूं। किसी भी काम को राइट टाइम पर पूरा करना चाहती हूं। मेरी वीकनेस ये है कि मैं बहुत ही इमोशनल इंसान हूं। अगर कोई भी मेरे बारे में गलत बोलता है या मुझे गलत समझता है तो मैं दिल से दुखी हो जाती हूं। उस बात को दिल से लगा लेती हूं। आप कह सकती हैं कि मैं बहुत ही थीन स्किन की, मतलब पतली चमड़ी वाली लडक़ी हूं, जैसा कि हिंदी में कुछ कहते हैं न मोटी चमड़ी वाला इंसान, जिस पर किसी बात का असर न पड़े, उसी का उल्टा। मैं किसी भी बात को जल्दी भुला नहीं पाती।

गृहलक्ष्मी के रीडर्स के लिए कोई मैसिज देना चाहेंगी?

सबसे पहले तो गृहलक्ष्मी के सभी रीडर्स को मेरी तरफ से बेस्ट विशेज़। हमेशा खुश रहें, हेल्दी रहें। सभी महिलाओं से मेरा कहना है कि काम करें, इंडिपेंडेंट बनें, अपने अधिकार को पहचान कर उसके बारे में बात करें और अपनी सेफ्टी का हमेशा पूरा ध्यान रखें। 

ये भी पढ़ें-

फैशन दिवा सोनम कपूर का नया अल्टीमेट डैनिम पेंट साड़ी लुक

पेरिस फैशन वीक में सोनम कपूर का व्हाइट ब्राइल लुक

आखिर किस को दिल दे बैठी हैं सोनम कपूर

आप हमें फेसबुकट्विटरगूगल प्लस और यू ट्यूब चैनल पर भी फॉलो कर सकती हैं।